SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सपा से नाराजगी, अब बसपा से यारी? अगर कांग्रेस को मिला मायावती का साथ तो यूपी चुनाव में कितना बदलेगा गेम?

सपा के साथ तनातनी के बीच इमरान मसूद ने कांग्रेस और बसपा के बीच गठबंधन की संभावनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनके बयान ने बसपा-कांग्रेस गठबंधन के लिए रास्ता खोल दिया है. इससे किसे और कितना नुकसान होगा, देखिए बीजेपी नेता धर्मवीर चौधरी ने क्या कहा?

Written By K. Raj Mishra
Published: Nov 26, 2026, 12:20 IST | Updated: Nov 26, 2026, 13:11 IST
Image Credit: यूपी के ताजा समीकरणों पर बीजेपी नेता धर्मवीर चौधरी का इंटरव्यू (Photo- Zee Media)
Join

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इंडिया ब्लॉक में एक तरफ जहां सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तैयार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर अपने प्रत्याशी भी उतार दिए हैं. इससे कांग्रेस पार्टी भड़क गई है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह से गठबंधन नहीं हो सकता है. सपा के साथ तनातनी के बीच इमरान मसूद ने कांग्रेस और बसपा के बीच गठबंधन की संभावनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जो धर्मनिरपेक्षता का परचम बुलंद रखना चाहते हैं, ऐसी विचारधारा के सभी लोगों को एक साथ आना चाहिए. इमरान मसूद ने बहनजी (मायावती) को इसके लिए पहल करने की सलाह दी. उनके इस बयान ने बसपा-कांग्रेस गठबंधन के लिए रास्ता खोल दिया है. 

क्या बसपा का कांग्रेस से गठबंधन हो सकता है?

राजनीति में कुछ असंभव नहीं होता है. प्रदेश की जनता दो बार बसपा और सपा का गठबंधन भी देख चुकी है. कांग्रेस के साथ भी बसपा का गठबंधन हो चुका है. 1996 के विधानसभा चुनाव में दोनों दल मिलकर लड़े थे. उस चुनाव में बसपा ने कुल 296 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे और 67 सीटों पर जीत हासिल की थी. वहीं, कांग्रेस ने 126 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 33 सीटें हासिल की थीं. इस चुनाव में बसपा को करीब 20 फीसदी और कांग्रेस को करीब 8.35% वोट शेयर हासिल हुआ था. बहुमत से दूर रहने पर कांशीराम ने कांग्रेस का साथ छोड़कर बीजेपी से हाथ मिला लिया था. 6-6 महीने मुख्यमंत्री के फॉर्मूले पर मायावती मुख्यमंत्री बनीं. मार्च से सितंबर 1997 तक मायावती ने अपना 6 महीने का कार्यकाल पूरा किया और जब बीजेपी को सत्ता सौंपने की बारी आई, तो मायावती ने गठबंधन तोड़ लिया था.

सपा-बसपा का गठबंधन भी हो चुका है

पहली बार 1993 के विधानसभा चुनाव में बसपा और सपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था. उस वक्त बसपा की कमान कांशीराम के हाथों में थी और सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव यादव हुआ करते थे. इस ऐतिहासिक गठबंधन में 'मिले मुलायम-कांशीराम, हवा में उड़ गए जय श्री राम' का नारा दिया गय था. बाबरी विध्वंस के बाद हुए इस चुनाव में 177 सीटों के साथ बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत से दूर रह गई थी. वहीं, सपा को 109 सीटें, बसपा को 67 सीटें, कांग्रेस को 28, जनता दल को 27 और अन्य को 14 सीटें मिली थीं.

त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में कांग्रेस और वामदलों के बाहरी समर्थन से सपा-बसपा ने सरकार बनाई थी और मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री बने थे. हालांकि, 1995 तक आते-आते दोनों दलों के रिश्तों में खटास आ गई थी. 2 जून 1995 को हुए 'गेस्ट हाउस कांड' के बाद गठबंधन टूट गया था. इस घटना के अगले ही दिन बीजेपी के समर्थन से बसपा की सरकार बनी और मायावती को मुख्यमंत्री बनाया गया था. इस तरह से वह उत्तर प्रदेश की पहली दलित महिला मुख्यमंत्री बनी थीं. इस घटना के 24 साल बाद (2019 के लोकसभा चुनाव में) दोनों दल फिर से एक साथ आए थे और मायावती-मुलायम सिंह यादव एक ही मंच पर नजर आए थे. हालांकि, यह गठबंधन भी बीजेपी को टक्कर नहीं दे सका था. बीजेपी के नेतृत्व में NDA ने राज्य की 80 में से 64 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं, बसपा को 10 और सपा को 5 सीटों पर कामयाबी मिली थी. चुनाव नतीजों के तुरंत बाद मायावती ने गठबंधन समाप्त करने का ऐलान कर दिया था.

बीजेपी के लिए कितनी बड़ी चुनौती होगी?

बीजेपी नेता धर्मवीर चौधरी ने इन संभावनाओं को सिरे से नकार दिया है. लंबे समय तक बहनजी के साथ काम कर चुके धर्मवीर चौधरी के मुताबिक, कांग्रेस सांसद की ओर से सपा पर प्रेशर बनाने के लिए इस तरह का बयान दिया जा रहा है. देखिए टेलीफोन पर ज़ी न्यूज से की गई बातचीत उन्होंने क्या कुछ कहा?

सवाल- 1: बसपा से गठबंधन को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान को आप कैसे देखते हैं?

जवाब- देखिए, इस समय देश के 22 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में काबिज है. जनहित और देशहित के कार्यों के कारण ही हमारी तीसरी बार की सरकारें भी रिपीट हो रही हैं. हरियाणा में आपने देखा और अन्य राज्यों में भी हम दूसरी बार सरकारों में आ रहे हैं. उत्तर प्रदेश में भी हम तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं है. रही बात कांग्रेस-सपा गठबंधन को लेकर, तो हमारे ब्रज में एक कहावत है "तोकू ठौर न मोकू और न"... मतलब तुम्हें कोई दूसरी जगह नहीं, मेरे लिए कोई और नहीं. चूंकि समाजवादी पार्टी का दोहरा चरित्र है. इन्होंने समय-समय पर सभी लोगों को धोखा देने का काम किया है. जैसे वीपी सिंह को माननीय मुलायम सिंह यादव जी ने धोखा दिया था और सरकार गिरा दी थी. जनता दल को तोड़ करके अपनी पार्टी बना ली थी. उसी तरह से अखिलेश यादव ने बीएसपी की पीठ पर वार किया, बहन जी को धोखा दिया. लोकदल, सुभासपा को भी को धोखा दिया. या अन्य जितने भी दल हैं, सबको धोखा दिया है.

इनके दोहरे चरित्र के कारण ही कांग्रेस भी पिछली बार अलग होकर लड़ी थी. ऐसे ही कांग्रेस का भी दोहरा चरित्र है. ये मुसलमान वोटों की बंदरबांट करना चाहते हैं. इमरान मसूद का बयान भी इसके लिए ही आया. ये बेमेल गठबंधन हैं. इससे बीजेपी पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है. इनकी कलई खुल चुकी है, आपस में जूतम-पैजार हो रही है. अखिलेश पीडीए (PDA) की बात कर रहे हैं. कभी वो पीडीए में कहते हैं कि ये पंडित हैं, कभी कहते हैं ये पिछड़े हैं, कभी कुछ कहते हैं, कभी कुछ कहते हैं. जब से ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन हुआ है, इन लोगों के पेट में दर्द हो गया है. ये आनन-फानन में एक दूसरे को नीचा दिखाने के लिए इस तरीके के स्टेटमेंट दे रहे हैं. जिस तरह की बयानबाजी मची है, उससे देखना, इनके बीच गठबंधन नहीं हो सकता है.

सवाल- 2: कांग्रेस और बसपा में गठबंधन होने की आप कितनी संभावना देखते हैं, क्योंकि आपने बहुत दिनों तक मायावतीजी की रणनीति को करीब से देखा है.

जवाब- बिल्कुल, हमने बहनजी के साथ लंबे समय तक काम किया है. मैं उनके नेचर को भी भलीभांति जानता हूं. उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है. अगर उन्होंने कहा है कि हम अकेले लड़ेंगे, तो फिर वह अकेले ही लड़ेंगी. बहन जी इस देश की एक बड़ी नेता हैं. उन्हें कांग्रेस या इमरान मसूद की जरूरत नहीं है. इमरान मसूद का यह बयान तो समाजवादी पार्टी को थोड़ा-सा डिमोरलाइज करने के लिए है. उन्होंने बीएसपी का नाम लिया है. बहन जी के सामने इमरान मसूद की कोई हैसियत नहीं है. अभी थोड़े दिन पहले ही कांग्रेस के दो बड़े नेता (राजेंद्र पाल गौतम और तनुज पुनिया) बहन जी के दरवाजे पर गए थे. वहां दरवाजे भी नहीं खुले थे, तो इमरान मसूद की तो बात छोड़ दीजिए. इनसे बड़े नेताओं के लिए बहन जी ने दरवाजा नहीं खोला था. इमरान मसूद तो खाली सपा को चकमा देने के लिए बहन जी का नाम ले रहे हैं. उनके इस वक्तव्य में कोई मजबूती नहीं है.

सवाल- 3: जिस तरह की संभावनाएं बन रही हैं, अगर ये गठबंधन हो जाता है, तो इससे बीजेपी को कितना नुकसान हो सकता है?

जवाब- देखिए, बीजेपी को कोई नुकसान होने वाला नहीं है. हम लोग तो अपने जनहित के कार्यों से, सुशासन से, लॉ एंड ऑर्डर के कामों से तीसरी बार उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने जा रहे हैं. जिस तरीके से उत्तर प्रदेश में शासन चल रहा है, उससे लोग खुश हैं. आज उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, माफियाओं का अंत हो गया है. माननीय मुख्यमंत्री जी ने कह रखा है कि माफिया प्रदेश में रह नहीं सकता. वे लोग या जेल जाएंगे या जहन्नुम में जाएंगे. तो हम लोगों पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है. आप कांग्रेस का वोट परसेंट देख लीजिए. पिछले चार चुनावों में उन्हें कितना वोट मिला है? उससे क्या हो जाएगा? इस जीत में जब तक जिस पार्टी के पास में 40% वोट नहीं होगा, वो सत्ता पर नहीं आ सकती. कांग्रेस के पास बमुश्किल से पौने दो परसेंट वोट है. पिछले चुनाव में बसपा भी 12 फीसदी के करीब ही वोट पाई थी. बसपा का वोट बैंक इनको कैसे मिल जाएगा? बसपा इंडिविजुअली पार्टी है, तो वह अपने लिए वोट मांगेगी, अपने वोट परसेंट को बढ़ाएगी, अपने कैंडिडेट जुटाएगी या इनके लिए वोट मांगेगी? तो अगर इनका गठबंधन हो भी जाएगा, तो भी हम लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी.

सवाल- 4: मौजूदा दौर में मायावती या चंद्रशेखर आजाद, इनमें से आप किसे ज्यादा बड़ा नेता के रूप देखते हैं?

जवाब- बहन जी के आगे चंद्रशेखर तो अभी बच्चा है. उनके आगे चंद्रशेखर की तो हैसियत कुछ नहीं है. यह ठीक है कि भाई चंद्रशेखर वर्तमान में लोकसभा के सांसद हैं, लेकिन अभी उनको बहुत संघर्ष करना है. अभी तो उनकी शुरुआत है. बहन जी चार बार इस प्रदेश की मुख्यमंत्री रही हैं. बहुजन समाज पार्टी एक नेशनल पार्टी है. चंद्रशेखर ने तो अभी राजनीति में शुरुआत की है. वह पहली बार लोकसभा जीते हैं. उन्हें अभी तो बहुत कुछ सीखना है. वह कांशीराम जी को अपना आदर्श मानते हैं, तो पहले उनके आचरण को अपने अंदर धारण करें और फिर आगे बढ़ें. उनकी बहन जी से कोई समानता ही नहीं है.

सवाल- 5: अगर आपको भविष्य में बहन जी के सपोर्ट की जरूरत पड़ी तो आप लेंगे?

जवाब- नहीं, हमें किसी के सपोर्ट की जरूरत नहीं है. हम लोग स्पष्ट बहुमत से सरकार में आएंगे, तो सपोर्ट की जरूरत कहां रह गई? माननीय प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व को जनता ने स्वीकार किया हुआ है. हम लोग विजय रथ की तरफ जा रहे हैं. हमें तीसरी बार जनता का अपार समर्थन मिल रहा है. इससे सपा और कांग्रेस के लोग घबराए हुए हैं. अब इन लोगों को राम याद आ रहे हैं, कृष्ण याद आ रहे हैं. अब यह राम मंदिर भी जाने वाले हैं. लेकिन जनता भूली नहीं है कि अयोध्या में गोली किसने चलवाई थी? क्या राम भक्त भूल जाएंगे इस चीज को? नहीं भूलेंगे. ये तो कहते थे कि जो है आप तारीख बताइए राम मंदिर की. अब राम मंदिर भव्य बन गया. रामलला विराजमान हो गए. कांग्रेस के समय में तिरपाल में रहते थे. समाजवादी पार्टी की सरकार ने मुसलमानों को भी छला है. गरीब मुसलमान टाट में रहते थे और ये सैफई में कैटरीना कैफ को नचवाते थे. प्रदेश की जनता ये बातें भूल थोड़ी जाएगी.

ये भी पढ़ें- Exclusive Interview: वह हमारे बड़े भाई, मिलकर लड़ेंगे चुनाव.. बेहट में इमरान मसूद से टकराव पर क्या बोले उमर अली खान?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES