ZEE SPECIAL: अकाली-BJP गठबंधन ने मुकाबला त्रिकोणीय कर दिया? पंजाब के बदलते समीकरणों पर क्या बोले एक्सपर्ट
पंजाब की राजनीति में एक बार फिर पुराने सियासी समीकरण जीवित हो उठे हैं. अतीत के कड़वे अनुभवों से सबक लेते हुए बीजेपी और अकाली दल फिर से साथ आ गए हैं. अब सवाल यह है कि क्या यह पुरानी जोड़ी आज के बदले हुए राजनीतिक परिदृश्य में अपना वही पुराना रुतबा हासिल कर पाएगी?
पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल शुरू हो गई है. प्रदेश में एक बार फिर से बीजेपी और अकाली दल की दोस्ती हो गई है. मंगलवार (24 नवंबर) को दोनों दलों के शीर्ष नेताओं ने एक साथ मिलकर गठबंधन का ऐलान किया और आगामी विधानसभा चुनाव साथ में मिलकर लड़ने की घोषणा की. बता दें कि दोनों दल पहले भी मिलकर चुनाव लड़ते रहे हैं और कई बार सरकार बना चुके हैं, लेकिन साल 2022 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर करीब 2 दशक पुरानी दोस्ती टूट गई थी. लिहाजा, 2022 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को जबरदस्त जीत हासिल हुई थी और कांग्रेस को विपक्ष की भूमिका मिली थी. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी-अकाली दल को अलग-अलग चुनाव लड़ने का बड़ा खामियाजा उठाना पड़ा था. इन अनुभवों को देखते हुए दोनों पुराने साथी फिर से साथ आ गए हैं. हालांकि, अब सवाल यह है कि क्या यह गठबंधन मौजूदा परिस्थितियों में अपना पुराना रुतबा हासिल कर पाएगा? इस गठबंधन से कांग्रेस या आम आदमी पार्टी में से किसे ज्यादा नुकसान होगा? इन तमाम सियासी सवालों को 'डेटा एक्शन लैब फॉर इमर्जिंग सोसाइटीज' के सह-संस्थापक और राजनीतिक विश्लेषक आशीष रंजन ने बड़े ही आसान और डाटा पर आधारित तथ्यों के साथ समझाया.
सवाल- 1: बीजेपी-अकाली दल के साथ आने से मुकाबला कितना दिलचस्प हो गया और आप या कांग्रेस को कैसे चुनौती मिलेगी?
जवाब- इसमें कोई शक नहीं है कि बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है. कंप्लीटली त्रिकोणीय कहने का मतलब है कि कमोबेश कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और NDA, यह तीनों 30 फीसदी के आस-पास वोट शेयर पर अपनी दावेदारी पेश करेंगे. 25 से 30 फीसदी ही सभी का अपना वोट प्रतिशत है. अब इसमें जो भी 35 फीसदी के आंकड़े को हैंडल कर लेगा या उसके आस-पास पहुंच जाएगा, वही बाजी मार लेगा. किसे सफलता मिलेगी, अभी से यह नहीं बताया जा सकता है. लेकिन 35 फीसदी के आस-पास की बाजी ही निर्णायक बन सकती है.
सवाल- 2: त्रिकोणीय मुकाबले के आसार क्यों नजर आ रहे हैं?
जवाब- जब भी चुनाव में तीन बड़े दल उतरते हैं, तो मुकाबले को त्रिकोणीय ही कहा जाता है. लेकिन इस बार कंप्लीटली त्रिकोणीय होने वाला है और इसमें 35% वोट शेयर ही विनिंग थ्रेशोल्ड हो सकता है. 35% क्यों जरूरी है? इसका भी कारण है. इससे पहले 2017 और 2022 के मुकाबलों को देखिए, ऑन पेपर वो भी त्रिकोणीय थे. लेकिन जो विनर है, उसको करीब-करीब 40% के आसपास वोट मिले हैं. पिछली बार तो आम आदमी पार्टी को 42% से ऊपर मिल गया था. वो इस बार मुश्किल है. मुझे लग रहा है कि इस बार विनिंग थ्रेशोल्ड (जीत की न्यूनतम सीमा) घटकर 35 के आसपास चला जाएगा. इस कारण से इस बार इन तीनों के बीच काफी क्लोज कंटेस्ट त्रिकोणीय होगा.
दूसरा इसका इम्पैक्ट एंटी-इनकंबेंसी वोट पर दिखेगा. पंजाब में 2012 को छोड़कर, अमूमन सत्ताधारी पार्टी वापसी नहीं कर पाती. पिछले 30-35 साल का इतिहास यही कहता है. हालांकि, 2012 में अकाली दल-बीजेपी की सरकार रिपीट हुई थी. इसका मतलब है कि एंटी-इनकंबेंसी वोट ठीक-ठाक मात्रा में पड़ता है. इस बार आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ जो एंटी-इनकंबेंसी वोट था, उसका अब थोड़ा सा डिवीजन होगा. पहले अकाली दल अकेले था, तो ज्यादा कमजोर नजर आ रही थी. इस लिहाज से जो सरकार से नाराज थे, एंटी-इनकंबेंसी वोट था, वह एकमुश्त कांग्रेस के पास पास जाने की संभावना थी. अब ये मामला थोड़ा खुल गया है. इस वोट शेयर का डिस्ट्रीब्यूशन होगा, तो विनिंग थ्रेशोल्ड भी कम होगा और कॉम्पिटिटिवनेस इतना बढ़ जाएगा कि कहना थोड़ा मुश्किल है कि किसके हाथ बाजी लगेगी. लेकिन जो 35% के आंकड़े के आसपास होल्ड करेगा, उसकी लॉटरी लगेगी.
सवाल- 3: मालवा क्षेत्र में आप की जबरदस्त पकड़ मानी जाती है, क्या अकाली-बीजेपी गठजोड़ सेंधमारी कर पाएगा?
जवाब- मालवा रीजन, आम आदमी पार्टी का एक मजबूत गढ़ रहा है और इनको मैसिव सपोर्ट यहीं से मिला था. इस रीजन में सबसे ज्यादा 69 के आसपास सीट भी हैं. पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी को यहां करीब 66 सीटें मिली थीं. बीते 5 वर्षों में यहां आम आदमी पार्टी की ताकत घटी है. 2024 के लोकसभा चुनाव यहां पर उनका परफॉर्मेंस गड़बड़ाया है. 2022 के विधानसभा चुनावों की तुलना में लोकसभा चुनाव में मालवा क्षेत्र में AAP के वोट शेयर में 20 प्रतिशत अंकों की गिरावट देखी गई, जबकि कांग्रेस ने 4.8 प्रतिशत अंकों की बढ़त दर्ज की थी. कांग्रेस की ताकत बढ़ने का कारण ही अकाली दल की कमजोर स्थिति थी. मालवा रीजन में ही बठिंडा वगैरह आते हैं, जो अकाली के गढ़ हैं, लेकिन स्थिति कमजोर होने से कांग्रेस को फायदा मिला था. बीजेपी से नेचुरल अलायंस होने का असर जरूर देखने को मिलेगा.
सवाल- 4: पंजाब में कांग्रेस की क्या पोजीशन है? अकाली-बीजेपी गठबंधन के पहले उसकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी?
जवाब- अभी तो फिलहाल न्यूज नहीं आ रही, लेकिन एक महीना पहले तक हर कुछ दिन बाद पंजाब कांग्रेस में इंटरनल फाइट की खबरें आ रही थीं. अब उन लोगों ने अगर सेटल कर लिया है, तब तो अच्छी बात है, तब तो मुकाबले में रहेंगे. अगर सेटल नहीं हुआ है, तो उनको भारी नुकसान उठाना पड़ेगा. 2022 में भी इन्हीं चीजों से उनको नुकसान हुआ था. आपस में ही खींचतान ने आम आदमी पार्टी के लिए रास्ता खोल दिया था. कांग्रेस की यह समस्या सिर्फ पंजाब की बात नहीं है, और भी राज्यों में यही स्थिति है. कहीं अपने नेता लड़ते रहते हैं, तो वहीं वह खुद अपने अलायंस पार्टनर से लड़ते रहते हैं. जैसे अभी यूपी में लड़ रहे हैं सपा के साथ. अब आप सिंपल सी बात देखिए कि जिस राज्य में उनकी सरकार नहीं है और सरकार बनाने की हैसियत भी नहीं है, वहां चुनाव के 6 महीना पहले इस बात के लिए उठापटक कर रहे हैं कि सीएम का कैंडिडेट कौन होगा? मतलब चुनाव जीते नहीं हैं, लेकिन सीएम बनने की पहली होड़. ये मेरा अपना पॉलिटिकल असेसमेंट है.
दूसरी चीज जो इस अलायंस के बनने से कांग्रेस को थोड़ा सा जो नुकसान देगा, वह है एंटी-इनकंबेंसी वोट बैंक. अगर यह अलायंस नहीं होता, तो एंटी-इनकंबेंसी वोट बैंक का एक ठीक-ठाक हिस्सा कांग्रेस को मिलता. यानी इस सरकार से या सरकार के कामकाज से नाखुश लोग, जिनके कांग्रेस की तरफ नेचुरली जाने की संभावना थी, अब उनको पाने के लिए पार्टी को मशक्कत करनी पड़ेगी. इसलिए मेरा अपना मानना है कि पंजाब का गेम अब ओपन हो गया है और ये तीनों में से किसी की तरफ भी जा सकता है. आज की डेट में यह नहीं कहा जा सकता है कि इसके चांसेस बहुत ज़्यादा हैं.
सवाल- 5: कांग्रेस की आंतरिक कलह क्या सत्ता विरोधी रुझान को अपने पाले में करने में कामयाब हो पाएगी?
जवाब- अगर कांग्रेस पार्टी पंजाब में अपनी इंटरनल फाइट को सेटल कराने में कामयाब रहती है, तो यह पार्टी की बड़ी कामयाबी होगी. अगर ऐसा नहीं होता, तो फिर पार्टी को बड़ी मुश्किल हो जाएगी. पहले भी जैसा कहा कि साल 2022 में कांग्रेस को विपक्ष से ज्यादा अपनी फाइट ने डैमेज किया था. अगर ऐसा ना होता, तो शायद आम आदमी पार्टी को इतनी बड़ी जीत नहीं मिलती. सत्ता विरोधी वोट मिलेंगे या नहीं, इसके लिए भी अब पहले से ज्यादा कड़ा मुकाबला हो गया, लेकिन इसके लिए भी इंटरनल फाइट को रोकना होगा.
ये भी पढ़ें- 2028 में कौन होगा कांग्रेस का CM चेहरा? डोटासरा ने खोले पत्ते, गहलोत से मुलाकात का भी बताया राज