बालेंद्र शाह को भारत आने में 8 महीने क्यों लग गए? 25 घंटे की यात्रा में मिली ऐसी बड़ी सौगातें, जिससे चीन का प्लान हो गया फेल
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने पद की शपथ लेने के 240 दिन बाद पहली विदेश यात्रा की. ये उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है.
नेपाल के प्रधानमंत्री ने अपने पहले विदेशी दौरे के लिए भारत को ही चुना. ये यात्रा उम्मीद से छोटी थी, लेकिन असर के लिहाज से बड़ी थी. सिर्फ 25 घंटे के लिए दिल्ली आकर नेपाल के पीएम ने कैसे चीन के काठमांडू प्लान को नाकाम कर दिया, ये आज आपको विस्तार से समझना चाहिए. आज आपको जानना चाहिए, भारत ने किस तरह मुश्किल दौर से गुजर रहे नेपाल की झोली भर दी? रोटी और बेटी के संबंध वाले देशों में किन मुद्दों पर सहमति बनी, कौन-कौन से बड़े समझौते हुए और कैसे मित्रता का नया अध्याय लिखा गया. ये हम आपको विस्तार से बताने वाले हैं. लेकिन सबसे पहले आपको उन उपहारों के बारे में जानना चाहिए, जो भारत ने नेपाल को दिए.
भारत ने नेपाल की झोलियां भर दी
आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मित्र देश के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये यानी डेढ़ बिलियन डॉलर से ज्यादा की मदद का ऐलान किया. नेपाल में इसी साल अगस्त में विनाशकारी बाढ़ आई थी. नेपाल इस बाढ़ से हुए नुकसान के बाद पुनर्निर्माण में भारत की मदद चाहता था. भारत की दी हुई मदद नेपाल को बाढ़ की तबाही से उबरने में काम आएगी. बालेन्द्र शाह के भारत दौरे का मुख्य फोकस दोनों देशों के बीच लोगों और ऊर्जा की कनेक्टिविटी को मजबूत करना था, जिससे भारत और नेपाल के बीच व्यापार और सहयोग को और मजबूत किया जा सके.
अब आपको उन परियोजनाओं के बारे में भी जानना चाहिए, जिसका प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह ने मिलकर लोकार्पण और शिलान्यास किया. प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने आज दिल्ली से बटन दबाकर सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन किया . ये ट्रेन भगवान राम की नगरी अयोध्या को माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को सीधे जोड़ेगी. इससे दोनों देशों के तीर्थयात्रियों को सहूलियत मिलेगी.
दोनों ने काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया. यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा. इस पुल के बनने से भारत और नेपाल की सीमा पर रहने वाले लोगों को करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
दोनों नेताओं ने मोतिहारी–अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन फेज-2 लोकार्पण किया गया. इस पाइपलाइन के ज़रिए भारत से नेपाल तक पेट्रोल-डीजल की सप्लाई और मज़बूत होगी. सड़क के रास्ते टैंकरों से तेल भेजने के मुकाबले इसमें समय और ढुलाई का खर्च दोनों की भारी बचत होगी.
नेपाल को कांडला और पाराद्वीप तक पहुंच देगा भारत
बनबसा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का शिलान्यास किया गया यह सीमा पर बनने वाला एक आधुनिक केंद्र होगा, जहां कस्टम, सुरक्षा जांच और कागज़ी कार्रवाई जैसी सभी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी. इससे सीमा पार व्यापार करने वाले ट्रकों और आम यात्रियों को लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा.
दोनों नेताओं ने लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का शिलान्यास किया गया यह पानी से बिजली बनाने वाला एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है. इसके तैयार होने से नेपाल में बिजली का उत्पादन बड़े पैमाने पर बढ़ेगा, इससे नेपाल की ज़रूरतें पूरी होंगी. इसके अलावा वह अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई भी कर सकेगा. भारत को भी हाइड्रोपावर का एक स्रोत मिल जाएगा.
भारत अब नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप पोर्ट तक पहुंच भी देगा, जिसका इस्तेमाल नेपाल तीसरे देश से व्यापार के लिए कर सकेगा. इन परियोजनाओं से भारत और नेपाल दोनों को फायदा होगा. नेपाल के युवा प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को अपने पहले भारत दौरे में जो सम्मान मिला, उसकी चर्चा भारत से लेकर नेपाल तक हो रही है.
आप में से भी जो लोग नेपाल गए होंगे, उन्होंने महसूस किया होगा कि नेपाल जाकर भारतीयों को ऐसा नहीं लगता कि वो किसी दूसरे देश में आए हैं. बालेंद्र शाह को भी भारत में जो सम्मान और अपनापन मिला, शायद वो भी ऐसा ही महसूस कर रहे हों. यह सिर्फ एक प्रधानमंत्री का स्वागत नहीं था, यह उस पड़ोसी का सम्मान भी था. जिसके साथ भारत ने सदियों की सभ्यता, संस्कृति और परंपराएं साझा की हैं. जहां भारत के बाद सबसे ज्यादा हिंदू रहते हैं.
नेपाल को अधिकारियों को भारत में मिलेगी ट्रेनिंग
यही वजह है कि भारत ने नेपाल के प्रधानमंत्री का सिर्फ स्वागत नहीं किया बल्कि उसके साथ कई समझौते भी किए. पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच करीब 100 मिनट तक बैठक हुई. जिसके बाद दोनों देशों ने 8 बड़े समझौतों पर साइन किए. आपको इन समझौतों और इससे होने वाले फायदों के बारे में भी जानना चाहिए.
गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच पढ़ाई और शोध में सहयोग का MOU साइन किया गया. इससे साइबर क्राइम और सीमा पार अपराधों की जांच तेज होगी. जिससे नेपाल पुलिस के लगभग 80,000 कर्मचारियों की जांच क्षमता को मजबूती मिलेगा.
भारत हर साल सैकड़ों नेपाली पुलिस अधिकारियों को ट्रेनिंग भी देगा, इससे भारत-नेपाल के बीच लगभग 1700 किलोमीटर लंबी खुली सीमा की सुरक्षा और पुख्ता होगी. दोनों देशों के बीच नेपाल के सरकारी अधिकारियों को ट्रेनिंग देने का समझौता भी हुआ है. इससे नेपाल के 3 करोड़ नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सरकारी सेवाएं मिलेंगी. दोनों देश आयुर्वेद और इलाज के दूसरे पारंपरिक तरीकों में सहयोग करेंगे. इससे हिमालयी जड़ी-बूटियों के शोध और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.
इसके अलावा इसरो और नेपाल के सूचना और संचार मंत्रालय के बीच सैटेलाइट संचार नेटवर्क बनाने पर समझौता हुआ. इससे नेपाल को किसी भी आपदा की पूर्व चेतावनी मिल सकेगी. इसके अलावा भारत और नेपाल स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे. इससे भारत-नेपाल सीमा के करोड़ों लोगों और इलाज के लिए भारत आने वाले लाखों नेपाली मरीजों का खर्च घटेगा.
भारत में करीब 80 लाख नेपाली नागरिकों को मिला है रोजगार
दोनों देशों के बीच शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग करने और पशुपालन के विकास के लिए भी समझौता हुआ है. ये 8 समझौते बताते हैं नेपाल का भारत पर भरोसा कितना मजबूत है. वो चाहता है कि उसके लिए नीति बनाने वाले प्रशासनिक अधिकारियों और कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिस अधिकारियों की ट्रेनिंग भी भारत में हो. भारत और नेपाल के बीच इस भरोसे को रोटी और बेटी का रिश्ता और मजबूत बनाता है. आज आपको इस रिश्ते को भी समझना चाहिए.
ये भी पढ़ें- 15000 करोड़ की मदद, 8 समझौतों पर दस्तखत...'सनातन' की पटरी पर दौड़ी भारत-नेपाल दोस्ती की रेलगाड़ी
एक अनुमान के मुताबिक इस वक्त 60 से 80 लाख नेपाली नागरिक भारत में रहते और काम करते हैं. ये नेपाली नागरिक..होटल, कृषि, उद्योग और भारतीय सेना में भी सेवा देते हैं. भारत में काम करने वाले नेपाली नागरिक हर साल लगभग 12,000 करोड़ रुपये नेपाल भेजते हैं, जो नेपाल की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा सहारा है. वहीं, लगभग 6 लाख भारतीय नागरिक भी नेपाल में व्यापार, शिक्षा और दूसरे क्षेत्रों में काम करते हैं.
बेटी के रिश्ते की बात करें तो इस रिश्ते की सबसे प्राचीन और मजबूत नींव अयोध्या के भगवान राम और जनकपुर की माता सीता का विवाह है. आज भी भारत के बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और नेपाल के तराई क्षेत्र के बीच हर साल हजारों की संख्या में सीमा पार शादियां होती हैं.इस रिश्ते को और मजबूत करने के लिए भारत और नेपाल के बीच सोमवार से एक ट्रेन सेवा भी शुरू की गई है.
बालेन शाह को भारत का दौरा करने में 8 महीने क्यों लगे?
भारत और नेपाल के बीच इतने मजबूत संबंधों के बावजूद बालेंद्र शाह को भारत का दौरा करने में 8 महीने का वक्त लग गया . आपको इसकी वजह भी जाननी चाहिए. बालेन शाह चुनाव जीतने के बाद प्रो-नेपाल की छवि को लेकर आगे बढ़ रहे थे. बालेन की कोशिश प्रो-भारत या प्रो-चीन की छवि को तोड़ने की थी. लेकिन नेपाल के भोटेकोशी और त्रिशुली में आई बाढ़ के बाद नेपाल को भारत की सहायता की जरूरत पड़ी. इस आपदा में 1500 लोगों की मौत हुई, हजारों लापता हुए और अरबों डॉलर का नुकसान हुआ.
नेपाल को पुर्ननिर्माण के लिए भारत की मदद चाहिए थी. यही वजह है कि बालेन शाह सबसे पहले भारत पहुंचे. बालेन शाह ने नेपाल के पूर्व पीएम ओली की उस नई परंपरा को तोड़ दिया, जिसमें प्रधानमंत्री बनने के बाद वो सबसे पहले चीन के दौरे पर गए थे. नेपाल में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद नेता सबसे पहले भारत के दौरे पर आते रहे हैं. बालेंद्र शाह ने इसी पुरानी परंपरा को निभाया है. इसकी बड़ी वजह नेपाल की भारत पर निर्भरता भी है.
भारत, नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 9 अरब डॉलर से ज्यादा है. जो नेपाल के कुल व्यापार का 60% से ज्यादा हिस्सा है. नेपाल का 80% से ज्यादा निर्यात भारत जाता है. भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से चीन से नेपाल का व्यापार सीमित है और बाढ़ ने चीन वाले रास्ते और भी कमजोर कर दिया है.
यही वजह है कि बालेंद्र शाह भारत और चीन को बैलेंस करने वाली अपनी नीति को पीछे छोड़कर सबसे पहले भारत के दौरे पर आए हैं और भारत-नेपाल की दोस्ती को सबसे मजबूत बता रहे हैं. भारत के लिए भी नेपाल से हिमालय जैसी मजबूत दोस्ती जरूरी है. इसकी बड़ी वजह चीन है. वो लगातार भारत को काउंटर करने के लिए नेपाल में निवेश, सड़क-रेल और राजनीतिक संपर्क के जरिए अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश में है.
नेपाल में सबसे बड़ा विदेशी निवेश चीन का
नेपाल में कुल विदेशी निवेश का लगभग 48% हिस्सा चीन का है, जबकि भारत का हिस्सा लगभग 18% है. लेकिन चीन-नेपाल व्यापार एकतरफा है. वर्ष 2025 में चीन का निर्यात नेपाल को लगभग ढाई अरब डॉलर रहा. जबकि नेपाल का चीन को निर्यात सिर्फ 37 मिलियन डॉलर के आसपास था. यानी चीन के साथ नेपाल का व्यापार घाटा बहुत बड़ा है. नेपाल को एक रुपये का निर्यात करने पर सैकड़ों रुपये का आयात करना होता है.
इसके अलावा चीन पर दूतावास के जरिए नेपाल की पूर्व कम्युनिस्ट सरकार पर दबाव डालने के आरोप भी लग चुके हैं. चीन BRI के जरिए नेपाल को अपनी अर्थव्यवस्था से जोड़ना चाहता है. लेकिन बालेन शाह के प्रधानमंत्री बनने के बाद नेपाल पर चीन का प्रभाव कम हुआ है. चीन की शिकायत है कि बालेन सरकार BRI का नाम भी लेना नहीं चाहती और पोखरा एयरपोर्ट को बदनाम किया जा रहा है.
आपको बालेन शाह के चीन से दूरी बनाकर चलने की वजह भी समझनी चाहिए. नेपाल के लोग चीन के बढ़ते प्रभाव और दबाव से चिंतित थे. इसी बीच अगस्त 2026 की बाढ़ ने चीन से व्यापार के लिए जरूरी रसुवागढ़ी – केरुंग रूट को बड़ा नुकसान पहुंचाया. इसी कॉरिडोर से नेपाल चीन को करीब 11% सामान भेजता था. जबकि चीन से नेपाल तक आधे से ज्यादा सामान इसी रास्ते से आता था.
इस घटना ने दिखा दिया कि चीन नेपाल को विकल्प तो दे सकता है, लेकिन अभी वह भारत जैसी मजबूत, सस्ती और साल भर चलने वाली आर्थिक पहुंच देने में सक्षम नहीं है. इसलिए नेपाल के लिए भारत अभी भी सबसे महत्वपूर्ण और भरोसेमंद आर्थिक साझेदार बना हुआ है. इस दौरे के जरिए भारत भी नेपाल से संबंध और मजबूत करके चीन की भारत के पड़ोस में प्रभाव बढ़ाने की कोशिश को नाकाम करना चाहता है.