एनवीडिया के 50 हजार चिप कहां गायब हो गए? अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को सता रहा ये डर, चीन कनेक्शन में घिरे ट्रंप
एनवीडिया के 50 हजार चिप गायब हो गए हैं. इसके बाद अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को बड़ा डर सता रहा है. चिपों के गायब होने के बाद ट्रंप भी चीन कनेक्शन को लेकर घिरे नजर आ रहे हैं.
अमेरिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने दुनिया की परेशानी बढ़ा दी तो दूसरी ओर सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया की वजह से अमेरिका की परेशानी लगातार बढ़ रही है. परेशानी की बात ये है कि अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया के 50 हजार चिप गायब हैं. एनवीडिया के पूर्व CEO जेनसेन हुआंग का हनीट्रैप करने वाली कथित महिला जासूस तो चीन पहुंच गई, लेकिन 50 हजार चिप कहां हैं?
कथित चीनी जासूस और अपनी सहकर्मी के साथ रिश्ते उजागर होने के बाद एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफा दे दिया. लेकिन इस मामले में अब ट्रंप के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक घिर रहे हैं. ये आरोप लग रहे हैं, अगर ट्रंप के मंत्री चाहते तो एडवांस चिप को चीन तक पहुंचने से रोका जा सकता था. आज आपको जानना चाहिए एनवीडिया के 50 हजार चिप चीन तक पहुंचने की आशंका क्यों जाहिर की जा रही है. इसमें ट्रंप प्रशासन के मंत्री का क्या रोल है.
अमेरिका के सबसे एडवांस 50 हजार चिप कहां गए?
आपको ये भी समझना चाहिए कि अमेरिकी कंपनी के सबसे एडवांस 50 हजार चिप चीन के पास पहुंचने का मतलब क्या है? चीन इससे ऐसा क्या हासिल कर सकता है, जिससे अमेरिका उसे रोकना चाहता था.अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले कई दिनों से एनवीडिया के सीईओ से हमदर्दी दिखा रहे हैं. अब खबर आ रही है कि डोनाल्ड ट्रंप ने जेनसन हुआंग को इस्तीफा नहीं देने और अपनी लड़ाई जारी रखने की सलाह दी थी.
आपको जानना चाहिए हुआंग से हमदर्दी दिखाने वाले ट्रंप को विपक्षी सांसद क्यों घेर रहे हैं. लेकिन सबसे पहले समझिए एनवीडिया के 50 हजार चिप गायब होने और चीन तक पहुंचने की पूरी कहानी क्या है. सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड 2023 से नवंबर 2025 के बीच एनवीडिया की AI चिप की सबसे बड़ी खरीदार बन गई. ये वही कंपनी थी, जिसकी एमडी एलिस हुआंग थी. जिसके साथ एनवीडियो के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग ने अपने संबंधों को स्वीकार किया है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियां एलिस हुआंग को चीन की जासूस मान रही हैं.
वर्ष 2023 से वर्ष 2025 के बीच मेगास्पीड की सहयोगी कंपनियों ने एनवीडिया से साढ़े 4 अरब डॉलर से ज्यादा के हार्डवेयर आयात किए. एनवीडिया ने मेगास्पीड से इस दौरान लगभग 1 लाख 36 हजार चिप खरीदे. इसमें आधे से ज्यादा Blackwell सीरीज के एडवांस्ड चिप्स थे. जिनका इस्तेमाल सबसे एडवांस एआई की ट्रेनिंग के लिए होता है.
चिप गायब से परेशान क्यों हैं अमेरिकी अधिकारी?
आज आपको एआई ट्रेनिंग का मतलब भी समझना चाहिए. मान लीजिए आप ChatGPT जैसा AI तैयार करना चाहते हैं. तो इसके लिए उसे करोड़ों-अरबों शब्दों, किताबों, लेखों, तस्वीरों और दूसरी जानकारियों से ट्रेन किया जाता है. यहीं काम एनवीडिया के एडवांस चिप्स बहुत तेजी से कर सकते हैं. एनवीडिया के यही एडवांस चिप अचानक सिंगापुर की कंपनी ने बहुत बड़ी संख्या में खरीदे, जिसके बाद अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक हुआ. ये चिप मेगास्पीड के जरिए चीन को भेजे जा रहे थे.
इसके बाद Nvidia ने अमेरिकी सरकार के अनुरोध पर मेगास्पीड के डेटा सेंटर्स की जांच की. जिसके बाद 1 लाख 36 हजार एडवांस चिप में से 86 हजार चिप मिल गए. लेकिन 50,000 चिप का हिसाब नहीं मिला. हालांकि बाद में कुछ और चिप दूसरे गोदाम में मिलने के दावे किए गए लेकिन उनकी संख्या नहीं बताई गई. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है या तो ये चिप चीन भेज दिए गए हैं या फिर किसी दूसरे देश में इन चिप के जरिए बने सर्वर का इस्तेमाल चीन की कंपनियां कर रही हैं.
सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे देशों में बने डेटा सेंटर्स के जरिए अलीबाबा जैसी चीनी कंपनियों को कम्यूटिंग की सुविधा किराए पर देती थी. इसे और आसान ढंग से समझिए, मान लीजिए चीन की कंपनी अलीबाबा को अपना AI मॉडल विकसित करना है. इसके लिए उसे हजारों शक्तिशाली चिप की जरूरत होगी.
सिंगापुर के रास्ते चीन ने हासिल कर लिए अमेरिकी चिप?
अमेरिका, चीन की AI बढ़त को रोकने के लिए अपने एडवांस चिप सीधे चीन की कंपनियों को नहीं दे रहा. तो चीन मेगास्पीड के जरिए अमेरिका के एडवांस चिप से बने सर्वर से अपने एआई मॉडल को ट्रेनिंग दे सकता है. अब अमेरिकी खुफिया एजेंसियां जांच कर रही हैं . जिस कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर चीन की जासूस एलिस हुआंग थी. उस मेगास्पीड ने चीन को सीधे अमेरिकी कंपनी के एडवांस चिप भेजे या फिर अमेरिकी चिप वाले सर्वर से चीन की कंपनियों की मदद की. जो 50 हजार एडवांस चिप गायब हैं. वो कहां हैं ? इस जांच के साथ साथ अब अमेरिकी में इस बात की पड़ताल भी की जा रही है. क्या ट्रंप सरकार ने जानबूझकर चीन तक एडवांस चिप पहुंचने दी.
अमेरिकी वाणिज्य विभाग में ब्यूरो आफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी यानी बीआईएस नाम की एक एजेंसी है. जो अमेरिका से दूसरे देशों की कंपनियों के चिप निर्यात पर नियंत्रण रखती है. मेगास्पीड के जरिए चीन तक चिप पहुंचने का मामला जांच के लिए इसी एजेंसी के पास पहुंचा.
इस जांच के दौरान एनवीडिया के वरिष्ठ वकील टिम टेटर ने जुलाई 2025 में BIS के प्रमुख से संपर्क किया. उन्होंने मेगास्पीड की जांच और सिंगापुर में एलिस हुआंग की हिरासत के बारे में जानकारी मांगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मुलाकात के बाद इस मामले में BIS की जांच धीमी पड़ गई.
बताया गया कि जांच कर रहे अधिकारियों से एनवीडिया से जुड़े मामले को सावधानी से देखने के लिए कहा गया. अमेरिका में नियम यह कहता है कि जब कोई सरकारी एजेंसी किसी कंपनी या उसके बिचौलियों की जांच कर रही हो, तो उस कंपनी के शीर्ष वकीलों का सीधे एजेंसी के सबसे बड़े मुखिया से संपर्क को निष्पक्ष नहीं माना जाता. BIS की जांच धीमी पड़ने के बाद इस मामले को न्याय विभाग के पास ट्रांसफर कर दिया गया. जिसकी जांच जारी है.
चिप तस्करी में ट्रंप प्रशासन के मंत्री रहे शामिल!
इस बीच अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक पर आरोप लगे कि उन्होंने मेगास्पीड को आधिकारिक ब्लैकलिस्ट में डालने में देर की. बताया जा रहा है कि ये देरी चीन के साथ ट्रेड वॉर बिगड़ने के डर से की गई थी. लेकिन अमेरिका में विपक्ष आरोप लग रहा है कि अगर मेगास्पीड को पहले ब्लैकलिस्ट कर दिया जाता तो चीन तक चिप नहीं पहुंचते.
ये भी पढ़ें- Nvidia विवाद में 'चाइनीज कनेक्शन' के बाद चीन जा रहे ट्रंप, क्या जिनपिंग के साथ मीटिंग पर पड़ेगा असर?
यानी ट्रंप प्रशासन सही समय पर इन चिप्स के निर्यात को नहीं रोक पाया. और अब इसी सवाल का जवाब लेने के लिए अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक को दिसंबर में अमेरिकी संसद की बैंकिंग समिति के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया है. इसके अलावा एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग को भी अमेरिकी सीनेट की समिति के सामने पेश होने के लिए समन भेजा गया है.
इस बीच जेनसन हुआंग की मुश्किल और बढ़ गई है. उनके एक तीसरी महिला के साथ संबंध की खबरें भी सामने आई हैं. जो उनकी कंपनी में काम करती थी. फिलहाल इस महिला का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है. कहा जाता है मुश्किल वक्त में साया भी साथ छोड़ देता है. लेकिन जेनसन हुआंग के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खड़े दिखाई दे रहे हैं.
जेनसन हुआंग अमेरिका के बड़े उद्योगपति हैं, जिन्होंने चिप इंडस्ट्री में अमेरिका को टॉप पर पहुंचाने में बड़ा योगदान दिया है. उनके लिए ट्रंप की सहानुभूति हो सकती है. लेकिन हुआंग का पक्ष लेते लेते ट्रंप ने एलिस हुआंग के चीनी जासूस होने के दावे पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. जिस महिला को खुद अमेरिका की एजेंसियां चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री आफ स्टेट सिक्युरिटी का जासूस मान रही हैं. उसके बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति पूरी तरह से आश्वस्त नहीं है. अमेरिका में इसे ट्रंप के चीन प्रेम से भी जोड़कर देखा जा रहा है.
सूचना के बावजूद ट्रंप ने नहीं की कार्रवाई- चक शूमर
अमेरिकी सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने कहा कि ट्रंप को एक साल पहले ही जेन्सन हुआंग के संदिग्ध चीनी जासूस से संबंधों की जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की. ट्रंप को अमेरिका की सुरक्षा करनी चाहिए, चीन की या अपने दोस्तों की नहीं.
फिलहाल, ट्रंप के वाणिज्य मंत्री और खुद राष्ट्रपति ट्रंप चीन की तरफदारी करने के लिए विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं. ट्रंप ने एलिस हुआंग के चीनी जासूस होने पर शक जाहिर किया है . चीन ने भी मेगास्पीड के जरिए अमेरिकी चिप हासिल करने और एलिस हुआंग के एजेंट होने से इनकार किया है. ट्रंप इसी महीने चीन जाकर शी जिनपिंग से मुलाकात भी करेंगे. सवाल पूछा जा रहा है..क्या चीन के खिलाफ ट्रंप के नर्म रुख की एक वजह ये भी है. फिलहाल अमेरिकी एजेंसियां जांच में जुटी हैं. एलिस हुआंग इस वक्त चीन में ही मौजूद है . ऐसे में ट्रंप पर विपक्षी हमले और बढ़ सकते हैं.