पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कहानी करीब तीन दशक पुरानी है. कभी 'पश्चिम बंग', कभी 'बांग्ला' तो कभी तीन भाषाओं में तीन अलग-अलग नामों का प्रस्ताव... राज्य की पहचान बदलने की कोशिशें कई बार हुईं, लेकिन हर बार मामला केंद्र सरकार की मंजूरी के इंतजार में अटक गया. अब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने एक बार फिर इस मुद्दे को आगे बढ़ाया है.
राज्य कैबिनेट ने पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसे 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा. ऐसे में सवाल है कि आखिर पिछले 27 साल में नाम बदलने की कोशिशें कब-कब हुईं? हर बार मामला कहां अटका और क्या इस बार पश्चिम बंगाल को नया नाम मिल पाएगा?
1999 में शुरू हुई थी नाम बदलने की कोशिश
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कोशिश कोई नई बात नहीं है. इसकी शुरुआत 1999 में वाम मोर्चा सरकार के कार्यकाल में हुई थी. उस समय ज्योति बसु मुख्यमंत्री थे. 20 जुलाई 1999 को विधानसभा में राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने का प्रस्ताव लाया गया था. हालांकि, इस प्रस्ताव पर सदन में पूरी सहमति नहीं बन पाई. तत्कालीन कांग्रेस विधायक सौगत रॉय ने 'बांग्ला' नाम का सुझाव दिया था. वाम मोर्चा सरकार ने इस सुझाव को स्वीकार करते हुए प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा, लेकिन इसे मंजूरी नहीं मिल सकी. इस तरह पहली कोशिश भी अपने अंजाम तक नहीं पहुंच पाई.
2011 में ममता बनर्जी ने फिर शुरू की कोशिश
- करीब 12 साल बाद पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन हुआ. 2011 में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनी. नई सरकार ने भी राज्य का नाम बदलने की पुरानी मांग को आगे बढ़ाया.
- इस बार ममता बनर्जी सरकार ने राज्य का नाम 'पश्चिम बंग' रखने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा. इसके पीछे एक व्यावहारिक वजह भी बताई गई थी. अंग्रेजी वर्णमाला के हिसाब से 'West Bengal' राज्यों की सूची में काफी पीछे आता था. ममता बनर्जी का मानना था कि इससे राष्ट्रीय स्तर की बैठकों में राज्य को अपनी बात रखने का मौका अक्सर आखिर में मिलता है.
- हालांकि, यह प्रस्ताव भी केंद्र सरकार की मंजूरी हासिल नहीं कर सका. नतीजा यह हुआ कि राज्य का आधिकारिक नाम पहले की तरह 'West Bengal' ही बना रहा.
2016 में तीन भाषाओं के लिए सुझाए गए तीन अलग-अलग नाम
- ममता बनर्जी सरकार ने 2016 में एक बार फिर नाम बदलने की पहल की. इस बार सरकार ने भाषाई आधार पर तीन अलग-अलग नाम रखने का प्रस्ताव तैयार किया.
- इसके तहत बंगाली भाषा में राज्य का नाम 'बांग्ला', अंग्रेजी में 'बंगाल' और हिंदी में 'बांगाल' रखने का सुझाव दिया गया. 29 अगस्त 2016 को विधानसभा में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई और इसे केंद्र सरकार के पास भेजा गया.
- लेकिन केंद्र ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया. एक ही राज्य के लिए तीन भाषाओं में अलग-अलग नाम होने को लेकर आपत्ति सामने आई. इसके बाद राज्य सरकार को एक समान नाम के साथ प्रस्ताव भेजने की दिशा में आगे बढ़ना पड़ा.
2018 में 'बांग्ला' नाम पर बनी सहमति, फिर भी नहीं मिली मंजूरी
- 2016 के प्रस्ताव के बाद ममता बनर्जी सरकार ने 2018 में एक और कोशिश की. इस बार तीन अलग-अलग नामों के बजाय सभी भाषाओं के लिए एक ही नाम रखने का फैसला किया गया.
- 26 जुलाई 2018 को पश्चिम बंगाल विधानसभा ने सर्वसम्मति से राज्य का नाम बदलकर 'बांग्ला' करने का प्रस्ताव पारित किया. इसके बाद इसे केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए भेज दिया गया.
- लेकिन जुलाई 2019 में केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया कि उसने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है. तत्कालीन गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में बताया कि राज्य का नाम बदलने के लिए संवैधानिक प्रक्रिया और सभी संबंधित पहलुओं पर विचार करना जरूरी है.
- इस दौरान 'बांग्ला' और पड़ोसी देश बांग्लादेश के नाम में समानता का मुद्दा भी सामने आया. केंद्र की ओर से राज्यसभा में यह भी कहा गया कि 'बांग्ला' नाम 'बांग्लादेश' से मिलता-जुलता है. इस तरह ममता बनर्जी सरकार की यह कोशिश भी सफल नहीं हो सकी.
अब सुवेंदु अधिकारी सरकार ने चुना 'पश्चिम बंग' नाम
करीब सात साल बाद पश्चिम बंगाल में एक बार फिर नाम बदलने का मुद्दा चर्चा में है. इस बार राज्य की सत्ता में बीजेपी है और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नाम बदलने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का ऐलान किया है.
- सोमवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि इसे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में 9 दिसंबर को पेश किया जाएगा. शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलेगा.
- मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अंग्रेजी में भी राज्य का नाम 'पश्चिम बंग' ही लिखा जाएगा. यानी सरकार की मंशा एक ऐसा नाम रखने की है, जो अलग-अलग भाषाओं में अलग रूप न ले.
- सुवेंदु अधिकारी ने इस फैसले को 1947 में पश्चिम बंगाल के गठन से जुड़े इतिहास का हिस्सा बताया है. उनके मुताबिक, 'वेस्ट बंगाल' के बजाय राज्य का नाम 'पश्चिम बंग' होना चाहिए.
अब कैसे बदलेगा पश्चिम बंगाल का नाम? समझिए पूरी संवैधानिक प्रक्रिया
कैबिनेट की मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि पश्चिम बंगाल का नाम आधिकारिक रूप से बदल गया है. विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद भी इसके लिए केंद्र सरकार और संसद की भूमिका अहम होगी.
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 3 में किसी राज्य का नाम बदलने का प्रावधान किया गया है. इसके तहत संसद कानून बनाकर किसी राज्य का नाम बदल सकती है. इसकी प्रक्रिया कुछ इस तरह है:
- विधानसभा में प्रस्ताव: सबसे पहले राज्य सरकार नाम बदलने का प्रस्ताव विधानसभा में पेश करेगी. पश्चिम बंगाल में इसके लिए 9 दिसंबर की तारीख तय की गई है.
- केंद्र सरकार के पास प्रस्ताव: विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा.
- राष्ट्रपति की भूमिका: नाम बदलने से जुड़े विधेयक को संसद में पेश करने से पहले राष्ट्रपति की सिफारिश जरूरी होती है. राष्ट्रपति संबंधित राज्य की विधानसभा को प्रस्ताव पर अपनी राय देने के लिए भेजते हैं.
- संसद में विधेयक: इसके बाद राष्ट्रपति की सिफारिश से विधेयक संसद के किसी भी सदन में पेश किया जा सकता है. दोनों सदनों से इसे पारित होना होगा.
- राष्ट्रपति की मंजूरी: संसद से पारित होने के बाद विधेयक राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए जाएगा. राष्ट्रपति की सहमति मिलने और कानून लागू होने के बाद ही राज्य का नया नाम आधिकारिक होगा.
यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है कि राज्य विधानसभा की राय लेना संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन संसद उस राय को मानने के लिए बाध्य नहीं है. साथ ही, अनुच्छेद 3 के तहत नाम बदलने के लिए अनुच्छेद 368 वाली विशेष संविधान संशोधन प्रक्रिया की जरूरत नहीं होती.
क्या इस बार पूरी होगी 27 साल पुरानी मांग?
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कोशिशें अलग-अलग राजनीतिक दलों की सरकारों के कार्यकाल में होती रही हैं. वाम मोर्चा सरकार ने 'पश्चिम बंग' का प्रस्ताव दिया था, ममता बनर्जी सरकार ने पहले इसी नाम और फिर 'बांग्ला' के विकल्प पर जोर दिया. अब बीजेपी सरकार ने एक बार फिर 'पश्चिम बंग' को चुना है.
इस बार प्रस्ताव के पीछे 1947 में बंगाल के विभाजन और पश्चिम बंगाल के गठन से जुड़े इतिहास को आधार बनाया जा रहा है. हालांकि, अंतिम फैसला केंद्र सरकार और संसद की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा. अब सबकी नजरें 9 दिसंबर को होने वाली विधानसभा की कार्यवाही पर हैं. देखना होगा कि क्या इस बार पश्चिम बंगाल को नया नाम मिल पाता है या करीब तीन दशक से चली आ रही यह कोशिश एक बार फिर अधूरी रह जाती है.