)
सोचिए, अगर कोई राजनीतिक दल सिर्फ चुनावी नक्शे की लकीरें बदलकर किसी चुनाव में अपनी जीत की संभावनाओं को बढ़ा ले, तो क्या होगा? आगामी परिसीमन को लेकर विपक्ष के मन में यही सबसे बड़ा डर बैठा हुआ है. जैसे-जैसे केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़ा कानून लाने की तैयारी कर रही है, विपक्षी दल यह चेतावनी दे रहे हैं कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले चुनावी समीकरणों को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मोड़ सकता है.
राजनीति की भाषा में इस तरह की आशंका का एक खास नाम है- 'जेरीमैंडरिंग' (Gerrymandering). इसका सीधा सा मतलब है, राजनीतिक लाभ उठाने के लिए चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं के साथ हेरफेर करना. इस पूरे विवाद की जड़ केवल इस बात तक सीमित नहीं है कि किस राज्य से कितने सांसद चुनकर संसद पहुंचेंगे. विपक्ष की मुख्य चिंता यह है कि भले ही राज्यों को लोकसभा सीटों में उनकी मौजूदा हिस्सेदारी के बराबर ही सीटें मिलें, लेकिन राज्यों के भीतर सीटों की सीमाओं को नए सिरे से खींचने पर मतदाताओं का समूह बदल जाएगा.
इससे पुराने और मजबूत राजनीतिक गढ़ कमजोर पड़ सकते हैं और व्यक्तिगत सीटों के नतीजे पूरी तरह पलट सकते हैं. विपक्षी दलों को लगता है कि बिना एक भी वोट बदले या मतदाता सूची से किसी का नाम काटे, सत्ताधारी दल को इसका सीधा फायदा मिल सकता है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह 2029 के आम चुनावों से पहले अपने फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश कर रही है. उनकी दलील है कि राज्यों की कुल सीटों का अनुपात बरकरार रहने के बावजूद, राज्य के अंदर सीटों का बंटवारा जिस तरह किया जाएगा, वह यह तय कर सकता है कि किन पार्टियों और समुदायों के जीतने की संभावना अधिक होगी.
आसान शब्दों में कहें तो जेरीमैंडरिंग किसी निर्वाचन क्षेत्र की सीमाओं को इस तरह तय करने की कला है जिससे किसी एक राजनीतिक दल को उसके कुल जनसमर्थन के मुकाबले कहीं ज्यादा सीटें जीतने में मदद मिले.
आमतौर पर इसे दो तरीकों से अंजाम दिया जाता है:
पैकिंग (Packing): इसके तहत विपक्षी दल का समर्थन करने वाले मतदाताओं को बहुत कम सीटों में समेट दिया जाता है. इससे विपक्षी पार्टी उन गिनी-चुनी सीटों पर तो बड़े अंतर से जीत जाती है, लेकिन आसपास के दूसरे निर्वाचन क्षेत्रों में उसका प्रभाव खत्म हो जाता है.
क्रैकिंग (Cracking): इसमें किसी खास वर्ग या विचारधारा के मतदाताओं को कई अलग-अलग सीटों में इस तरह बांट दिया जाता है कि वे हर जगह अल्पसंख्यक बन जाएं. इस बिखराव के कारण वे अपनी पसंद का उम्मीदवार जिताने की स्थिति में नहीं रह पाते.
इन दोनों ही तरीकों में किसी भी वोटर का नाम वोटर लिस्ट से हटाने की जरूरत नहीं पड़ती. सारा खेल इस बात पर टिका होता है कि भौगोलिक रूप से मतदाताओं को किस समूह में रखा गया है. नतीजतन, कोई भी पार्टी अपने कुल वोट शेयर में बड़ी बढ़ोतरी किए बिना भी सीटों का एक बड़ा हिस्सा अपने नाम कर सकती है.
इस शब्द की जड़ें साल 1812 के अमेरिका से जुड़ी हैं. यह मैसाचुसेट्स के तत्कालीन गवर्नर एल्ब्रिज गेरी (Elbridge Gerry) के नाम और 'सैलामेंडर' शब्द को मिलाकर बना है. सैलामेंडर एक उभयचर जीव है जो पानी और धरती दोनों पर सर्वाइव कर सकता है.
हुआ यूं था कि गवर्नर गेरी ने एक ऐसे विधेयक पर हस्ताक्षर किए थे जिसने राज्य के सीनेट चुनावी जिलों की सीमाओं को इस तरह बदला कि उनकी डेमोक्रेटिक-रिपब्लिकन पार्टी को सीधा फायदा हो. उन नए जिलों में से एक की आकृति इतनी अजीब थी कि 26 मार्च, 1812 को 'बोस्टन गजट' अखबार में छपे एक कार्टून में उसकी तुलना सैलामेंडर से की गई.
यहीं से 'गेरी-मैंडर' (Gerry-mander) शब्द का जन्म हुआ, जिसे बाद में जेरीमैंडरिंग कहा जाने लगा. दिलचस्प बात यह है कि खुद गेरी को यह प्रस्ताव काफी नागवार गुजरा था और वे अगला चुनाव हार भी गए थे, लेकिन उनकी पार्टी विधायिका पर अपना नियंत्रण बनाए रखने में कामयाब रही थी. तब से यह शब्द राजनीतिक हथियार के रूप में चुनावी सीमाओं को बदलने के लिए इस्तेमाल होने लगा.
परिसीमन की प्रक्रिया सिर्फ यह तय नहीं करती कि किस राज्य के हिस्से में कितनी संसदीय सीटें आएंगी, बल्कि इसके तहत राज्यों के भीतर हर एक निर्वाचन क्षेत्र की सीमाएं भी नए सिरे से तय की जाती हैं.
विपक्ष की आशंका इसी दूसरे हिस्से को लेकर है. विपक्षी नेताओं का मानना है कि सीमाओं में बदलाव करके चुनावी गणित को आसानी से पलटा जा सकता है. किस इलाके और किन मतदाताओं को किस सीट में शामिल किया जाएगा, यह तय करके पुराने गढ़ों को ढहाया जा सकता है, एकजुट वोट बैंक को तोड़ा जा सकता है या अलग-अलग रुझान वाले मतदाताओं को एक साथ लाकर नतीजे बदले जा सकते हैं.
यही कारण है कि विपक्ष का कहना है कि केवल राज्यों की सीटों का अनुपात सुरक्षित रख लेना काफी नहीं है. भले ही संसद में किसी राज्य का कुल प्रतिनिधित्व न बदले, लेकिन राज्य के भीतर सीटों पर मतदाताओं का बंटवारा बहुत कुछ बदल सकता है. अपनी बात को मजबूती देने के लिए विपक्षी दल असम और जम्मू-कश्मीर में हुए हालिया परिसीमन का हवाला देते हैं और प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता व सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं. हालांकि, जानकारों का यह भी मानना है कि केवल सीमाओं में बदलाव होने या उसके राजनीतिक असर दिखने भर से यह साबित नहीं हो जाता कि जेरीमैंडरिंग हुई है; इसके लिए जानबूझकर किए गए हेरफेर के ठोस सबूत होना जरूरी है.
असम में 2023 में हुआ परिसीमन इस बात की एक सटीक मिसाल है कि कैसे सीटों की कुल संख्या बढ़ाए बिना या वोटर लिस्ट से नाम काटे बिना भी किसी राज्य की राजनीतिक तस्वीर बदली जा सकती है.
इस पूरी कवायद में असम विधानसभा की कुल 126 सीटें तो उतनी ही रहीं, लेकिन उनका भौगोलिक वितरण और सीमाएं पूरी तरह बदल गईं. उदाहरण के लिए, बराक घाटी में सीटों की संख्या 15 से घटकर 13 रह गई, जबकि बारपेटा में 8 की जगह 6 सीटें ही बचीं. दूसरी ओर, बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (BTR) को चार सीटों का फायदा हुआ और वहां सीटों की संख्या 11 से बढ़कर 15 हो गई.
इसके साथ ही आरक्षण का ढांचा भी बदल गया. अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटें 8 से बढ़कर 9 हो गईं और अनुसूचित जनजाति (ST) की सीटें 16 से बढ़कर 19 कर दी गईं. गोलपारा पश्चिम को एसटी के लिए आरक्षित किया गया, जबकि बारपेटा और नाओबोइचा एससी आरक्षित सीटें बन गईं.
सीमाओं के इस पुनर्निर्धारण ने निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं के संतुलन को भी प्रभावित किया. परिसीमन के आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, राज्य में मुस्लिम बहुल निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या लगभग 35 से घटकर 24 रह गई. इस बदलाव ने उन इलाकों के चुनावी समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया, जहां कांग्रेस और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) का पारंपरिक रूप से मजबूत जनाधार रहा है.
आधिकारिक तौर पर इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य प्रतिनिधित्व में सुधार करना और छोटे व बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के बीच के अंतर को कम करना बताया गया था. आंकड़ों के लिहाज से देखें तो मतदाताओं की संख्या के आधार पर सबसे छोटे और सबसे बड़े निर्वाचन क्षेत्र के बीच का अंतर 3.54 गुना से घटकर 3.15 गुना जरूर हुआ, लेकिन असमानता फिर भी बनी रही. असम का यह उदाहरण साफ दिखाता है कि सीमाओं का खिंचना राजनीतिक रूप से कितना मायने रखता है. किसी सीट का नाम और नंबर भले ही पुराना रहे, लेकिन उसके भीतर मतदाताओं की संरचना बदलने से यह तय हो जाता है कि वहां किस पार्टी या समुदाय का पलड़ा भारी रहेगा. हालांकि, यह अपने आप में किसी दुर्भावनापूर्ण हेरफेर का प्रमाण नहीं है.
भारत में यह बेहद संवेदनशील जिम्मेदारी एक उच्चाधिकार प्राप्त संस्था को सौंपी जाती है, जिसे 'परिसीमन आयोग' (Delimitation Commission) कहा जाता है. आजादी के बाद से अब तक देश में परिसीमन आयोग अधिनियमों के तहत चार बार- 1952, 1963, 1973 और 2002 में ऐसे आयोगों का गठन किया जा चुका है.
इस आयोग के पास असीमित कानूनी शक्तियां होती हैं. इसके आदेशों को किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती और वे राष्ट्रपति द्वारा निर्धारित तिथि से लागू हो जाते हैं. आयोग की रिपोर्ट की प्रतियां संसद और संबंधित राज्यों की विधानसभाओं के पटल पर रखी जाती हैं, लेकिन विधायिका को भी उनमें कोई संशोधन करने का अधिकार नहीं होता.
आयोग के इसी सर्वोच्च अधिकार के कारण इसकी संरचना, स्वतंत्रता और कामकाज का तरीका मौजूदा राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है. विपक्ष चाहता है कि उसे इस बात का ठोस भरोसा मिले कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष रहेगी और सीमाएं सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं खींची जाएंगी.
केंद्र सरकार की ओर से लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव और इस आश्वासन ने कि राज्यों की मौजूदा सीटों का अनुपात सुरक्षित रखा जाएगा, परिसीमन की बहस के केवल एक पहलू को ही शांत किया है. विपक्षी दलों का तर्क है कि अनुपात के साथ-साथ राज्यों के बीच सीटों की वास्तविक संख्या का अंतर भी राजनीति में बहुत मायने रखेगा.
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मुद्दे पर स्पष्ट कहा है कि अगले 25 वर्षों तक प्रत्येक राज्य की सीटों के मौजूदा अनुपात को बनाए रखने से विपक्ष की दो चिंताओं का समाधान तो हो सकता है, लेकिन इससे उनकी 'पहली और सबसे बुनियादी चिंता' दूर नहीं होती. जाहिर है, जब तक चुनावी नक्शे की लकीरों को लेकर पारदर्शिता और निष्पक्षता का भरोसा कायम नहीं होता, तब तक परिसीमन पर यह सियासी घमासान थमने वाला नहीं है.