SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भारत अब नहीं होने देगा दूसरा पुलवामा! CRPF-BSF को दी 124 'सुपर बसें', IED धमाके और गोलियों का भी नहीं होगा असर

अब देश के दुश्मनों के लिए पुलवामा या छत्तीसगढ़ के नक्सलियों की तरह पैरा-मिलिट्री के जवानों की बस को एंबुश करना आसान नहीं होगा. देश ने अब तमाम खतरों को दूर करने के लिए घातक बसें बना ली हैं.

Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 23, 2026, 23:53 IST | Updated: Nov 23, 2026, 23:58 IST
Join

जब देश की सुरक्षा पर खतरा मंडराता है, तो सबसे पहले हमारे जवान दुश्मन के सामने सीना तानकर खड़े होते हैं. आतंकियों से मुठभेड़ हो या नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन, हर मोर्चे पर जवान अपनी जान दांव पर लगाते हैं. लेकिन इस लड़ाई में उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी होती है. इन जवानों को खतरा सिर्फ दुश्मन की गोलियों से नहीं होता. कई बार जिस गाड़ी में बैठकर वो अपनी ड्यूटी पर जा रहे होते हैं, वही गाड़ी आतंकियों के निशाने पर आ जाती है.

अब नहीं होने देंगे पुलवामा जैसा हमला

वर्ष 2019 में पुलवामा में ऐसा ही हुआ था. आतंकियों ने CRPF के काफिले को निशाना बनाया और 40 जवान शहीद हो गए. साल 2019 में ही महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों ने सड़क के नीचे बारूदी सुरंग में विस्फोट किया था. इसमें एक निजी वाहन में सवार 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी.

किसी आम बस की बॉडी यात्रियों के आराम को ध्यान में रखकर बनाई जाती है.अब तक ऐसी ही बसों का इस्तेमाल जवानों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए किया जाता था. लेकिन अब इसकी जगह खास तरह की सुविधाओं से लैस गाड़ियां अर्धसैनिक बलों को दी गई है. इसे गोलियों और विस्फोट के असर से बचाव के लिए ही कस्टमाइज किया गया है.

तैयार हो गए Armoured Troop Transporter

सबसे खास बात ये है कि इसे मेक इन इंडिया के तहत भारत में ही तैयार किया गया है. जवानों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गृह मंत्रालय की पहल पर 124 बख्तरबंद वाहनों की डिलेवरी CRPF और BSF को कर दी गई है. इन बसों को  Armoured Troop Transporter- ATT कहा जाता है.

इसमें CRPF के लिए 109 वाहन, जबकि सीमा सुरक्षा में लगे BSF जवानों के लिए 15 ATT दी गई हैं. इन 124 वाहनों के जरिए 3 हजार 472 जवानों को एक जगह से दूसरी जगह आसानी ले जाया जा सकता है. इनमें से हरेक बस में 28 जवान सफर कर सकते हैं.

ATT के निचले हिस्से को खास तरीके से मजबूत बनाया गया है, ताकि अगर सफर के दौरान गाड़ी के ठीक नीचे बारूदी सुरंग या IED में धमाका हो, तो उसका असर अंदर बैठे जवानों तक कम से कम पहुंचे. इसे हैवी व्हीकल बनाने वाली कंपनी अशोक लेलैंड ने तैयार किया है.

बाहर का तापमान अंदर नहीं आ पाता

इस बख्तरबंद बस में एक और खास व्यवस्था है HV-AC सिस्टम. दरअसल, इसकी बॉडी मोटी स्टील और बुलेटप्रूफ शीशों से बनी है. इसलिए आम बस की तरह इसकी खिड़कियां खोलकर बाहर की हवा अंदर नहीं आने दी जा सकती. ऐसे में गर्मी और उमस के बीच बस के अंदर तापमान तेजी से बढ़ सकता है. HV-AC सिस्टम इसी गर्मी को नियंत्रित रखता है और अंदर ठंडी हवा पहुंचाता है. यानी बाहर कितनी भी गर्मी या उमस हो, बस के अंदर जवानों को ठंडक और आरामदायक तापमान मिल सकेगा.

ये वाहन खास तौर पर आतंकवाद विरोधी और उग्रवाद विरोधी अभियानों के लिए तैयार किए गए हैं. CRPF को सबसे ज्यादा वाहन मिले हैं, क्योंकि उसकी तैनाती जम्मू-कश्मीर से लेकर नक्सल प्रभावित इलाकों तक है. वहीं BSF को मिले वाहन संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं.

टायर में गोलियां लगने पर दौड़ती रहती है बस

ये आर्म्ड बस ATT दूसरे बसों से कैसे अलग है, आपको ये भी जानना चाहिए. जेम्स बॉन्ड की फिल्मों में आपने अक्सर देखा होगा कि दुश्मन उसकी कार पर गोलियां बरसाते हैं. गोलियां टायरों को भी छलनी कर देती हैं, लेकिन कार रुकने का नाम नहीं लेती.

ये भी पढ़ें- दुश्मनों को जला देगी भारत की 'ज्वाला': 5 किमी की दूरी से करेगा शिकार, बिल में भी नहीं बच पाएंगे दहशतगर्द

कुछ ऐसी ही तकनीक इस बख्तरबंद बस में भी है. जिसे Run Flat Tyre System कहते हैं. आम गाड़ी का टायर फट जाए तो उसे रोकना पड़ता है. लेकिन इस तकनीक में टायर के अंदर एक मजबूत सपोर्ट लगा होता है. हवा निकल जाने के बाद भी ये सपोर्ट गाड़ी का वजन संभालता है. गोलीबारी के दौरान टायर को नुकसान पहुंच भी जाए, तो भी जवानों से भरी ये बस नहीं रुकेगी.

बस में लगे हैं कैमरे और घूमने वाली मशीन गन

इस बस में 360 डिग्री घूमने वाला गन-माउंटेड टरेट है. यानी जरूरत पड़ने पर चारों दिशाओं में जवाबी कार्रवाई की जा सकती है. इसके PTZ कैमरे भी खास हैं. इनकी मदद से जवान गाड़ी के अंदर बैठे-बैठे आसपास नजर रख सकते हैं और किसी संदिग्ध गतिविधि को जूम करके देख सकते हैं.

इसकी खासियत सिर्फ जवानों को ले जाने तक सीमित नहीं है. जरूरत पड़ने पर ये बस चलते-फिरते कंट्रोल रूम में बदल सकती है. इसे ड्रोन और जमीन पर चलने वाले मानवरहित रोबोट यानी UGV से भी जोड़ा जा सकता है. यानी जवान सुरक्षित जगह पर रहते हुए ड्रोन से आसमान की और रोबोट से जमीन की निगरानी में मिलने वाली जानकारी का इस्तेमाल कर सकते हैं.

देशभर में इन बसों का किया जाएगा इस्तेमाल

आधुनिक ATT का इस्तेमाल सिर्फ कश्मीर तक सीमित नहीं रहेगा. इन वाहनों को देशभर में आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ चलने वाले अभियानों में इस्तेमाल किया जाएगा. CRPF इन्हें कश्मीर के अलावा नक्सल प्रभावित इलाकों और दूसरे संवेदनशील क्षेत्रों में भी इस्तेमाल कर सकती है. जबकि BSF को मिले वाहन सीमावर्ती क्षेत्रों में जवानों की सुरक्षित आवाजाही और ऑपरेशनल जरूरतों के लिए काम आएंगे.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES