App

Original: मिस US का ताज, विवाद, बेइज्जती...32 साल बाद उसी मिस अमेरिका मंच ने कहा- हमें माफ कर दो!

Venessa Williams First Black Miss America: 20 साल की वैनेसा विलियम्स साल 1983 में मिस अमेरिका का खिताब जीतने वाली पहली अश्वेत महिला थीं. हालांकि, ताज पहनने के 10 महीनों बाद उन्हें भारी दबाव के चलते अपना पद त्यागना पड़ा था. आखिर इसके पीछे वजह क्या थी?

Original: मिस US का ताज, विवाद, बेइज्जती...32 साल बाद उसी मिस अमेरिका मंच ने कहा- हमें माफ कर दो!

Venessa Williams: अगर आपने 1980 या 1990 के दशक की फिल्में देखी हैं या म्यूजिक सुना है, तो वैनेसा विलियम्स का नाम तो सुना ही होगा. एक्ट्रेस, सिंगर और पूर्व फैशन मॉडल वैनेसा लिन विलियम्स मिस अमेरिका का ताज जीतने वाली पहली अश्वेत महिला थीं. यह खिताब उन्होंने 17 सितंबर 1983 को 20 साल की उम्र में जीता था. अफ्रीकी-अमेरिकी मूल की वैनेसा इसके बाद से रातोंरात पूरे अमेरिका में मशहूर हो गई थीं. हालांकि, ताज पहनने के एक साल से भी कम समय में उन्हें इसे वापस लौटाना भी पड़ा था. आखिर इसकी वजह क्या थी और इसको लेकर ब्यूटी पीजेंट ने वैनेसा से क्यों माफी मांगी?

मिस अमेरिका का ताज जीतने के कुछ महीनों बाद 23 जुलाई 1984 को वैनेसा विलियम्स ने अपनी न्यूड फोटोज सामने आने के बाद इस्तीफा दे दिया था. हालांकि, इस विवाद के बावजूद विलियम्स ने सिंगिंग और एक्टिंग में अपना शानदार करियर बनाया, जिसमें उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता चर्चित टेलीविजन सिटकॉम 'अगली बेट्टी' से मिली.

खिताब जीतकर रचा इतिहास 


वैनेसा का जन्म 18 मार्च साल 1963 को न्यूयॉर्क में हुआ था. उन्होंने 'सिरैक्यूज यूनिवर्सिटी' से म्यूजिक थिएटर में डिग्री ली. मिस न्यूयॉर्क का खिताब जीतने के बाद वैनेसा मिस अमेरिका प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए न्यू जर्सी के अटलांटिक सिटी गईं. यहां 20 साल की वैनेसा 63 साल में पहली बार मिस अमेरिका का खिताब जीतने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला बनी थी. 

मिस अमेरिका का ताज पहनती वैनेसा

इस प्रतियोगिता के पहले 30 सालों तक अश्वेत महिलाओं को इसमें हिस्सा लेने की भी अनुमति नहीं थी.

न्यूड फोटोज को लेकर हुआ विवाद 


वैनेसा के मिस अमेरिका के ताज को लेकर विवाद तब खड़ा हुआ, जब उनकी न्यूड तस्वीरें सामने आईं. ये फोटोज उनके प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से पहले खींची गई थीं. इसके चलते उन्हें 10 महीने बाद जुलाई 1984 में मिस अमेरिका का खिताब छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा. ये तस्वीरें वैनेसा की सहमति के बिना पेंटहाउस मैगजीन में पब्लिश कर दी गई थीं.

पहली अश्वेत मिस अमेरिका बनीं वैनेसा

 वैनेसा के मुताबिक, ये फोटोज उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से 2 साल पहले कॉलेज में फोटोग्राफर के असिस्टेंट के तौर पर काम करते समय खिंचवाई थीं. 

खिताब जीतने के बाद वैनेसा

वैनेसा का कहना था कि फोटोग्राफर ने उन्हें भरोसा दिया था कि ये केवल सिल्हूट यानी परछाई जैसी फोटोज होंगी, जिनमें उनकी पहचान सामने नहीं आएगी और न ही कभी इन फोटोज को रिलीज किया जाएगा, लेकिन बाद में बिना उनकी मर्जी के ये तस्वीरें मैगजीन को बेच दी गईं.

वैनेसा को देना पड़ा इस्तीफा? 


विवाद बढ़ने पर मिस अमेरिका ऑर्गनाइजेशन ने वैनेसा से इस्तीफा मांगा. इसके लिए उन्हें 72 घंटे अल्टीमेटम दिया गया कि या तो वे खुद गरिमा के साथ इस्तीफा दे नहीं तो ऑर्गनाइजेशन उन्हें पद से बर्खास्त कर देगा. बढ़ते मीडिया ट्रायल और दबाव के चलते 23 जुलाई साल 1984 को वैनेसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना खिताब वापस लौटा दिया. 

वैनेसा को लौटाना पड़ा खिताब

यह मिस अमेरिका के इतिहास में पहली बार था, जब किसी विजेता को इस तरह अपना ताज लौटाना पड़ा. वैनेसा की जगह ये ताज फर्स्ट रनर अप सुजेट चार्ल्स को मिला. वह भी वह मिस अमेरिका का खिताब हासिल करने वाली इतिहास की दूसरी अश्वेत महिला हैं. उनका 7 हफ्ते का कार्यकाल इतिहास का सबसे छोटा कार्यकाल माना जाता है.  

मिस अमेरिका के मंच पर लौंटी वैनेसा


इस घटना के 32 सालों बाद 13 सितंबर 2015 को वैनेसा विलियम्स ने मिस अमेरिका 2016 प्रतियोगिता में मुख्य जज के तौर पर वापसी की. इस दौरान उन्होंने अपनी लाइव सिंगिंग परफॉर्मेंस भी दी. 

मिस अमेरिका के मंच पर वैनेसा

जिस ऑर्गनाइजेशन ने उनके साथ कड़ा बर्ताव किया था उसी मंच पर वैनेसा का इस तरह सम्मान के साथ वापस आना बेहद बड़ी बात थी. मिस अमेरिका ऑर्गनाइजेशन के फॉर्मर एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और CEO सैम हास्केल शो की शुरुआत में वैनेसा विलियम्स के साथ मंच पर आए और उन्होंने पूरी दुनिया के सामने वैनेसा और उनकी मां हेलेन विलियम्स से आधिकारिक तौर पर माफी मांगी.      
 

वैनेसा से मांगी माफी 


CEO सैम हास्केल ने वैनेसा से माफी मांगते हुए कहा,' मैंने इस ऑर्गनाइजेशन के उन लोगों की तरफ से, जिन्होंने 1984 में यहां काम किया था हमेशा एक जिम्मेदारी महसूस की है. मैं वैनेसा और उनकी मां हेलेन विलियम्स से माफी मांगना चाहता हूं.' 

CEO ने आगे कहा,' मैं 1984 की घटनाओं के दौरान कही गई उन बातों और किए गए व्यवहार के लिए माफी मांगता हूं, जिससे आपको ऐसा महसूस हुआ कि आप अब मिस अमेरिका नहीं रहीं. वैनेसा, आपका जीवन गरिमा और शालीनता का उदाहरण रहा है. मिस अमेरिका परिवार में आपका स्वागत है.'

क्यों इतनी महत्वपूर्ण थी माफी? 


वैनेसा विलियम्स साल 1984 में प्राइवेसी वायोलेशन यानी निजता के उल्लंघन का शिकार हुई थीं, लेकिन उस समय ऑर्गनाइजेशन ने उन्हें पीड़ित मानने के बदले उनसे अपराधी जैसा बर्ताव किया. भले ही इन 32 सालों में वैनेसा ने अपने दम पर बड़ा करियर बनाया, लेकिन इस माफी ने आधिकारिक रूप से उस पुराने दाग को हमेशा के लिए मिटाया, जिसे इतिहास अपने साथ लेकर चल रहा था. वहीं, पहली अश्वेत मिस अमेरिका के साथ हुए इस बर्ताव ने अश्वेत समुदाय में भी नाराजगी पैदा की थी. 

वैनेसा का लौटा सम्मान

इस सार्वजनिक माफी को वैनेसा के सम्मान की पूर्ण बहाली के तौर पर देखा गया. माफी सुनने के बाद वैनेसा भी अपने आंसू नहीं रोक पाई. उन्होंने इसके लिए सैम को धन्यवाद बोला. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More