SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

आबादी बढ़ती गई, संसद का गणित ठहरा रहा! परिसीमन का 50 साल पुराना समझौता, जिसकी कहानी संविधान सभा से शुरू हुई

लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी इजाफे और 2051 तक राज्यों की संसदीय हिस्सेदारी सुरक्षित रखने के नए प्रस्ताव ने परिसीमन की बहस को नया मोड़ दिया है. आखिर संविधान निर्माताओं की इस बारे में क्या सोच थी? इंदिरा गांधी ने परिसीमन पर रोक क्यों लगाई थी और अटल बिहारी वाजपेयी ने उसे 25 साल के लिए क्यों बढ़ाया?

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 28, 2026, 20:38 IST | Updated: Nov 28, 2026, 21:06 IST
Image Credit: संविधान सभा की तस्वीर
Join

27 नवंबर 2026 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक और नए परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी. इसके अगले ही दिन एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके ने विधेयकों के समर्थन का ऐलान कर दिया.

यह भारतीय राजनीति का दिलचस्प घटनाक्रम है. कुछ महीने पहले तक परिसीमन के प्रस्ताव के विरोध में मुखर रही डीएमके के रुख में आए इस बदलाव को समझने के लिए नए विधेयक के दो प्रावधानों पर गौर करना होगा.

पहला, सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 फीसदी की वृद्धि और दूसरा, 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना के प्रासंगिक आंकड़े प्रकाशित होने तक राज्यों की संसदीय हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने का प्रस्ताव.

30 नवंबर से शुरू होने जा रहे संसद के विशेष सत्र में सरकार इन विधेयकों को लेकर आएगी. अप्रैल 2026 में सरकार का इसी उद्देश्य से लाया गया 131वां संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी बहुमत हासिल करने में नाकाम रहा था.

यह भी पढ़ें: Opinion- परिसीमन पर मोदी का नया दांव, क्या बिखरते विपक्ष ने आसान कर दी सरकार की राह?

इस बार सरकार ने दक्षिण भारतीय राज्यों की प्रमुख आशंका को दूर करने के लिए विधेयक में ही समान अनुपात में सीटें बढ़ाने का प्रावधान किया है.

इस पूरे विवाद की ऐतिहासिक विडंबना देखिए. स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माताओं ने जिस व्यवस्था को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में समानता सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया था, उसी व्यवस्था के क्रियान्वयन को देश की सरकारें करीब पांच दशकों से टालती आ रही हैं.

इंदिरा गांधी की सरकार ने 1976 में जिस संवैधानिक समझौते की बुनियाद रखी थी, उसे 2001 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने आगे बढ़ाया. अब नरेंद्र मोदी की सरकार उसे एक बार फिर अगले 25 वर्षों के लिए विस्तार देने की तैयारी में है.

तीन अलग-अलग राजनीतिक दौर, तीन प्रधानमंत्री और उनके सामने भारतीय लोकतंत्र का एक ऐसा सवाल, जिसका स्थायी समाधान अब तक नहीं तलाशा जा सका है.

परिसीमन की प्रक्रिया क्यों महत्वपूर्ण है?

भारतीय सियासत में परिसीमन एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. यह तीन अलग-अलग संवैधानिक कर्तव्यों को पूरा करती है. पहला, जनसंख्या में होने वाले बदलावों को ध्यान में रखते हुए, यह विधानसभा और संसदीय क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करती है.

दूसरा, यह अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला जनसंख्या के जनसांख्यिकीय वितरण के अनुसार आरक्षित सीटों का पुनर्वितरण करती है. तीसरा, यह लोकसभा में प्रत्येक राज्य को स्वीकृत संसदीय सीटों की संख्या निर्धारित करती है.

इसी के चलते यह एक राजनीतिक रूप से संवेदनशील प्रक्रिया बन जाती है. यानी निर्वाचन क्षेत्र के नक्शों का पुनर्निर्धारण ही परिसीमन का एक पहलू मात्र नहीं है.

इस प्रक्रिया में यह भी ध्यान रखा जाता है कि किसे प्रतिनिधित्व मिलता है? किसके वोटों का क्या महत्व है? और प्रत्येक संसदीय सीट के आवंटन और मान्यता प्राप्त आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से किन क्षेत्रों को लाभ मिलता है?

हालांकि कागज पर सीमाएं मात्र प्रशासनिक प्रतीत होती हैं, लेकिन इनका सरकारों और सामाजिक समूहों पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ता है. यही कारण है कि परिसीमन के सवाल पर भारत के राजनीतिक दल कई सालों से असमंजस में हैं.

संविधान सभा में परिसीमन को लेकर क्या बहस हुई थी?

4 जनवरी 1949. नई दिल्ली के संविधान भवन में संविधान सभा की बैठक चल रही थी. उपाध्यक्ष एचसी मुखर्जी की अध्यक्षता में संविधान के मसौदे के अनुच्छेद 67 पर चर्चा हो रही थी. इसी अनुच्छेद के विभिन्न प्रावधानों से आगे चलकर लोकसभा की संरचना और परिसीमन से संबंधित संवैधानिक व्यवस्था विकसित हुई.

संविधान के प्रारूप में लोकसभा के लिए अधिकतम 500 सदस्यों की परिकल्पना की गई थी. प्रत्येक पांच लाख से साढ़े सात लाख की आबादी पर एक प्रतिनिधि चुनने की व्यवस्था प्रस्तावित थी.

प्रख्यात अर्थशास्त्री और संविधान सभा के सदस्य प्रोफेसर केटी शाह को लोकसभा सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 तय करने पर आपत्ति थी. उनका तर्क था कि जनसंख्या बढ़ने के साथ प्रतिनिधियों की संख्या भी बढ़नी चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक पांच लाख की आबादी पर एक प्रतिनिधि का प्रावधान किया जाए.

शाह ने आशंका जताई थी कि आने वाले दो दशकों में लोकसभा सदस्यों की संख्या 600 या उससे अधिक हो सकती है. उनके मुताबिक भारत जैसे विशाल देश के लिए इतनी संख्या भी बहुत ज्यादा नहीं होगी.

करीब 78 साल बाद जब संसद में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव लाया जा रहा है, तब केटी शाह की उस दलील का विशेष महत्व है.

इसी बैठक में पंडित लक्ष्मीकांत मैत्र ने संशोधन संख्या 1450 पेश किया. उन्होंने प्रस्ताव रखा कि प्रत्येक जनगणना के बाद प्रतिनिधित्व के पुनर्निर्धारण से संबंधित प्रावधान में ' ऑन द बेसिस ऑफ पॉपुलेशन' यानी जनसंख्या के आधार पर, शब्द स्पष्ट रूप से जोड़े जाएं.

मद्रास से संविधान सभा के सदस्य एल कृष्णास्वामी भारती ने एक अन्य संशोधन पेश किया. उनका कहना था कि यदि किसी निर्वाचित सदन के कार्यकाल के दौरान जनगणना के नए आंकड़े सामने आते हैं तो उनके आधार पर प्रतिनिधित्व में होने वाला बदलाव अगले चुनाव से प्रभावी होना चाहिए.

मैत्र का संशोधन अस्वीकृत हो गया, जबकि भारती का संशोधन स्वीकार कर लिया गया. हालांकि जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व का सिद्धांत संविधान के अन्य प्रावधानों में मौजूद रहा.

बंटवारे ने भी खड़ा किया था प्रतिनिधित्व का संकट

संविधान सभा की उस बहस का एक महत्वपूर्ण संदर्भ भारत का विभाजन भी था. 1941 की जनगणना के बाद देश की भौगोलिक और जनसांख्यिकीय परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी थीं. लाखों लोग पाकिस्तान से भारत आए थे. दिल्ली, पंजाब और पश्चिम बंगाल की आबादी प्रभावित हुई थी.

संविधान सभा के सदस्य देशबंधु गुप्ता ने बताया कि पिछली जनगणना में दिल्ली की आबादी करीब नौ लाख थी, जबकि विभाजन के बाद उनके अनुमान के मुताबिक यह 19 लाख तक पहुंच चुकी थी. उन्होंने सवाल उठाया कि पुरानी जनगणना के आधार पर दिल्ली को प्रतिनिधित्व देना कितना न्यायसंगत होगा?

एचजे खांडेकर ने अनुसूचित जातियों के प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया. उन्हें 1941 की जनगणना में दर्ज दलित आबादी के आंकड़ों की विश्वसनीयता पर संदेह था. उन्होंने नए सिरे से जनगणना कराने की मांग की, भले ही इसके लिए चुनाव में कुछ देरी क्यों न करनी पड़े.

संविधान सभा की कार्यवाही बताती है कि पुरानी जनगणना, आबादी के विस्थापन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के बीच का अंतर्विरोध आज पैदा हुई समस्या नहीं है. स्वतंत्र भारत के पहले आम चुनाव की तैयारियों के दौरान भी संविधान निर्माता इससे जूझ रहे थे.

वर्तमान संवैधानिक व्यवस्था में अनुच्छेद 81 राज्यों के लोकसभा में प्रतिनिधित्व, अनुच्छेद 82 प्रत्येक जनगणना के बाद परिसीमन और अनुच्छेद 170 राज्यों की विधानसभाओं की संरचना से संबंधित है. सातवें संविधान संशोधन, 1956 के बाद इन प्रावधानों का स्वरूप भी बदला.

जब एक लोकसभा सीट से चुने जाते थे तीन सांसद

भारत में परिसीमन के इतिहास पर द वायर में छपे एक लेख में स्वतंत्र भारत के विभिन्न परिसीमन आयोगों के कामकाज और उनसे पैदा हुई राजनीतिक परिस्थितियों का विश्लेषण किया गया है.

1951 की जनगणना के मुताबिक भारत की आबादी करीब 36.1 करोड़ थी. पहले आम चुनाव के लिए 17.3 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत थे. देश में 401 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए थे, जिनसे 489 सांसद चुने गए.

निर्वाचन आयोग के ऐतिहासिक आंकड़ों में एक दिलचस्प तथ्य मिलता है. पहले आम चुनाव में 314 निर्वाचन क्षेत्र ऐसे थे, जहां से एक-एक सांसद चुना गया. 86 निर्वाचन क्षेत्रों से दो-दो सांसद और एक निर्वाचन क्षेत्र से तीन सांसद चुने गए थे.

बहुसदस्यीय निर्वाचन क्षेत्रों की इस व्यवस्था के जरिए अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया था. वर्ष 1961 में कानून बनाकर इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: 1976: गंगा ने बदली धारा, 16 गांव पहुंच गए दूसरे जिले में; जब परिसीमन को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला

स्वतंत्र भारत के चुनावी भूगोल का निर्माण जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 से शुरू हुआ. निर्वाचन आयोग के मुताबिक देश में अब तक चार राष्ट्रीय परिसीमन आयोग गठित किए गए हैं.

पहला आयोग 1952 में, दूसरा 1963 में, तीसरा 1973 में और चौथा 2002 में गठित हुआ था.

1956 में भाषाई आधार पर राज्यों के पुनर्गठन ने भी परिसीमन को प्रभावित किया. राज्यों की सीमाएं बदलने के साथ उनके संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन आवश्यक हो गया.

1961 की जनगणना में देश की आबादी बढ़कर करीब 43.9 करोड़ हो चुकी थी. 1967 के आम चुनाव में 520 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हुआ.

वर्ष 1971 की जनगणना तक देश की आबादी 54.8 करोड़ पहुंच गई. इसके बाद 1973 में गठित तीसरे परिसीमन आयोग ने चुनावी सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया. इसी दौर में लोकसभा की निर्वाचित सदस्य संख्या अंततः 543 तक पहुंची.

इसके बाद देश की राजनीति में आपातकाल का दौर आया और परिसीमन का संवैधानिक इतिहास बदल गया.

इंदिरा गांधी ने 1976 में परिसीमन पर रोक क्यों लगाई?

भारत ने 1952 में राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम शुरू किया था. अगले दो दशकों में विभिन्न राज्यों में जनसंख्या वृद्धि की दर में काफी अंतर दिखाई देने लगा.

दक्षिण भारत के कई राज्यों में स्वास्थ्य सेवाओं, महिला शिक्षा, शिशु मृत्यु दर में कमी और सामाजिक सुधारों के चलते जन्म दर में अपेक्षाकृत तेजी से गिरावट आई. दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में जनसंख्या वृद्धि की दर लंबे समय तक ऊंची बनी रही.

यदि प्रत्येक जनगणना के बाद आबादी के अनुपात में लोकसभा सीटों का पुनर्वितरण होता, तो जनसंख्या वृद्धि कम करने वाले राज्यों की संसदीय हिस्सेदारी घटने लगती.

इंदिरा गांधी की सरकार ने इस समस्या का समाधान 42वें संविधान संशोधन के जरिए निकाला. वर्ष 1976 में लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों की संख्या के पुनर्निर्धारण पर रोक लगा दी गई. राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व का आधार 1971 की जनगणना बनी रही. यह रोक 2000 के बाद होने वाली पहली जनगणना तक लगाई गई थी.

2000 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार राष्ट्रीय जनसंख्या नीति लेकर आई. इस नीति के तहत दीर्घकालिक लक्ष्य 2045 तक स्थिर जनसंख्या हासिल करना था.

लेकिन तब तक दक्षिण और उत्तर भारत की जनसंख्या वृद्धि में अंतर और बढ़ चुका था. ऐसे में 84वें संविधान संशोधन, 2001 के जरिए सीटों के पुनर्वितरण पर लगी रोक को 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के प्रासंगिक आंकड़े प्रकाशित होने तक बढ़ा दिया गया.

इसके बावजूद राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की जरूरत महसूस हो रही थी. 2003 में 87वें संविधान संशोधन के जरिए इसके लिए 2001 की जनगणना को आधार बनाया गया.

न्यायमूर्ति कुलदीप सिंह की अध्यक्षता वाले परिसीमन आयोग की सिफारिशें 2008 में प्रभावी हुईं. 2009 का आम चुनाव अधिकांश राज्यों में नए निर्वाचन क्षेत्रों के आधार पर हुआ.

इस प्रक्रिया में लोकसभा की कुल 543 सीटें बरकरार रहीं, लेकिन अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या 79 से बढ़कर 84 और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या 41 से बढ़कर 47 हो गई.

उत्तर और दक्षिण भारत के विवाद का गणित

2011 की जनगणना के मुताबिक उत्तर प्रदेश की आबादी करीब 19.98 करोड़, बिहार की 10.41 करोड़, तमिलनाडु की 7.21 करोड़ और केरल की 3.34 करोड़ थी. बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं. यानी  प्रति सांसद औसत आबादी 26 लाख के करीब हुई. इसी तरह उत्तर प्रदेश में 80 सीटें हैं. यहां प्रति सांसद औसत आबादी 25 लाख के करीब हुई.

दूसरी ओर तमिलनाडु में 39 सीटें हैं. यहां प्रति सांसद औसत आबादी 18.5 लाख है. जबकि केरल में 20 सीट और प्रति सांसद औसत आबादी 16.7 लाख के करीब हुई.

यानी 2011 की जनगणना के आधार पर बिहार का एक सांसद केरल के एक सांसद के मुकाबले करीब 56 फीसदी अधिक आबादी का प्रतिनिधित्व करता है. दोनों के पास लोकसभा में एक-एक वोट है.

इस असमानता को उत्तर भारतीय राज्यों के नजरिए से देखें तो उनके पास आबादी के अनुपात में कम संसदीय प्रतिनिधित्व है.

दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता उनके जनसांख्यिकीय बदलाव के इतिहास से जुड़ी है. राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण, 2019-21 के मुताबिक बिहार की कुल प्रजनन दर 3.0, उत्तर प्रदेश की 2.4, तमिलनाडु और केरल की 1.8 थी. राष्ट्रीय औसत 2.0 था.

जनसांख्यिकी में 2.1 की प्रजनन दर को सामान्यतः प्रतिस्थापन स्तर माना जाता है. दक्षिण भारत के कई राज्य इस स्तर से काफी नीचे जा चुके हैं.

अगर आबादी के आधार पर सीटें बढ़ीं तो क्या होगा?

दक्षिण भारत के पांच राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के पास वर्तमान में कुल 129 लोकसभा सीटें हैं. यह सदन की करीब 23.8 फीसदी हिस्सेदारी है.

नए विधेयक में प्रत्येक राज्य की सीटों में समान वृद्धि का प्रस्ताव इसी हिस्सेदारी को लगभग बरकरार रखने का प्रयास है. उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 120, बिहार की 40 से बढ़कर 60 और केरल की 20 से बढ़कर 30 हो सकती हैं. विषम संख्या वाली सीटों के मामले में अंतिम आवंटन निर्धारित नियमों पर निर्भर करेगा.

इस व्यवस्था से उत्तर भारत के अधिक आबादी वाले निर्वाचन क्षेत्रों का आकार छोटा होगा, लेकिन राज्यों के बीच प्रति सांसद आबादी का मौजूदा असंतुलन पूरी तरह दूर नहीं होगा.

परिसीमन से चुनावों के नतीजे कैसे प्रभावित होते हैं?

परिसीमन का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू निर्वाचन क्षेत्रों की आंतरिक संरचना से जुड़ा है. भारत की शहरी आबादी 2001 में 27.8 फीसदी थी, जो 2011 में बढ़कर 31.2 फीसदी हो गई. महानगरों के विस्तार, रोजगार के लिए पलायन और नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास ने अनेक निर्वाचन क्षेत्रों की आबादी और सामाजिक संरचना बदल दी है.

नोएडा, गुरुग्राम, बेंगलुरु और पुणे जैसे शहरों के आसपास पिछले दो दशकों में हुआ विस्तार इसका उदाहरण है.

निर्वाचन क्षेत्र की सीमा बदलने से उसके जातीय, धार्मिक, भाषाई और आर्थिक समूहों का अनुपात भी बदल सकता है. किसी क्षेत्र में नए गांव या शहरी वार्ड शामिल करने अथवा पुराने क्षेत्रों को हटाने से उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरण प्रभावित होते हैं.

दुनिया की चुनावी राजनीति में किसी दल को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में हेरफेर को गेरीमैंडरिंग कहा जाता है. कांग्रेस ने नए परिसीमन प्रस्ताव के संदर्भ में इसकी आशंका जताई है.

हालांकि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की प्रत्येक प्रक्रिया को राजनीतिक हेरफेर नहीं कहा जा सकता. परिसीमन अधिनियम, 2002 की धारा 9 में भौगोलिक परिस्थितियों, प्रशासनिक सीमाओं, आवागमन की सुविधाओं और जनता की सहूलियत जैसे कारकों को ध्यान में रखने का प्रावधान है.

परिसीमन आयोग के अंतिम आदेशों को कानून का प्रभाव हासिल होता है. अनुच्छेद 329 भी चुनावी सीमाओं और सीटों के आवंटन से संबंधित कानूनों को न्यायिक चुनौती देने पर व्यापक रोक लगाता है. ऐसे में आयोग की स्वतंत्रता, सार्वजनिक सुनवाई और उसके निर्णयों की पारदर्शिता का महत्व बढ़ जाता है.

महिला आरक्षण और 2011 की जनगणना का सवाल

वर्ष 2023 में संसद ने 106वां संविधान संशोधन पारित करके लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया था. इसके क्रियान्वयन को संशोधन के बाद होने वाली पहली जनगणना और उसके आधार पर परिसीमन से जोड़ा गया था.

सरकार अब नए प्रस्ताव के जरिए 2029 के आम चुनाव तक महिला आरक्षण लागू करने की राह तैयार करना चाहती है. इसके लिए निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण में नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का उपयोग प्रस्तावित है. फिलहाल ये आंकड़े 2011 के हैं.

यहां एक महत्वपूर्ण नीतिगत सवाल भी है. देश में 2027 की जनगणना की प्रक्रिया चल रही है. अधिकांश क्षेत्रों के लिए इसकी संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 निर्धारित की गई है. इस परिस्थिति में 15 साल पुराने जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर भविष्य का चुनावी भूगोल तैयार करने के प्रस्ताव पर संसदीय बहस स्वाभाविक है.

वर्ष 1949 में देशबंधु गुप्ता ने पुरानी जनगणना के कारण दिल्ली के प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाया था. आज तेजी से फैल चुके भारतीय शहरों के संदर्भ में उनकी उस दलील को फिर से पढ़ने की जरूरत है.

क्या 2051 तक टल जाएगा उत्तर-दक्षिण का विवाद?

भारतीय संघीय व्यवस्था में लोकसभा की संरचना का महत्व सरकार बनाने से कहीं व्यापक है. केंद्रीय     , वित्तीय नीतियों, अविश्वास प्रस्तावों और संविधान संशोधनों में राज्यों से निर्वाचित सांसदों की संख्या महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

दक्षिण भारतीय राज्यों के सामने वृद्ध होती आबादी और भविष्य में श्रमशक्ति की कमी की चुनौती है. उत्तर भारत के कई राज्यों के सामने बड़ी युवा आबादी के लिए रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की चुनौती है. आने वाले दशकों में आंतरिक पलायन भी राज्यों की जनसांख्यिकी को प्रभावित करेगा.

समान अनुपात में सीटों की वृद्धि का नया प्रस्ताव फिलहाल इन राज्यों के बीच राजनीतिक समझौते की गुंजाइश पैदा करता है. महिला आरक्षण के क्रियान्वयन की दिशा में भी इससे रास्ता खुल सकता है.

लेकिन यदि प्रस्तावित रोक को संसद की मंजूरी मिल जाती है, तो भारत 2051 के बाद तक राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व के लिए 1971 के आधार पर कायम हिस्सेदारी को ढोता रहेगा.

केटी शाह ने 1949 में संविधान सभा के सामने बदलती आबादी के साथ लोकसभा का आकार बदलने का सुझाव रखा था. आज उस सुझाव का एक हिस्सा अमल में लाने की तैयारी हो रही है. आबादी के अनुपात में राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़ा दूसरा हिस्सा अब भी राजनीतिक समझौते का विषय बना हुआ है.

भारत की अगली पीढ़ी के संविधान विशेषज्ञों और राजनीतिक नेतृत्व के सामने यह सवाल 2051 में फिर उपस्थित हो सकता है. तब तक 1971 की जनगणना को भी आठ दशक गुजर चुके होंगे.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES