दमोह में तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदी महिला, मां और दो बच्चों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
दमोह में एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई. मां और दो बच्चों की मौत हो गई, लेकिन 5 साल की एक बच्ची बच गई, जिसे ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.
मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां पथरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जमुनिया गांव में एक मां अपने तीन छोटे बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी. इस दिल दहला देने वाली घटना में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि एक बच्ची बाल-बाल बच गई. इस घटना का पता सुबह तब चला जब कुछ लोग नहाने के लिए कुएं के पास पहुंचे, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.
तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदी महिला
ये पूरा मामला पथरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव का है. सुबह-सुबह जब कुछ लोग नहाने के लिए एक कुएं के पास पहुंचे, तो उन्हें कुएं के अंदर से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. अंदर झांकने पर उन्होंने देखा कि एक छोटी बच्ची वहां फंसी हुई है. मदद के लिए उनकी पुकार सुनकर वहां भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने 5 साल की उस बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, कुएं के पानी में और गहराई से देखने पर उन्हें वहां कुछ और लोग भी दिखाई दिए. पुलिस को सूचना दी गई और जब बाकी लोगों दो बच्चों और एक महिला को बाहर निकाला गया, तो पता चला कि उन तीनों की मौत हो चुकी थी.
इलाके में छाया मातम
महिला की पहचान उसी गांव जमुनिया की रहने वाली 28 वर्षीय मंजू गौंड के रूप में हुई है. अन्य दो बच्चों में उसकी 4 साल की बेटी अन्नू और 3 साल का बेटा अनुज शामिल थे. एक और बच्ची आरुषि बच गई. आरुषि और बाकी तीनों को पथरिया के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मां, उसके बेटे और बेटी को मृत घोषित कर दिया. इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में मातम छा गया.
खुदकुशी के कारणों का अब तक नहीं हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, महिला सुबह 4:00 बजे अपने तीन बच्चों के साथ घर से निकली थी. इसी दौरान उसने बच्चों के साथ एक कुएं में छलांग लगा दी. उसके पति निजाम गौंड ने बताया कि घर में कोई विवाद नहीं था, और न ही ऐसा कुछ हुआ था जिससे उसकी पत्नी को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़े. वहीं, पुलिस का कहना है कि इस घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. फिलहाल मामले की जांच चल रही है, और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.