App

रात 10:30 बजे आया फोन, नींद से उठकर दिया ऑडिशन...MP के 8 साल के सात्विक ने 'हनुमान अंश' से मचाया धमाल, बताई नीम करौली बाबा के चमत्कार की कहानी

Who is Satvik Sharma: विदिशा जिले के गंज बासौदा के रहने वाले सात्विक शर्मा ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ में शुभांकर का किरदार निभाया है. इस फिल्म में मौका मिलने से लेकर नीम करौली बाबा के चमत्कार की कहानी तक सब कुछ ZEE मीडिया को बताया.

रात 10:30 बजे आया फोन, नींद से उठकर दिया ऑडिशन...MP के 8 साल के सात्विक ने 'हनुमान अंश' से मचाया धमाल, बताई नीम करौली बाबा के चमत्कार की कहानी
Image Credit: Hanuman Ansh Actor Satvik

Hanuman Ansh Actor Satvik: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंज बासौदा के रहने वाले 8 वर्षीय सात्विक शर्मा इन दिनों फिल्म ‘हनुमान अंश’ में अपने किरदार शुभांकर को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं. हनुमान अंश फिल्म में सात्विक ने अहम भूमिका निभाई है. इसको लेकर ZEE Media की टीम ने सात्विक से खास बातचीत की है. इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें इस फिल्म में काम करने का मौका अचानक मिला और इसके पीछे वह हनुमान जी और नीम करौली बाबा का आशीर्वाद मानते हैं.

सात्विक ने ZEE मीडिया टीम को बताया कि वह अपने दादाजी से नीम करौली बाबा के बारे में अक्सर सवाल किया करते थे. वह पूछते थे कि दादाजी को बाबा कैसे मिले? वे बचपन में उनसे मिले थे या बड़े होने के बाद. दादाजी से बाबा के बारे में कहानियां सुनते-सुनते सात्विक की जिज्ञासा बढ़ती गई. सात्विक का कहना है कि एक कहानी सुनने के बाद उन्हें वह बहुत अच्छी लगी और फिर वह दादाजी से दूसरी कहानियां पूछने लगे. नीम करौली बाबा के बारे में जानने की यह रुचि धीरे-धीरे उनके मन में और बढ़ती चली गई.

रात में 10.30 बजे फोन आया
सात्विक ने बताया कि हनुमान अंश फिल्म में काम करने का मौका अचानक से मिला. सात्विक ने जी मीडिया टीम को बताया कि बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे उनकी मम्मी को फोन आया. उनसे कहा गया कि फिल्म के लिए स्क्रिप्ट बनाकर भेजनी है. बता दें कि उस समय सात्विक सो रहे थे. मम्मी ने उन्हें उठाकर फिल्म के बारे में बताया. इसके बाद उन्होंने स्क्रिप्ट याद की और उनके पिता ने उनका वीडियो बनाकर भेजा. सात्विक का कहना है कि उन्होंने करीब आधे घंटे में स्क्रिप्ट याद कर ली थी. इसके बाद उनका चयन हो गया. सात्विक ने आगे बताया कि जब उन्हें फिल्म में काम करने के लिए बुलाया गया तो परिवार भोपाल में थे. टीम ने अगले दिन चित्रकूट आने को कहा और ट्रेन की टिकट भी कराई. इसके बाद सात्विक अपने परिवार के साथ चित्रकूट पहुंचे.

किन-किन मूवी में किया काम
बता दें कि सात्विक ने महज चार साल की उम्र से काम करना शुरू कर दिया था. तीन साल की उम्र में उन्होंने एक्टिंग अकादमी जाना शुरू किया था. भोपाल के एमपी नगर स्थित अभिनव मंच अकादमी में उन्होंने करीब एक साल तक अभिनय सीखा. इसके बाद उन्होंने ‘पंचायत 3’, ‘ड्राई डे’ वेब सीरीज और अन्य सीरीज में काम किया. सात्विक ने आगे बताया कि उन्होंने ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’, ‘आशा लेकर हम दीवाना दिल’ और अब ‘हनुमान अंश’ में भी काम किया है. दरअसल, सात्विक के पिता पंडित हैं और मंदिर में पूजा करते हैं. सात्विक की एक्टिंग देखकर उनकी मां ने पिता से उन्हें एक्टिंग अकादमी में भेजने के लिए कहा था. इसके बाद उनके पिता ने भोपाल में उनके लिए एक्टिंग की ट्रेनिंग की व्यवस्था की.

'बाबा की वजह से आगे बढ़ी’
हनुमान अंश फिल्म को लेकर सात्विक ने ZEE मीडिया टीम को बताया कि शुरुआत में उसे उतना अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला. पहले दो हफ्ते फिल्म नहीं चली. इसके बाद हनुमान जी और नीम करौली बाबा की वजह से फिल्म आगे बढ़ी और लोग इसे देखने की मांग करने लगे. सात्विक का कहना है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वह इतनी बड़ी फिल्म में काम कर पाएंगे. फिल्म को मिल रहे प्यार से वह बेहद खुश हैं और इसे हनुमान जी की कृपा मानते हैं.

‘डायलॉग नहीं बोल पा रहा था'
सात्विक ने फिल्म से जुड़ा एक और अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक डायलॉग बोलने में उन्हें परेशानी हो रही थी. वह उसे ठीक से बोल नहीं पा रहे थे, लेकिन अचानक उन्होंने वही डायलॉग बहुत अच्छे से बोल दिया. सात्विक का कहना है कि उस समय उन्हें लगा कि हनुमान जी ही उनसे वह डायलॉग बुलवा रहे हैं. फिल्म में अपने किरदार के अलावा उन्होंने ऑडिशन के दौरान बोला गया एक डायलॉग भी सुनाया. इस दौरान उन्होंने अपने अभिनय का छोटा सा उदाहरण भी दिया.

अब कैंची धाम जाने की तैयारी
हालांकि, अभी तक सात्विक कैंची धाम नहीं गए हैं. लेकिन अब वहां जाने की तैयारी कर रहे हैं. सात्विक का कहना है कि नीम करौली बाबा की जन्मभूमि और उनके प्रमुख धाम कैंची धाम अभी तक नहीं गए हैं, लेकिन अब अपने मम्मी-पापा के साथ वहां जाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि वह सितंबर में कैंची धाम जाने वाले हैं. फिल्म को मिल रहे दर्शकों के प्यार पर सात्विक ने कहा कि अब बहुत लोग फिल्म देख रहे हैं. उनके दोस्तों ने भी उन्हें ‘बहुत अच्छा’ और ‘वेल डन’ कहकर बधाई दी है.

बड़ा एक्टर बनना चाहता हूं-सात्विक
इतना ही नहीं सात्विक ने ZEE मीडिया टीम को आगे के प्लान के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में फिल्मों और सीरियलों में काम करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि आगे अब मुझे बड़ा एक्टर बनना है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि अपने मम्मी-पापा को हमेशा खुश रखूंगा. वहीं उन्होंने लोगों से हनुमान अंश मूवी को देखने की अपील की. उन्होंने आगे कहा कि अगर दर्शक फिल्म को इतना प्यार देंगे, तो इसके पार्ट-2 और पार्ट-3 भी बन सकते हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो