3 दिन में 3 दुष्कर्म... विदिशा में बेटियों से दरिंदगी पर भड़के जीतू पटवारी, बीजेपी विधायक ने किया पलटवार
विदिशा में तीन दिनों के अंदर तीन नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले सामने आने से पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल है. पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला.
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में तीन दिन के अंदर तीन नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. इन घटनाओं को लेकर अब सियासी घमासान भी तेज हो गया है. एमपी कांग्रेस लगातार मोहन यादव सरकार और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है. इसको लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की है.
विदिशा में पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. इतना ही नहीं उन्होंने भाजपा को बलात्कारी तक बता दिया है. जीतू पटवारी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है. वहीं जीतू पटवारी के बयान पर विदिशा से बीजेपी विधायक मुकेश टंडन ने भी पलटवार किया है. वहीं विधायक ने कहा कि, "अगर भाजपा बलात्कारी होती तो जीतू पटवारी का परिवार बचता क्या?"
जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
दरअसल, 17 नवंबर 2026 को जीतू पटवारी विदिशा पहुंचे थे. जहां पर उन्होंने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की थी. साथ ही उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिलाया था. इसके बाद उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
आपको बता दें कि विदिशा में पिछले तीन दिनों के अंदर तीन बेटियों के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई हैं.
6 साल की नाबालिग से दुष्कर्म
पहली वारदात विदिशा जिले के तोतपुरा इलाके में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ 60 साल के बुजुर्ग ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. उसके बाद सोमवार को लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया. ग्रामीणों ने आरोपी के मकान और दुकान पर बुलडोजल चलाने और फांसी की सजा देने की मांग को लेकर हिंदू समाज और अलग-अलग हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद चौराहे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.
16 साल की नाबालिग से दुष्कर्म
दूसरा मामला शहर के गांव परसौरा हवेली का बताया जा रहा है. जहां विदिशा में 11वीं कक्षा की 16 साल की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने वाले युवक ने मिलने के बहाने किशोरी को अपने मेडिकल छात्र दोस्त के फ्लैट पर बुलाया था. वहां पर उसे पहले बीयर पिलाई. फिर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर आरोपी विशाल किरार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी विशाल मूल रूप से गुना जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. मामले को गंभीरता से देखते हुए एसआईटी का गठन कर दिया गया है.
ये भी पढ़ेंः विदिशा में नाबालिग से दरिंदगीः POCSO समेत कई धाराओं में केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार; पुलिस की अपील
15 साल की नाबालिग से दुष्कर्म
तीसरा मामला शहर के डोलखेड़ी से सामने आया है. जहां 15 साल की नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है. पीड़िया ने शिकायत में बताया है कि उसकी पहचान आरोपी राकेश अहिरवार से हुई थी. आरोप है कि 14 नवंबर की रात रामलीला गेट के पास उसकी मुलाकात राकेश और उसके दोस्त शरद गोस्वामी से हुई थी. इसके बाद दोनों उसे स्कूटी से डोलखेड़ी की तरफ लेकर गए. वहां एक मकान में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दोनों युवकों ने उसका साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. विरोध करने और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी.
(रिपोर्टः दीपेश शाह, विदिशा)