उज्जैन में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 380 किलो महुआ लहान और देशी-हाथ भट्टी शराब जब्त; 7 आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के उज्जैन में आबकारी विभाग ने सख्त एक्शन लिया है. विभाग की कार्रवाई में 380 किलो महुआ लहान और देशी-हाथ भट्टी शराब जब्त की गई. जब्त सामग्री की कीमत करीब 43 हजार रुपये बताई जा रही है.
मध्य प्रदेश के उज्जैन में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है. उज्जैन में चलाए गए अभियान के दौरान विभाग की टीमों ने 12 मामले दर्ज किए हैं. इस प्रकरण में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक्शन दौरान देशी शराब के साथ हाथ भट्टी की शराब और बड़ी मात्रा में महुआ लहान भी जब्त किया गया है.
बताया जा रहा है कि आबकारी विभाग की टीमों ने देर रात तक होटल, ढाबों और वाहनों की जांच भी की.इस एक्शन पर आबकारी विभाग के कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में एक्शन लिया गया.
बड़ी मात्रा में देसी शराब जब्त
उज्जैन समेत आसपास के कई इलाकों में आबकारी विभाग की टीमों ने दबिश दी और अवैध शराब के मामलों में एक्शन लिया. अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान 11.7 लीटर देसी शराब, 2 लीटर हाथ भट्टी की शराब और 380 किलो महुआ लहान जब्त किया गया. जब्त किए गए सामान की कीमत 43 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है.
उज्जैन नगर में इस मामले में केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा खाचरौद में दो मामले दर्ज किए गए. वहीं, नागदा में महुआ लहान जब्त कर एक मामला दर्ज किया गया. अधिकारियों ने कहा कि बड़नगर क्षेत्र में सबसे ज्यादा पांच मामले सामने आए. ग्राम खरसोड़खुर्द में 230 किलो महुआ लहान जब्त कर मौके पर नष्ट किया गया.
देर रात तक जारी रहा आबकारी विभाग का एक्शन
आबकारी विभाग की टीमों ने देर रात तक ग्रामीण क्षेत्रों में शराब दुकानों का निरीक्षण किया. इसके अलावा होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच भी की गई. साथ में सड़कों पर वाहनों को रोककर भी तलाशी ली गई. संदिग्धों से पूछताछ भी की गई. इस पूरे मामले में सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार एक्शन जारी है और इसके लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है.
यह भी पढ़ें: नशे पर 'सर्जिकल स्ट्राइक': बॉर्डर पर BSF ने मार गिराया पाकिस्तानी ड्रोन, ₹4 करोड़ की हेरोइन बरामद