7000 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन: 5000 कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी, भोपाल में ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों पर जाने से बचें
भोपाल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और झांकियों के चल समारोह के चलते बुधवार को यातायात प्रभावित रहेगा. पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया. इसके तहत कई मार्गों पर रात 10 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. पुलिस ने वाहन चालकों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
Published: Oct 21, 2026, 12:06 PM IST|Updated: Oct 21, 2026, 12:34 PM IST
Image Credit: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर भोपाल में ट्रैफिक डायवर्जन (AI जनरेटेड फोटो)
राजधानी भोपाल में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. शहर में करीब 7 हजार से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन तीन दिनों तक किया जाएगा. इसके लिए प्रेमपुरा, कमलापति, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, खटलापुरा, शाहपुरा और मालीखेड़ा सहित प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. वहीं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. रात 8 बजे भारत टॉकीज से कमलापति घाट तक विशाल चल समारोह निकलेगा. इसके मद्दे नजर कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.
लगभग 5,000 अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा बनाए रखने, घाटों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने और मूर्तियों के विसर्जन की प्रक्रिया की देखरेख करने की जिम्मेदारी संभालेंगे. प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि विसर्जन की प्रक्रिया सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो. इसके लिए संबंधित विभागों के कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. शहरभर में हजारों मूर्तियों का विसर्जन होना है, इसलिए घाटों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसके लिए घाटों पर क्रेन, नावों और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है, जबकि लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड लगाए जाएंगे.
शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध
- बुधवार सुबह 8:00 बजे से गुरुवार सुबह 8:00 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. इस दौरान, ट्रकों और बसों सहित किसी भी भारी वाहन को खजुरी रोड, मुबारकपुर, लंबाखेड़ा चौराहा, इस्लाम नगर, चोपड़ा कलां, पटेल नगर, 17 मील, रतीबड़, लालघाटी, नूरगंज टी-जंक्शन, एयरपोर्ट चौराहा, करोंद, भानपुर या रत्नागिरी के रास्ते शहर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे वाहनों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा.
- चल समारोह के कारण शाम 5:00 बजे से पुराने शहर में भारत टॉकीज, अल्पाना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे के बीच यातायात प्रभावित रहेगा. इस इलाके में सिटी बसों, मिनीवैन और चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी.
- भारत टॉकीज से अल्पाना तिराहा की ओर या नादरा बस स्टैंड से भोपाल टॉकीज की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी. शाम 6:00 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती और पुरानी सब्जी मंडी की तरफ से घोड़ा नक्कास और बस स्टैंड की ओर आने वाले वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा. जैसे-जैसे मूर्तियां और झांकियां नादरा बस स्टैंड और भारत टॉकीज के बीच से गुजरेंगी, सपना लॉज तिराहा, अल्पाना तिराहा और भोपाल टॉकीज से नादरा बस स्टैंड की ओर जाने वाले रास्ते पर यातायात रोक दिया जाएगा.
- जैसे ही जुलूस मंगलवारा पहुंचेगा, सेंट्रल लाइब्रेरी, छावनी रोड और बुधवारा से इतवारा की ओर जाने वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. जुलूस के जुमेराती पहुंचने पर, रॉयल टॉकीज मार्केट एरिया से पीर गेट और रानी भवानी चौक चौराहे की ओर ट्रैफिक रोक दिया जाएगा. झांकियों के रेतघाट पहुंचने पर करबला से रेतघाट की ओर और पॉलिटेक्निक चौराहे से कमला पार्क की ओर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी.
- तलैया से बुधवारा की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी रोक दिया जाएगा. इस दौरान, वाहन चालक रॉयल मार्केट, शाहजहांनाबाद पुलिस स्टेशन, भोपाल टॉकीज, हमीदिया रोड और नादरा से होकर जाने वाले वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा, जुलूस के दौरान भदभदा से सिटी डिपो चौराहे की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी बंद रहेगा.
- बैरागढ़ इलाके में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए, लालघाटी, एयरपोर्ट और इंदौर रोड पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा. पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर बाईपास का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. इस बीच, इंदौर, सीहोर, ग्वालियर और गुना से भोपाल आने वाली यात्री बसों को केवल हलालपुर बस स्टैंड तक ही आने की अनुमति होगी. इन बसों को शहर के अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी.
इन रास्तों का करें इस्तेमाल
- भारत टॉकीज चौराहे पर जुलूस के कारण यातायात बंद रहने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा.
- वाहन अशोक गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज, मैदा मिल और एमपी नगर के रास्ते जा सकते हैं.
- बोगदा पुल से भारत टॉकीज की ओर जाने वाले वाहनों को प्रभात चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा.
- जब जुलूस तलैया इलाके में पहुंचेगा, तो पुलिस कंट्रोल रूम से भारत टॉकीज, तीन मोहल्ला और भोपाल टॉकीज की ओर जाने वाले वाहन जेल मुख्यालय, कोर्ट चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और प्रभात चौराहे के रास्तों का उपयोग कर सकते हैं.
- अल्पना टॉकीज से नादरा बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए संगम टॉकीज टी-जंक्शन रोड और अग्रवाल धर्मशाला के समानांतर चलने वाला रास्ता एक विकल्प होगा. वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें.
यात्री बसों के लिए बदला रूट
- इंदौर और सीहोर की ओर से आने वाली यात्री बसें खजुरी और मुबारकपुर बाईपास से होते हुए गांधीनगर और लालघाटी से गुजरकर हलालपुर बस स्टैंड पहुंचेंगी. विसर्जन के दौरान यात्री बसों को शहर के अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी.
- ISBT से रवाना होने वाली बसों को प्रभात, गोविंदपुरा टी-जंक्शन, प्रभात चौराहे या भारत टॉकीज के रास्ते जाने की अनुमति नहीं होगी.
- इसके बजाय उन्हें होशंगाबाद रोड और बाईपास का उपयोग करना होगा. गुना और ग्वालियर की ओर से आने वाली बसों के लिए अंतिम स्टॉप हलालपुर बस स्टैंड होगा.
ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं, शिकायतों और किसी भी जरूरी मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है. नागरिक ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी पाने या शिकायत दर्ज कराने के लिए 0755-2677340 पर संपर्क कर सकते हैं.
Add Zee News as a Preferred Source