बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. मुंबई क्राइम ब्रांच और इंदौर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने देर रात इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में दबिश देकर हरियाणा के सोनीपत निवासी 11वें आरोपी प्रांजल को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले 5 दिनों से अपने भाई का इलाज कराने के लिए इंदौर में रुका हुआ था, जिसे गंभीर हालत के चलते दिल्ली से रेफर किया गया था.
इंदौर क्राइम ब्रांच के मुताबिक, मुंबई पुलिस के जवान आरोपी की तलाश में इंदौर आए थे, जिसमें इंदौर पुलिस ने सहयोग किया. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 20 वर्षीय प्रांजल नाम के युवक का नाम लिया था, जिसकी लोकेशन इंदौर में मिली. इसके बाद मुंबई और इंदौर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे परदेशीपुरा से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, प्रांजल का भाई दिल्ली में भर्ती था जिसे इलाज के लिए 5 दिन पहले इंदौर रेफर किया गया था. इसी वजह से वह भी इंदौर आ गया था. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर मुंबई पुलिस अपने साथ लेकर रवाना हो गई है. बताया जा रहा है कि उसने आरोपियों को आने-जाने में मदद की थी. फिलहाल मामले की आगे की जांच मुंबई पुलिस कर रही है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार रात मुंबई क्राइम ब्रांच और इंदौर पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की. इसमें मुंबई पुलिस के चार और इंदौर क्राइम ब्रांच के आठ पुलिसकर्मी शामिल थे. इंदौर क्राइम ब्रांच के ADCP राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुंबई में हुई गोलीबारी की एक घटना में एक आरोपी की भूमिका के संबंध में मुंबई पुलिस ने इंदौर पुलिस से मदद मांगी थी. उसके इंदौर में होने की जानकारी मिलने पर, टीम ने उसे पकड़ लिया.
बता दें कि 18 अक्टूबर को एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई थी. इसमें वह बाल-बाल बच गए, लेकिन उन्हें चोटें आईं और शरीर पर छर्रे के निशान मिले. मामले में क्राइम ब्रांच ने 20 टीमें बनाकर जांच शुरू की थी. जांच के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच और इंदौर पुलिस ने मिलकर कार्रवाई करते हुए इंदौर से एक युवक को पकड़ा है.
यत्नेश सेन की रिपोर्ट