)
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ऑनलाइन दोस्ती और अपराध का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. यहां ऑनलाइन दोस्ती करने के बाद एक सनकी युवक ने न केवल एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ रेप किया, बल्कि उसके घर से 2 लाख रुपये नकद और पुश्तैनी सोने के गहने भी चुरा लिए. जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो पीड़िता की मां ने अदालत का दरवाजा खटखटाया. पॉक्सो (POCSO) कोर्ट के कड़े रुख और निर्देशों के बाद बहोड़ापुर पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
दरअसल, यह घटना 15 जनवरी 2026 की है. यहां बहोड़ापुर में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 17 वर्षीय छात्रा सोशल मीडिया के जरिए आरोपी नितेश शर्मा के संपर्क में आई थी और दोनों के बीच ऑनलाइन चैट के जरिए बातचीत होती रही. आरोपी ने छात्रा से अपने प्यार का इजहार किया. इसके बाद 15 जनवरी 2026 की दोपहर को जब पीड़िता की मां काम पर गई हुई थीं, तक नितेश अपने एक साथी के साथ घर में घुस आया और नाबालिग के साथ जबरदस्ती बलात्कार किया और उसकी अश्लील तस्वीरें ले लीं. इस घटना से सदमे में आई पीड़िता ने डर के मारे किसी को कुछ नहीं बताया. 27 फरवरी 2026 को आरोपी ने उसे फिर से घर पर अकेला पाकर घर में प्रवेश किया और एक बार फिर उसके साथ दुष्कर्म किया.
पीड़िता पक्ष का आरोप है कि जाते समय आरोपी घर में रखे 2 लाख रुपये नकद और सोने की पुश्तैनी बालियां जबरन अपने साथ ले गया. बाद में जब लड़की की मां ने उससे सख्ती से पूछताछ की, तो पीड़िता ने रोते हुए पूरी घटना बताई. इसके बाद नाबालिग छात्रा की मां शिकायत दर्ज कराने के लिए बहोड़ापुर थाने गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. निराश होकर पीड़िता की मां ने एक वकील के जरिए विशेष पॉक्सो (POCSO) कोर्ट में औपचारिक शिकायत (याचिका) दायर की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने BNSS की धारा 175(3) का इस्तेमाल करते हुए पुलिस को तुरंत FIR दर्ज करने और जांच शुरू करने का आदेश दिया. इसके बाद अदालत के निर्देश पर अमल करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी नितेश शर्मा के साथ-साथ उसके पिता, माता और भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. ASP जयराज कुबेर ने बताया, POCSO अदालत से मिले आदेश का पालन करते हुए, आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
करतार सिंह राजपूत की रिपोर्ट