)
हरियाणा दिवस के मौके पर कुरुक्षेत्र में समारोह आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी समारोह में शामिल हुए. साथ ही मुख्यमंत्री ने हरियाणा दिवस और राज्य गठन के 60 साल पूरे होने पर बधाई दी.
आयोजन में सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत करने वाले किसानों, बहादुर जवानों, शानदार खिलाड़ियों और मजबूत महिलाओं से होती है. राज्य की बेटियों ने हर इलाके में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि यहां पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देख रही हैं.
वहीं सीएम सैनी ने खेलों में हरियाणा के योगदान का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते हैं. वहीं एशियाई खेलों में 32 मेडल देश के नाम किए है. उन्होंने आगे कहा कि दुनिया में तिरंगा ऊंचा लहराता रहना चाहिए, क्योंकि उसमें हरियाणा की मिट्टी का भी योगदान होता है.
सीएम नायब सिंह सैनी के अनुसार, देश के कुल क्षेत्रफल में हरियाणा की हिस्सेदारी केवल 1.34% है. वहीं अगर देश के GDP की बात करें, तो वहां 3.6% योगदान है. उन्होंने ये भी कहा कि देश नें बनने वाली लगभग हर तीन में से दो यात्री कारों का निर्माण हरियाणा में होता है. वहीं बासमती चावल के निर्यात में प्रदेश की हिस्सेदारी 60% से ज्यादा है.
सीएम ने आगे कहा कि हरियाणा ने लगभग 60 सालों में पिछड़ेपन से आगे बढ़ा है. साथ ही विकास भी किया है. ऐसे में राज्य ने अपनी पहचान और संस्कृति को भी बनाए रखा है. हरियाणा आगे बढ़ने के साथ इंसानियत, भाईचारे और संस्कारों को भी महत्व देता रहेगा.
(कुरुक्षेत्र से दर्शन कैट की रिपोर्ट)