SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

30 हजार लिए थे, 2.70 लाख मांग रहा था... फिर 65 साल के बुजुर्ग की हत्या, सतना में ऐसे खुला ‘अंधे कत्ल’ का राज

सतना में 65 वर्षीय रमाशंकर गर्ग की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. ब्याज के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में तीन आरोपियों ने बुजुर्ग की कुल्हाड़ी और चाकू से हत्या कर दी. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Written By Manish Kushawah
Published: Oct 03, 2026, 06:25 PM IST | Updated: Oct 03, 2026, 06:27 PM IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

सतना में अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. ब्याज के पैसों के लेनदेन को लेकर 65 वर्षीय बुजुर्ग की कुल्हाड़ी और चाकू से हत्या कर दी गई थी. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, चाकू समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है. तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

दरअसल, शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पशुपतिनाथ मंदिर, मझगवां भट्ठा के पास 18 सितंबर को 65 वर्षीय रमाशंकर गर्ग पिता शिवसम्पत गर्ग की उनके घर में हत्या की जानकारी पुलिस को मिली थी. रमाशंकर गर्ग अपने मकान में अकेले रहते थे. 18 सितंबर को उनके घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने किया निरीक्षण
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. घर के अंदर एक कमरे में बुजुर्ग का शव खून से लथपथ हालत में मिला. शव की स्थिति देखकर पुलिस को आशंका हुई कि करीब दो-तीन दिन पहले हत्या की गई थी.

शव का कराया पोस्टमार्टम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मामले की बारीकी से जांच शुरू की. मामला अंधी हत्या का होने के कारण पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हत्यारों तक पहुंचना और हत्या की वजह का पता लगाना था.

कमरे से मिला विजिटिंग कार्ड
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के कमरे से एक विजिटिंग कार्ड मिला. इस कार्ड पर 16 सितंबर 2026 की पेशी की तारीख लिखी हुई थी. पुलिस ने इस तारीख और कार्ड से जुड़े मामले की जानकारी न्यायालय से हासिल की. जांच में सामने आया कि मृतक रमाशंकर गर्ग ने सचिन रैकवार के खिलाफ चेक बाउंस का केस दर्ज कराया था. विजिटिंग कार्ड पर लिखी तारीख इसी मामले की पेशी से जुड़ी थी.

पुलिस ने सचिन से की पूछताछ
इसके बाद पुलिस ने सचिन रैकवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों अंकित रैकवार और नीरज रैकवार के साथ मिलकर बुजुर्ग की हत्या करने की बात कबूल की. पुलिस के मुताबिक, मृतक ब्याज पर लोगों को पैसे उधार देता था और रकम पर ब्याज वसूल करता था.

आरोपियों ने मृतक से पैसे लिए थे
पुलिस जांच में सामने आया कि सचिन रैकवार समेत आरोपियों ने मृतक से पैसे लिए थे. ब्याज की रकम को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते आरोपियों ने बुजुर्ग की हत्या की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, चाकू और अन्य सामग्री भी बरामद की है. गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

पुलिस ने क्या बताया?
सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 18 सितंबर को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रमाशंकर गर्ग (65) का शव मिला था. पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. थाना प्रभारी सिविल लाइन स्वीटी मैडम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज रैकवार, सचिन रैकवार और अंकित रैकवार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपी सगे भाई हैं, जबकि तीसरा उनका मामा है.

(रिपोर्टः संजय लोहानी, सतना)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES