17 से 20 साल में 'डॉन' बनने की होड़: रतलाम के रितेश हत्याकांड में बड़ा खुलासा, चाकू से गोदकर मर्डर, फिर कार डिक्की में लाश रख 8 घंटे घूमते रहे आरोपी
रतलाम में रितेश हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है और पता चला है कि इस हत्याकांड में कुल 8 आरोपियों पर प्रकरण दर्ज हुआ है, जिनमें 3 नाबालिग हैं.
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रितेश हत्याकांड के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है और एक चौंकाने वाला पहलू सामने रखा है. महज 17 से 20 साल की उम्र के युवाओं में 'डॉन बनने की होड़' और पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. झामन नदी के पास झाड़ियों में मिले रितेश के शव की जांच के बाद पुलिस ने कुल 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से 3 नाबालिग हैं। मामले का मुख्य आरोपी भी नाबालिग ही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सौरभ वर्मा और 3 नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 4 अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं.
पुलिस ने बताया कि गुरुवार की रात एक बर्थडे पार्टी के दौरान रितेश और आरोपियों का आमना-सामना हुआ था, जिसके बाद झामन इलाके के ईंट भट्टों के पास नशे की हालत में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया. इसी दौरान मुख्य आरोपी और एक नाबालिग ने चाकू गोदकर रितेश की हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने अपने एक परिचित की कार की डिक्की में शव रखा और करीब 8 घंटे तक जिले में घूमते रहे, जिसके बाद झामन की झाड़ियों में शव फेंककर फरार हो गए. इस खुलासे ने कम उम्र के युवाओं में बढ़ते आपराधिक रुझान और वर्चस्व कायम करने की खतरनाक होड़ को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
खुद को बड़ा डॉन साबित करने की होड़
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के साथ ही अपराध की दुनिया में खुद को बड़ा डॉन साबित करने की होड़ भी सामने आई है. मृतक रितेश और मुख्य आरोपी सौरभ वर्मा (नाबालिग) के बीच पहले भी विवाद हो चुका था. दोनों पक्षों की शिकायत थाने तक पहुंची थी, जिसके बाद रंजिश और गहरी हो गई. रतलाम के एसपी अमित कुमार ने बताया कि बॉडी मिलने के बाद उसकी पहचान रितेश के रूप में हुई. हत्या में मल्टीपल स्टैबिंग गले पर, पीठ पर, पेट पर इंजरी के जो मार्क मिले हैं.
अपराध की तरफ कैसे बढ़ते जा रहे 17 से 20 साल के युवा?
पुलिस ने अब तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी चार की तलाश जारी है. हत्याकांड के इस खुलासे ने नए-नए युवाओं के राह भटकने को लेकर चिंता खड़ी कर दी है. सवाल उठने लगा है कि 17 से 20 साल के युवा कैसे अपराध की तरफ बढ़ते जा रहे है. इस उम्र मे खुद को अपराध की दुनिया का डॉन बनाने के चक्कर में पूरा भविष्य खराब कर रहे हैं.