दशहरा पर बदला MP का मौसम: 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, छिंदवाड़ा-कटनी में लुढ़का पारा
मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम और सागर संभागों में अगले चार दिनों यानी 23 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है. वहीं, आज 25 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
दशहरे के अवसर पर मध्य प्रदेश में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. राज्य के लगभग आधे हिस्से यानी 25 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और ट्रफ लाइन के कारण भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम और सागर संभागों के कई जिलों में 23 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से या इससे भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
बारिश की इस चेतावनी का असर त्योहारों पर भी साफ तौर पर देखा जा सकता है. 2022 में बारिश की वजह से आई रुकावटों को ध्यान में रखते हुए भोपाल के कलाकारों ने इस साल पहले से ही एहतियाती कदम उठाए हैं और पुतलों को बारिश से बचाने के लिए उन्हें वाटरप्रूफ शीट से ढक दिया है.
ठंड में महसूस होने लगी ठंड
इस बीच, राज्य के कई हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. छिंदवाड़ा, कटनी, अलीराजपुर और गुना जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान लगभग 18°C तक पहुंच गया है, जिससे थोड़ी ठंड महसूस होने लगी है. इसके विपरीत, खंडवा, उज्जैन और खरगोन जैसे जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 35°C से ऊपर बना हुआ है. पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा और शहडोल संभागों में मौसम साफ रहने और अच्छी धूप खिलने की संभावना है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, रायसेन, सागर, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश की संभावना है. साथ ही, इनमें से कई इलाकों में आंधी आने की भी संभावना है.
यह भी पढ़ें: यूपी में गिरने लगा रात का पारा, सुबह-शाम बढ़ी ठंडक; जानिए दशहरे पर कैसा रहेगा मौसम?
क्यों बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात और ट्रफ सिस्टम की वजह से मौसम बदला है. 23 अक्टूबर तक अगले 4 दिन बारिश होती रहेगी. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी भी चल सकती है. वहीं, जबलपुर, रीवा और शहडोल जैसे पूर्वी इलाकों में धूप निकल सकती है.
पिछले 4 दिन से हो रही बारिश
बता दें कि मध्यप्रदेश में पिछले 4 दिन से बारिश का दौर जारी है. इंदौर, शाजापुर, सीहोर, मंदसौर, उज्जैन, आगर-मालवा, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल और छिंदवाड़ा में भी बारिश हुई है. इंदौर में सोमवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही.