SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मैहर PM श्री स्कूल विवाद: भीम आर्मी ने लगाया ‘शुद्धिकरण’ का आरोप, नए प्राचार्य ने दी सफाई

मैहर जिले में एक सरकारी पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नए प्राचार्य के पदभार गृहण करने के दौरान जल छिड़कने का मामला सामने आया है. वहीं भीम आर्मी ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, प्राचार्य ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है.

Written By Manish Kushawah
Published: Oct 06, 2026, 08:52 PM IST | Updated: Oct 06, 2026, 08:55 PM IST
Image Credit: ZEE News
Join

मैहर जिले के अमरपाटन तहसील से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक माध्यमिक विद्यालय में नवपदस्थ प्राचार्य ने कार्यभार ग्रहण करने के दौरान प्राचार्य कक्ष में जल छिड़का है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद विवाद बढ़ गया. इस घटना के बाद भीम आर्मी ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर करीब एक घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंचे तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शनकारियों ने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

दरअसल, यह पूरा मामला अमरपाटन के करही स्थित शासकीय पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का बताया जा रहा है. जहां विद्यालय में पदस्थ प्राचार्य रामसखा वर्मा (कोरी) 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हुए थे. उनके जाने के बाद विद्यालय के वरिष्ठ रामसखेंद्र द्विवेदी को प्राचार्य का पदभार सौंपा गया है. भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो 1 अक्टूबर का है. जबकि प्राचार्य ने बताया कि 5 अक्टूबर का है.

वीडियो में क्या दिख रहा है?
वीडियो में प्राचार्य कक्ष के भीतर कुर्सी पर मां सरस्वती की तस्वीर रखी दिखाई दे रही है. नवपदस्थ प्रभारी प्राचार्य रामसखेंद्र द्विवेदी विधिवत पूजा-अ    र्चना करते हुए और हाथ में जलपात्र लेकर आसपास जल का छिड़काव करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान विद्यालय का अन्य स्टाफ भी वहां मौजूद था.

भीम आर्मी का गंभीर आरोप
वीडियो वायरल होने के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर के बाहर पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी. भीम आर्मी कार्यकर्ता सिद्धार्थ नालंदा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व प्राचार्य अनुसूचित जाति वर्ग से आते थे. उनके सेवानिवृत्त होते ही नए प्रभारी प्राचार्य रामसखेंद्र द्विवेदी ने पदभार संभालने से पहले कथित तौर पर गौमूत्र व गंगाजल से पूर्व प्राचार्य की कुर्सी और पूरे कक्ष का 'शुद्धिकरण' कराया. संगठन ने दलित समाज का अपमान बताते हुए प्राचार्य पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं प्रभारी प्राचार्य रामसखेंद्र द्विवेदी ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया. उन्होंने कहा 30 सितंबर को पूर्व प्राचार्य का पूरे सम्मान के साथ विदाई समारोह संपन्न हुआ था. उन्होंने मुझे प्रभार सौंपा था. कल 5 अक्टूबर के दिन विद्यालय आने पर स्टाफ ने पदभार ग्रहण के उपलक्ष्य में स्वागत कार्यक्रम रखा था. हमने मां सरस्वती की प्रतिमा रखकर सामान्य पूजा-अर्चना की थी. पूजा के दौरान जो जल अर्पित किया गया था, उसी पवित्र जल का छींटा दिया गया था. किसी तरह के शुद्धिकरण या भेदभाव का आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत और गलत है.

जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार रोशनलाल रावत मौके पर पहुंचे. प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को संभाला. तहसीलदार रोशनलाल रावत ने बताया कि भीम आर्मी द्वारा स्कूल के बाहर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया है. पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो की प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES