App

दो कत्ल की कसम और बाल न कटवाने की शपथ: दमोह में फिल्मी स्टाइल में मर्डर, जमानत पर आए युवक को कार से कुचलकर मारा

दमोह जिले में पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पथरिया थाना क्षेत्र के पास बाइक सवार दंपत्ति को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों नीचे गिर गए. नीचे गिरने पर हमलावरों ने पहले धारदार हथियारों से हमला किया, फिर कार से कुचलकर चीकू यादव की हत्या कर दी. इस जानलेवा हमले में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं.

दो कत्ल की कसम और बाल न कटवाने की शपथ: दमोह में फिल्मी स्टाइल में मर्डर, जमानत पर आए युवक को कार से कुचलकर मारा
Image Credit: दमोह में युवक की हत्या

अक्सर हिंदी फिल्मों में हत्या के बाद बदला लेने की कसम खाने और फिर बदले में हत्या किए जाने के दृश्य देखने को मिलते हैं. दमोह में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां हत्या के पुराने मामले से जुड़े पीड़ित पक्ष पर जमानत पर बाहर आए एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है. इस वारदात में केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि करीब आधा दर्जन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह मामला पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा बताया जा रहा है.

रविवार की देर शाम पथरिया से दमोह जाने वाले मार्ग पर सेमरा के पास लोगों ने गढ़ाकोटा निवासी 35 वर्षीय पदम उर्फ चीकू  यादव और उनकी पत्नी को गंभीर हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी और लोगों को लगा कि एक सड़क हादसा है. पुलिस मौके पर पहुंची तो युवकी की मौत हो चुकी थी और महिला गंभीर थी. शव और घायल महिला को पथरिया के सिविल अस्पताल लाया गया. होश में आने के बाद महिला ने जो बताया वो झकझोर देगा.

कार से टक्कर मारकर किया हमला

पीड़ित महिला ने बताया कि वो उसका पति एक बाइक से और उनका देवर दूसरी बाइक से सागर जिले से दमोह अपने घर जा रहे थे. सेमरा के पास एक कार ने उन्हें टक्कर मारी और जैसे ही पति पत्नी गिरे कार सवार लोगों ने उतरकर धारदार हथियारों से मारना शुरू किया और दोनों के साथ जमकर मारपीट की. जब मारने से मन नहीं भरा तो आरोपियों ने कार चालू करके बेरहमी से युवक को कुचल दिया. इस दौरान साथ चल रहा मृतक का भाई ये सब देखकर मौके से भाग गया. देर रात वो भी पथरिया पुलिस थाने पहुंचा.

पुरानी रंजिश में हत्या

मृतक के भाई अनिल यादव ने बताया कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश है. मामला कुछ सालों पुराना है, जिसमें सागर जिले के गढ़ाकोटा के रहने वाले एक शख्स की हत्या मौजूदा मृतक पदम उर्फ चीकू यादव और उसके भाई ने की थी. हत्या पुरानी रंजिश को लेकर हुई थीं. जिसके बाद से दोनों परिवारों मतलब गढ़ाकोटा और दमोह के यादव परिवारों के बीच रंजिश चल रही है. इस मामले में जेल गए पदम और उसका भाई एक साल पहले ही जमानत पर रिहा हुए थे.

पुलिस जांच में जुटी

रविवार की देर शाम जब पदम उसकी पत्नी और भाई अनिल यादव बाइक से दमोह जा रहे थे. मृतक पदम के भाई मुताबिक गढ़ाकोटा के यादव परिवार ने हत्या के बदले दो कत्ल करने की कसम खाई थी और जब तक हत्या न कर दें तब तक बाल भी न कटवाने की शपथ ली थी. अनिल ने बताया कि ये लोग कई दिनों से हमले की तलाश में थे और अब मौका देखकर हमला कर दिया. देर रात तक खुद जिले के एसपी पथरिया थाने में रहे और उन्होंने इस घटना की पुष्टि की. एसपी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्दी ही आरोपी गिरफ्त में होंगे.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja

Pooja

पूजा सिंह एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 5 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय (हाइपरलोकल) मुद्दों की सटीक व रियल-टाइम डिजिटल कवरेज पर उनकी मजबूत पकड़ है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूजा ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने Inshorts और नवभारत जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम करते हुए डिजिटल जर्नलिज्म, कंटेंट क्यूरेशन और न्यूज़ डेस्क ऑपरेशंस का अनुभव हासिल किया. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक हर जरूरी अपडेट तेजी से पहुंचे.पूजा सिंह से आप Pooja1.Singh@India.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More