MP में ठंड ने पकड़ी रफ्तार: पारा 10°C से नीचे लुढ़का; पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडा इंदौर, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है और तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंच गया है. आज (12 नवंबर) कहीं बारिश का अलर्ट नहीं है और मौसम साफ बना रहेगा.
मध्य प्रदेश में अब ठंड धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगी है और पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है. मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, शहडोल का कल्याणपुर, अनूपपुर का अमरकंटक और कटनी का करौंदी इस समय सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं, जहां बीती रात (10-11 नवंबर) कल्याणपुर में पारा सबसे कम 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हैरान करने वाली बात है कि प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में ठंड का प्रकोप देखने को नहीं मिल रहा है और 8 शहरों में पचमढ़ी से कम तापमान दर्ज किया गया. इंदौर में भी ठंड का असर बढ़ गया है और यहां पचमढ़ी से ज्यादा ठंडा रिकॉर्ड किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, बीती रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर का तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा. पचमढ़ी से कम तापमान रायसेन (12.8 डिग्री), छिंदवाड़ा (12.6 डिग्री), इंदौर (12.4 डिग्री), शाजापुर के गिरवर (11.8 डिग्री), दमोह (11.5 डिग्री), कटनी के करौंदी (10.4 डिग्री), अमरकंटक (10.1 डिग्री) और शहडोल के कल्याणपुर (9.9 डिग्री) में कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
भोपाल-जबलपुर में कैसा है मौसम का हाल?
कड़ाके की ठंड की शुरुआत के बीच राजधानी भोपाल और जबलपुर में तापमान में बढ़ोतरी हुई है. बीती रात भोपाल का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो एक दिन पहले मंगलवार रात को 13 डिग्री था. जबलपुर में भी तापमान बढ़ा है और यह 13.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो एक दिन पहले 13 डिग्री सेल्सियस था. इसके अलावा मंडला में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री, छतरपुर के नौगांव में 13.4 डिग्री, रीवा में 13.6 डिग्री और खजुराहो में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
MP में क्यों पड़ने लगी इतनी ठंड?
मौसम विज्ञान केंद्र के जानकारों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग समेत वेस्टर्न हिमालयन रीजन में शुरू हुई बर्फबारी और बारिश के दौर का सीधा असर मध्य प्रदेश के मौसम पर पड़ने लगा है. इस सिस्टम के गुजरने के बाद उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाएं राज्य में पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगी, जिससे रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे तीसरे और चौथे सप्ताह से प्रदेशभर में ठंड का असर और ज्यादा तेज हो जाएगा.
फिलहाल बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में आज कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है और फिलहाल मौसम साफ बना रहेगा. हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हो सकता है. उत्तरी हवाओं की वजह से ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में पारा लुढ़केगा.