UPI पेमेंट पर बड़ा बदलाव: MP में पेट्रोल पंप पर 2000 से ज्यादा का भुगतान बंद, 16 अक्टूबर से नया नियम
मध्य प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर 2000 रुपए से ज्यादा का भुगतान यूपीआई के जरिए नहीं होगा. पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने MDR चार्ज की वजह से यह फैसला लिया है. एसोसिएशन का दावा है कि इससे पंप संचालकों पर हर महीने अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा.
मध्य प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर UPI पेमेंट्स को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी चल रही है. यह व्यवस्था 16 OCT से प्रदेश के लगभग सभी 4700 पेट्रोल पंपों पर शुरू हो जाएगी. पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन का कहना है कि बड़े लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR लगने के बाद यह फैसला लेना पड़ेगा. अगर सरकार या ऑयल कंपनियां MDR पर छूट देती हैं, तो इस व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है.
पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह का कहना है कि 2000 रुपए से ज्यादा के यूपीआई लेन-देन पर 5 रुपए का समान MDR लागू है. ईंधन को रियायती श्रेणी में रखा गया है. इस पर 5 रुपए MDR पर 18 फीसदी GST जोड़ने के बाद प्रति लेन-देन लाग 5.90 रुपए होती है. अजय सिंह का कहना है कि हर पेट्रोल पंपर पर रोजाना औसतन 100 ऐसे ट्रांजेक्शन होते हैं, जिनकी कीमत 2000 रुपए से ज्यादा रहती है. इससे रोज 500 रुपए का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा.
हर पंप पर बढ़ेगा खर्चा
वहीं अजय सिंह ने आगे बताया कि UPI से होने वाले इन बड़े लेन-देन के कारण हर पेट्रोल पंप मालिक पर महीने का 17 हजार 400 रुपए का ज्यादा खर्चा बढ़ जाएगा. एसोसिएशन ने कहा कि पेट्रोल पंप का कारोबार पहले से ही छोटे मार्जिन वाला है, इसलिए यह खर्च उठाना मुश्किल होगा. मध्य प्रदेश के 4700 पेट्रोल पंपों को मिलाकर देखें तो करीब 8.17 करोड़ रुपए हर महीने मालिकों की जेब पर ज्यादा खर्चा आ जाएगा. इसी वजह से एमपी में पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन ने साफ कहा कि MDR शुल्क पर राहत नहीं मिली तो व्यवस्था लागू रहेगी.
सरकार से छूट की मांग
मध्य प्रदेश पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन का कहना है कि केंद्र सरकार की तरफ से 16 अक्टूबर से 2000 रुपए से ज्यादा के UPI ट्रांजेक्शन पर MDR शुल्क लागू किया जा रहा है, जो पेट्रोल पंपों के लिए व्यवहारिक नहीं है. उनका कहना है कि एक पंप पर 17,700 रुपये तक खर्च बढ़ेगा. अजय सिंह ने आगे बताया कि जिस तरह सरकार या ऑयल कंपनियां क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड पर MDR की छूट देती हैं, उसी तरह UPI पर भी राहत मिलनी चाहिए. अगर ऐसा नहीं हुआ तो 16 अक्टूबर से मध्य प्रदेश के किसी भी पेट्रोल पंप पर 2000 रुपए से अधिक का UPI भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा.
(रिपोर्टः ZEE News असाइनमेंट डेस्क)