SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

58 किलोमीटर का सफर...21 घंटे 20 मिनट का संघर्ष, लहरों को चीरकर भिंड के दिव्यांग पैरा तैराक सत्येंद्र लोहिया ने तीसरी बार रचा इतिहास

मध्य प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय पैरा स्विमर और पद्मश्री सम्मानित सत्येंद्र सिंह लोहिया ने यूके के डोवर से फ्रांस तक 58 किलोमीटर लंबे इंग्लिश चैनल को तीसरी बार सफलतापूर्वक पार कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनकी इस कामयाबी पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें बधाई दी है.

Written By Pooja
Published: Sep 27, 2026, 12:31 PM IST | Updated: Sep 27, 2026, 02:40 PM IST
Join

'शरीर थक सकता है, लेकिन हौसला नहीं… हम चल नहीं सकते, लेकिन हम रुकेंगे नहीं.' ये सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि उस जज्बे की आवाज है, जिसने भिंड के छोटे से गांव गाता से निकलकर दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण समुद्री तैराकी अभियानों में अपनी पहचान बनाई है. भिंड के दिव्यांग पैरा तैराक सत्येंद्र लोहिया ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. इंग्लैंड के डोवर से फ्रांस के तट तक उन्होंने 21 घंटे 20 मिनट तक लगातार तैरते हुए करीब 58 किलोमीटर का सफर पूरा किया और तीसरी बार इंग्लिश चैनल पार करने की उपलब्धि हासिल की.

24 सितंबर 2026 की सुबह 8 बजकर 58 मिनट पर डोवर तट से शुरू हुआ यह सफर आसान नहीं था. सामने था बेहद ठंडा समुद्र, तेज समुद्री धाराएं और हर पल बढ़ती शारीरिक थकान. डोवर से फ्रांस की सीधी दूरी भले ही करीब 36 किलोमीटर हो, लेकिन समुद्री धाराओं ने तैराकी का रास्ता घुमावदार कर दिया. नतीजा यह हुआ कि करीब 58 किलोमीटर तक समुद्र की लहरों से जूझते हुए सत्येंद्र आगे बढ़ते रहे. घंटे गुजरते गए, दिन ढला, रात ने समुद्र को अपने आगोश में ले लिया. ठंडे पानी में शरीर सुन्न पड़ने लगा, मांसपेशियां जवाब देने लगीं, लेकिन सत्येंद्र के हौसले ने हार नहीं मानी.

हर लहर के साथ एक ही लक्ष्य था फ्रांस का तट

इस चुनौतीपूर्ण सफर में गैलीबेंट नौका के चालक माइकल ओराम और पर्यवेक्षक मिस्टर पॉल लगातार उनके साथ रहे. अभियान CSPF यानी चैनल स्विमिंग एंड पायलट फेडरेशन के अंतर्गत पूरा किया गया. आखिरकार 25 सितंबर की सुबह 6 बजकर 18 मिनट पर वह ऐतिहासिक पल आया, जब 21 घंटे 20 मिनट के अथक संघर्ष के बाद सत्येंद्र फ्रांस के तट तक पहुंच गए. यह इंग्लिश चैनल पर उनकी तीसरी सफल पार यात्रा है. इससे पहले 24 जून 2018 को पहली बार और 19 जुलाई 2023 को दूसरी बार दोतरफा रिले के रूप में उन्होंने यह चुनौती पूरी की थी. गांव गाता की छोटी सी नदी बैसली से तैराकी का सफर शुरू करने वाले सत्येंद्र लोहिया का यह कारनामा आज दुनिया के समुद्र तक पहुंच चुका है.

फ्रांस के तट पर पहुंचने का भावुक पल

58 किलोमीटर का सफर 21 घंटे 20 मिनट का संघर्ष और तीसरी बार इंग्लिश चैनल पार करने की उपलब्धि यह सिर्फ एक तैराक की सफलता नहीं, बल्कि उस अदम्य साहस की कहानी है, जो शरीर की सीमाओं से कहीं आगे निकल जाती है. सत्येंद्र ने अपनी जीत टीम, परिवार, प्रायोजकों और देशभर के शुभचिंतकों को समर्पित किया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 5 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय (हाइपरलोकल) मुद्दों की सटीक व रियल-टाइम डिजिटल कवरेज पर उनकी मजबूत पकड़ है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूजा ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने Inshorts और नवभारत जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम करते हुए डिजिटल जर्नलिज्म, कंटेंट क्यूरेशन और न्यूज़ डेस्क ऑपरेशंस का अनुभव हासिल किया. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक हर जरूरी अपडेट तेजी से पहुंचे.पूजा सिंह से आप Pooja1.Singh@India.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES