एमपी कैबिनेट बैठकः सरकारी कर्मचारियों का बढ़ा 2% DA, प्रदेश में बनेंगे 15 नए सैटेलाइट टाउन, एक नजर में फैसले
मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुहर लगी है. इस बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप ने दी है. आइए आपको बैठक की अहम बातों के बारे में बताते हैं.
मंगलवार को एमपी सरकार की कैबिनेट बैठक हुई. बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी मिली है. कैबिनेट में 23 हजार 288 करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है. बैठक की अन्य जानकारी कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप ने दी है. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर धान खरीदी से लेकर सैटेलाइट टाउन समेत अन्य मुद्दों के बारे में विस्तार से बताया.
कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप ने बताया कि धान उपार्जन के लिए किसानों के पंजीय की तारीख बढ़ाकर 4 नवंबर कर दी गई है. उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश में 15 नए सैटेलाइट टाउन विकसित किए जाएंगे. मंत्री ने बताया कि सीएम मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित अर्बन डेवलपमेंट कार्यक्रम में भी इसका उल्लेख किया था. इसका मकसद शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करना है. साथ ही आसपास के इलाकों में बेहतर शहरी सुविधाएं विकसित करना है.
15 लाख रजिस्ट्रियां हो चुकी
साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के बारे में भी जानकारी दी. मंत्री चैतन्य कश्यप का कहना है कि ग्रामीणों को संपत्ति की रजिस्ट्री निशुल्क कराई जा रही है. अब तक करीब 15 लाख रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं. वहीं सरकार ने 15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्रियां पूरी करने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने आगे बताया कि इस योजना के तहत करीब 60 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है. मंत्री का कहना है कि जिन गांवों में 100 फीसदी रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं, वहां पर धनतेरस पर दीपावली मनाई जाए.
कहां होगी अगली कैबिनेट बैठक
इसके अलावा, कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप ने एक और अहम जानकारी देते हुए कहा कि एमपी सरकारी की अगली कैबिनेट बैठक 18 नवंबर को गांधी सागर में की जाएगी. यह डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक होगी इस बैठक में किसान कल्याण वर्ष और उद्योग वर्ष को ध्यान में रखते हुए कृषि और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर खास फोकस रखा जाएगा.
एक नजर में कैबिनेट के फैसले
1. धान उपार्जन के लिए रजिस्ट्रेशन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाने पर सहमति.
2. ग्रामीण प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के लिए 15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्री का लक्ष्य.
3. बोमा पद्धति से करीब 2,000 नीलगाय और हिरणों को शिफ्ट किया गया.
4. सरकारी कर्मचारियों के DA में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी.
5. 23,288 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी.
कैबिनेट बैठक की अहम बातें
1. सीएम ने की खरीदारी में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील
2. मध्य प्रदेश में 15 नए सैटेलाइट टाउन विकसित किए जाएंगे.
3. अगली कैबिनेट बैठक 18 नवंबर को गांधी सागर डैम पर होगी.
4. अगली बैठक किसान और उद्योग वर्ष पर केंद्रित रहेगी.
5. 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती पर तीन स्थानों पर बड़े आयोजन होंगे.
6. 5 नवंबर को सीएम हाउस में अहम बैठक होगी.
7. ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 15 लाख प्रॉपर्टी रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं.
8. ग्रामीणों को प्रॉपर्टी रजिस्ट्री निःशुल्क दी जा रही है.