Gen Z को साधने के लिए BJP का नया फंडा: रील बनाओ और जीतो 1 लाख रुपए, युवाओं के लिए शुरू हुआ ये अभियान
Voice Of Young India Campaign: एमपी में बीजेपी Gen Z को आकर्षित करने के लिए एक नई रणनीति अपनाई है. बीजेपी युवा मोर्चा ने वॉइस ऑफ यंग इंडिया अभियान शुरू किया है, जिसके तहत रील्स बनाने वाले युवाओं को 1 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा.
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने युवा मतदाताओं, खासकर 'Gen Z' को अपने साथ जोड़ने के लिए एक डिजिटल और अनोखा फंडा तैयार किया है. BJP युवा मोर्चा (BJYM) ने वॉइस ऑफ यंग इंडिया (Voice of Young India) नाम से एक खास अभियान शुरू किया है. इस अभियान का मुख्य मकसद राज्य के युवाओं की क्रिएटिविटी को बढ़ावा देना और साथ ही उन्हें पार्टी की विचारधारा और विकास के विजन से जोड़ना है.
अलग-अलग विषय पर बनानी होगी रील
इस पहल के तहत राज्य भर के स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्रों को 2 से 3 मिनट की रील्स बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. इन रील्स के विषय 'विकसित भारत', 'राष्ट्र निर्माण' और तीन अन्य प्रमुख सामाजिक राष्ट्रीय मुद्दों पर आधारित होंगे. युवाओं द्वारा बनाई गई रील्स को BJYM के आधिकारिक Facebook पेज पर अपलोड किया जाएगा.
रील बनाओ और जीतो 1 लाख रुपए
प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए बड़े इनामों की घोषणा की गई है. पहला स्थान पाने वाले युवा को ₹1 लाख, दूसरे स्थान पर रहने वाले को ₹50,000 और तीसरे स्थान के विजेता को ₹25,000 का इनाम दिया जाएगा. इसके अलावा टॉप 10 में जगह बनाने वाले सभी प्रतिभाशाली युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.
वॉइस ऑफ यंग इंडिया अभियान क्या है
यह कैंपेन देश के युवाओं खासकर जेन ज़ी को पार्टी और राष्ट्र-निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की एक नई पहल है. यह युवाओं को अपने विचार, भाषण और नए आइडिया (इनोवेशन) साझा करने के लिए एक मंच देता है. युवाओं तक पहुंचने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हुए, बीजेपी युवा मोर्चा ने वॉइस ऑफ यंग इंडिया कैंपेन शुरू किया है. इस पहल के जरिए, स्कूलों, कॉलेजों और दूसरे शिक्षण संस्थानों के छात्रों को छोटे वीडियो (रील्स) के माध्यम से अपनी बात रखने का मौका दिया जा रहा है. इसमें हिस्सा लेने वालों को 2 से 3 मिनट की रील बनानी होती है. युवा मोर्चा इस कैंपेन में छात्रों को सक्रिय रूप से शामिल कर रहा है और बनाई गई रील्स को अपने फेसबुक पेज पर अपलोड कर रहा है.
क्यों जरूरी हुआ Gen Z?
2024 और 2029 के बीच लाखों युवा (Gen Z) पहली बार वोटर लिस्ट में शामिल हो रहे हैं. यह पीढ़ी रैलियों या लंबे भाषणों के बजाय डिजिटल रील्स, मीम्स और 60-सेकंड के वीडियो से ज्यादा प्रभावित होती है. यही वजह है कि BJP उन तक सीधे उनके पसंदीदा प्लेटफॉर्म (Instagram और Facebook) के जरिए पहुंच रही है. यह सिर्फ रील बनाने का कोई मुकाबला नहीं है, बल्कि यह युवाओं का डेटाबेस बनाने और उनकी सोच को राष्ट्रवाद और विकास की नीतियों की ओर मोड़ने के लिए बनाया गया एक बड़ा डिजिटल एंगेजमेंट मॉडल है.