'अब मुसलमान भी हमसे पूछकर ईद मनाएंगे...', बीजेपी विधायक के बयान पर एमपी में सियासी घमासान, क्या बोला मुस्लिम समाज?
भोपाल के हुजूर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक के विवादित बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है. उनके बयान के बाद हिंदू समाज ने समर्थन किया तो मुस्लिम समाज ने नफरत करार दिया है.
मध्य प्रदेश में बीजेपी विधायक के एक विवादित बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. इस बयान की हर तरफ चर्चा हो रही है. राजनीतिक पार्टियों से लेकर आमजन तक इस बयान को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. कोई इस बयान का समर्थन कर रहा है, तो कोई इस बयान का विरोध कर रहा है. आइए जानते हैं कि विधायक ने ऐसा क्या कहा है जिससे प्रदेश में सियासी तूफान आ गया है.
दरअसल, हुजूर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि, "सूरज हमारा है और चांद हमारा है, मुसलमान भी अब हमसे पूछकर ईद मनाएंगे." इसके आगे उन्होंने कहा कि, "यदि भगवान शंकर धूनी रमाकर किसी गुफा में चले जाएं और वहां से चंद्रमा दिखाई न दे तो ईद मनाना भी मुश्किल हो जाएगा." विधायक रामेश्वर शर्मा ने यह बयान भोपाल में आयोजित स्वदेशी मेला 2026 के मंच से दिया था. इसका आयोजन स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन की तरफ से 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक किया जा रहा है.
मुस्लिम स्कॉलर ने क्या कहा?
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के इस विवादित बयान को मुस्लिम समाज ने नफरत करार दिया है. मुस्लिम स्कॉलर तौकीर निजामी का कहना है कि, "बीजेपी के विधायक केवल नफरत फैलाने का काम करते हैं." उन्होंने आगे कहा कि, "चांद, सितारे, तारे, सूरज, जमीन, जर्रा-जर्रा, रेशा-रेशा और दुनियाभर के रंगों का बंटवारा करते हो. इन सभी चीजों को अल्लाह ने सबके लिए बनाया है." इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि, "आप अपने दिमाग से नफरत निकाल दीजिए, ऐसी भाषा मध्य प्रदेश में नहीं चलेगी."
कांग्रेस ने क्यों जताई आपत्ति ?
वहीं कांग्रेस ने भी बीजेपी के इस बयान पर आपत्ति जताई है. कांग्रेस प्रवक्ता स्वदेश शर्मा ने कहा कि, " बीजेपी विधायक ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दी है." हिंदू-मुस्लिम में नफरत फैलाने को लेकर भी कांग्रेस प्रवक्ता स्वदेश शर्मा ने कहा कि, "हिंदू-मुस्लिम फैलाने के चक्कर में ऐसा बयान दे डाला है, जो एक अनपढ़ व्यक्ति भी नहीं दे सकता है." साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, "जिस प्रकृति की वजह से आप सांसे ले रहे हो, यहां हर जीव-जन्तु, पौधे, पहाड़, पर्वत, नदियां सब सांसे ले रही हैं, ये सब नेचर ही तो हैं." उन्होंने कहा कि, "ये बहुत बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है, जो इस तरह के बयान देते हैं."
अनिलानंद जी महाराज क्या बोले?
हालांकि, हिंदू समाज ने विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान का समर्थन किया है. अखिल भारतीय संत समिति के मध्य प्रदेश ईकाई के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद जी महाराज ने कहा कि, "विधायक रामेश्वर शर्मा ने सही बात कही है कि चांद की पूजा हिंदू भी करते हैं और चांद हमारा भी है." उन्होंने कहा कि, "सनातन धर्म में प्राचीन काल से ही सभी ग्रहों, उपग्रहों और जीव-जंतुओं की पूजा करने की परंपरा रही है. जो लोग आज चांद को अपना बता रहे हैं, उन्होंने अभी चांद देखकर यह समझा है, जबकि सनातन धर्म में सदियों से समस्त ग्रहों और प्रकृति की पूजा होती आ रही है. यह हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है."
बीजेपी प्रवक्ता ने भी दी प्रतिक्रिया
इसके बाद बीजेपी प्रवक्ता शाहवर आलम ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि, "रामेश्वर शर्मा के बयान को अन्यथा नहीं लेना चाहिए. उनका कहना है कि चंद्रमा देखकर ईद मनाई जाती है. भारत में कई त्योहार चांद देखकर मनाने की परंपरा है." उन्होंने कहा कि, "खासतौर पर करवा चौथ का व्रत भी चंद्रमा के दर्शन के बाद खोला जाता है और ईद भी चांद देखकर मनाई जाती है. ऐसे में रामेश्वर शर्मा की बात सही है कि ईद का त्योहार भी चंद्रमा देखकर ही मनाया जाता है."