मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) में एक बड़ी घटना घटी है, जहां टर्मिनल पर खड़ी वर्मा बस ट्रैवल्स की आठ बसों में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में सभी आठ बसें लपटों में घिर गईं और पूरी तरह जलकर राख हो गईं. आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है. वे इस घटना की दो अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रहे हैं- पहला कि यह कोई अचानक हुआ हादसा था या फिर इसके पीछे कोई सोची-समझी साजिश.
सच्चाई का पता लगाने के लिए ISBT और उसके आस-पास के इलाकों के CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है. आग वर्मा बस ट्रैवल्स की बसों में लगी. इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. सूचना मिलने पर दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग पर काबू पाने के लिए करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. इस घटना में चार बसें पूरी तरह जल गईं, जबकि चार अन्य को आंशिक नुकसान पहुंचा. ये सभी बसें डीजल से चलती थीं और सूरत, अहमदाबाद, पुणे, बालाघाट, छिंदवाड़ा और बैतूल के रूटों पर संचालित होती थीं. इन रूटों पर यात्रियों की यात्राएं रद्द कर दी गईं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे एक जोरदार धमाका सुनाई दिया. कुछ ही पल में एक बस में लगी आग पास खड़ी अन्य बसों तक फैल गई. बस मालिक का मानना है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है.
मामले में वर्मा बस ट्रेवल्स के मालिक ने किसी भी तरह की साजिश की आशंका से साफ तौर पर इनकार किया है. उन्होंने कहा कि किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था. इसके बावजूद, पुलिस प्रशासन किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन पड़ताल आगे बढ़ा रहा है.
भोपाल के ISBT में लगी भीषण आग ने सुरक्षा इंतजामों और अग्नि सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सार्वजनिक जगह पर आठ बसों का जल जाना न केवल बस ऑपरेटर के लिए एक बड़ा आर्थिक नुकसान है, बल्कि यह यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करता है. हालांकि बस मालिक ने किसी भी तरह की निजी दुश्मनी से इनकार किया है, लेकिन पुलिस फिलहाल CCTV फुटेज खंगाल रही है और हर संभावित पहलू की जांच कर रही है, जिससे जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है. इस घटना से सबक लेते हुए सभी बस टर्मिनलों पर पुख्ता सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है.