SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Exclusive: ऐसे अफसरों की जरूरत नहीं: MP में BJP सांसद और CM के एडिशनल सेक्रेटरी आमने-सामने, कांग्रेस को मिला हमले का मौका

मध्य प्रदेश में बीजेपी सांसद और सीएम कार्यालय में तैनात सीनियर अफसर के बीच शुरू हुई जुबानी जंग अब खुलकर सामने आ गई है. वहीं, पूरे मामले को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने में जुट गई है.

Written By Amitesh Pandey
Published: Nov 27, 2026, 16:34 IST | Updated: Nov 27, 2026, 16:51 IST
Image Credit: जी संवाददाता
Join

मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर शुरू हुई बयानबाजी अब सियासी टकराव में बदलती नजर आ रही है. मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ सीनियर अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम ने मंडला मेडिकल में देरी और मंडला के पिछड़े होने की बात कही तो बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अब पलटवार किया है.

यह है पूरा मामला

दरअसल, डिंडोरी पहुंचे कुलस्ते से जब मीडिया ने मरकाम के बयान पर सवाल किया तो उनका गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने अधिकारी को जमकर घेरा और उनकी कार्यशैली से लेकर राजनीतिक मंशा तक पर सवाल खड़े कर दिए. कुलस्ते ने कहा कि जब वे पिछली सरकार में मुख्यमंत्री के विशेष सहायक थे, तब लक्ष्मण सिंह मरकाम को मंडला, डिंडोरी और सिवनी के विकास की चिंता क्यों नहीं हुई? उन्होंने इस बयानबाजी की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही. इतना ही नहीं, कुलस्ते ने दो टूक कहा कि सरकार को ऐसे नौकरशाहों की जरूरत नहीं है, जो राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास करें.

प्रदेश सरकार को भी नहीं बख्शा

कुलस्ते ने इशारों में मरकाम की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर भी निशाना साधा. उन्होंने उनके बयानों को मंडला लोकसभा सीट से संभावित राजनीतिक दावेदारी से जोड़ने की कोशिश की. वहीं, इस पूरे विवाद में कुलस्ते ने प्रदेश सरकार को भी नहीं बख्शा और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए. एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ सीनियर अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम दो दिवसीय दौरे पर मंडला पहुंचे थे. प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल उठाते हुए बिना नाम लिए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पर निशाना साधा था.

कांग्रेस को मिला सरकार को घेरने का मौका

अब कुलस्ते के तीखे पलटवार के बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों से निकलकर प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है. वहीं, भाजपा सांसद और मुख्यमंत्री के एडिशनल एडिशनल सेक्रेटरी के बीच में भिंड़त को लेकर विपक्ष को मौका मिल गया. कांग्रेस ने कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि आपस में भिड़ रहे हैं. साथ ही, सांसद फगन सिंह के पार्लियामेंट को लेकर दिए बयान के बाद विपक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के संसद में चर्चा न होने के दावे पर भाजपा सांसद ने मुहर लगाई है.

'आदिवासियों के विकास के लिए काम कर रहा हूं'

सीएम के एडिशनल सेक्रेटरी लक्ष्मण सिंह मरकाम ने कहा कि मैंने मंडल के विकास की बात कही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर आदिवासियों के विकास के लिए काम कर रहा हूं. संसद में काम होते हैं. इस तरीके के बयानबाजी सांसद को नहीं बोलनी चाहिए.

यह भी पढ़ें : मोहन यादव ने किसानों को दी बड़ी सौगात, 536 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना शुरू
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES