एक रस्सा टूटने से उजड़ गए दो परिवार, मैहर में हाइड्रा ट्रॉली से गिरकर राजस्थान के 2 इलेक्ट्रिशियन की दर्दनाक मौत
मैहर के रामनगर के झिन्ना में निर्माणाधीन इनलेट बिल्डिंग में हाइड्रा ट्रॉली का रस्सा टूटने से 35 फीट ऊंचाई पर काम कर रहे दो इलेक्ट्रिशियन नीचे गिर गए. रीवा के संजय गांधी अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है.
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. रामनगर थाना क्षेत्र के झिन्ना में शनिवार देर शाम हाइड्रा ट्रॉली का रस्सा अचानक टूट गया. इस दौरान करीब 35 फीट की ऊंचाई पर बिजली फिटिंग का काम कर रहे दो इलेक्ट्रिशियन नीचे जमीन पर गिर पड़े. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
हाइड्रा ट्रॉली का रस्सा टूटते ही नीचे गिरे दोनों श्रमिक
जानकारी के मुताबिक, झिन्ना में एक निजी कंपनी की ओर से इनलेट बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा है. शनिवार देर शाम रणवीर सिंह और अशोक सिंह हाइड्रा की ट्रॉली पर सवार होकर करीब 35 फीट की ऊंचाई पर बिजली फिटिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान ट्रॉली को संभालने वाला रस्सा अचानक टूट गया. रस्सा टूटते ही ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और दोनों श्रमिक ऊंचाई से सीधे जमीन पर जा गिरे. हादसा इतना गंभीर था कि दोनों को सिर और शरीर में अंदरूनी चोटें आईं. घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई.
राजस्थान के ब्यावर के रहने वाले थे दोनों श्रमिक
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों की पहचान रणवीर सिंह और अशोक सिंह के रूप में हुई है. दोनों राजस्थान के ब्यावर सदर क्षेत्र के रहने वाले थे. वे यहां एक निजी कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर काम कर रहे थे. हादसे के तुरंत बाद अन्य कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, गंभीर चोटों के चलते डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद संजय गांधी अस्पताल चौकी पुलिस ने मैहर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद रामनगर थाना पुलिस की टीम रीवा पहुंची. पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस हादसे के बाद निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं. हाइड्रा ट्रॉली का रस्सा टूटने से दो लोगों की जान चली गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
नजीम सौदागर की रिपोर्ट