SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कटनी में 15 करोड़ की चोरी का पर्दाफाश: वारदात से एक दिन पहले ही शहर पहुंचा था गिरोह, CCTV में दिखे आरोपी

कटनी में 15 करोड़ की चोरी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि चोर 10 नवंबर को ही शहर में पहुंच गए थे. इनके सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 15, 2026, 18:26 IST | Updated: Nov 15, 2026, 18:30 IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

कटनी के बरगवां स्थित किसना हीरा एवं आभूषण केंद्र में हुई करीब 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी की जांच में अब एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. करोड़ों की इस चोरी को अंजाम देने वाला शातिर गिरोह वारदात से कई दिन पहले ही कटनी पहुंच चुका था. पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाश 11 नहीं, बल्कि 10 नवंबर को ही शहर में दाखिल हो गए थे. चार आरोपियों ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल गणपति प्लाजा में कमरा लेकर ठिकाना बनाया था. खास बात यह है कि इनमें से दो बदमाशों ने होटल में अपने आधार कार्ड भी जमा किए थे, और सभी चोरों की फोटो भी सामने आ चुकी है. जिनकी पुलिस जांच कर रही है.

जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है कि बदमाशों का निशाना सिर्फ किशना ज्वेलर्स नहीं था. गिरोह ने वारदात से पहले शहर के दूसरे ज्वेलरी शोरूम और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी रेकी की थी. गजानन कॉम्प्लेक्स सहित शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की मौजूदगी सामने आई है. अब पुलिस इन फुटेज के जरिए बदमाशों की शहर में आवाजाही, संपर्कों और उनकी पूरी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

अन्य राज्यों में चोरी के मामले मिले

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाला गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय पेशेवर गैंग है. यह गिरोह गैस कटर के जरिए बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देने में माहिर बताया जा रहा है. ओडिशा, मुंबई, दिल्ली और झारखंड सहित कई राज्यों में इस गिरोह से जुड़े सदस्यों के खिलाफ इसी तरह की चोरी के मामले सामने आए हैं. आशंका है कि बदमाश पहले शहर में ठिकाना बनाते हैं, फिर कई दिनों तक रेकी कर वारदात को अंजाम देते हैं और इसके बाद दूसरे राज्य में फरार हो जाते हैं.

आरोपियों को पकड़ने की कोशिश

फिलहाल पुलिस ने चोरी में शामिल बदमाशों को चिन्हित करने का दावा किया है. उनके हुलिए और पहचान से जुड़ी जानकारी जुटा ली गई है. झारखंड और उत्तरप्रदेश सहित अलग-अलग राज्यों में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. जांच में जबलपुर पुलिस की टीम भी सहयोग कर रही है. होटल के दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है.

ये भी पढ़ेंः पहले गोल्ड लोन बैंक, अब ज्वेलर्स शोरूम… कटनी में 15 करोड़ की चोरी से पुलिस के फूले हाथ-पांव, IG-DIG ने संभाला मोर्चा

टीमें मॉनिटरिंग के लिए रवाना हुई

एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने बताया कि सीनियर अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग चल रही है. उन्होंने कहा कि पहचान के आधार पर 6-7 संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित किया है. आगे बताया कि पुलिस अधीक्षक महोदय और आईजी के निर्देश के मुताबिक टीमें लगातार मॉनिटरिंग के लिए रवाना हो चुकी हैं. उन्होंने कहा कि सभी आरोपी दूसरे स्थानों के रहने वाले हैं. इन्होंने पहले से प्लानिंग की थी और घटना से दो दिन पहले यहां आए थे. जल्द ही मामले में सफलता मिलेगी.

(रिपोर्टः नितिन चावड़े, कटनी)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES