6 मौतें, 5 दिन बीते... फिर भी कार्रवाई नहीं, कटनी अग्निकांड पर बरही में व्यापारियों का फूटा गुस्सा, कही ये बातें
कटनी में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड मामले में 6 लोगों की मौत के बाद आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. व्यापारियों के साथ-साथ लोगों में काफी नाराजगी बनी हुई है. उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही नगर में दीपावली के मौके पर रात के समय भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में दो माह के मासूम समेत एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज नगर के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने नगर बंद कर विरोध प्रदर्शन किया.
वहीं व्यापारी ने बताया कि दीपावली की रात पूरन अग्रवाल और नितेश अग्रवार की क्रॉकरी की दुकान में भीषण आग लग गई थी. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. जिसके चलते घर में सो रहे दो माह के मासूम समेद 6 लोगों की मौत हो गई. इस भयानक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर और मातम का माहौल बन गया.
प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर काफी नाराजगी देखने को मिली है. लोगों ने आरोप लगाया है कि आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची दमकर विभाग की पांच गाड़ियां भी आग पर समय रहते काबू पाने में नाकाम रहीं. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि अग्निशमन व्यवस्था में कमियों और प्रशासनिक लापरवाही के चलते इतनी बड़ी त्रासदी हुई. हालांकि, इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है.
व्यापारियों ने बंद रखी दुकानें
बता दें कि इसी आक्रोश के चलते नगर के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी. वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा होकर नगर में विरोध मार्च निकालते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचे. यहां लोगों ने अग्निकांड के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 6 लोगों की मौत वाले इस अग्निकांड के बाद प्रशासन कब तक जांच तक ही सीमित रहेगी.
6 कांग्रेस पार्षदों ने उठाए सवाल
इससे पहले बुधवार के दिन बरही नगर परिषद के 6 कांग्रेस पार्षदों ने सामूहिक रूप से कलेक्टर को अपना त्यागपत्र सौंप दिया. पार्षदों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं. वहीं सभी पार्षदों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
मजिस्ट्रेट जांच के दिए गए आदेश
वहीं इस मामले पर जिला कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं. इसके लिए एक विशेष जांच समिति का गठन किया गया है, जिसे 30 दिनों के अंदर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. आदेश जारी होने के साथ ही जांच समिति ने घटनास्थल का मुआयना करने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और साक्ष्य जुटाने का काम तेजी से शुरू कर दिया है.