App

झाबुआ में गांजे की खेती पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 15000 से ज्यादा पौधे जब्त, कीमत 9.42 करोड़

झाबुआ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. कलमोड़ा गांव में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर गांजे के 15609 पौधे बरामद किए हैं.

झाबुआ में गांजे की खेती पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 15000 से ज्यादा पौधे जब्त, कीमत 9.42 करोड़
Image Credit: ZEE NEWS

मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कलमोड़ा गांव में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर गांजे के कुल 15,609 पौधे जब्त किए हैं. इनका कुल वजन 99 क्विंटल 16 किलो 427 ग्राम बताया जा रहा है. जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 9 करोड़ 42 लाख 1 हजार 430 रुपए आंकी गई है. मामले में तीन अलग-अलग केस दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कलमोड़ा गांव में पहाड़ी, तलहटी और दुर्गम क्षेत्रों में कपास की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती की जा रही थी. इसकी जानकारी मिलने पर चौकी पारा और कोतवाली पुलिस की टीम ने कार्रवाई की. पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर गांजे के पौधे बरामद किए. कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं.

तीन प्रकरणों में करोड़ों रुपए के पौधे जब्त
पहला मामला: अपराध क्रमांक 980/2026 के तहत पुलिस ने 6,011 गांजे के पौधे जब्त किए. इनका कुल वजन 47 क्विंटल 32 किलो 370 ग्राम तथा अनुमानित कीमत 4 करोड़ 49 लाख 57 हजार 515 रुपए बताई गई है. इस मामले में वेलसिंह पिता मोहरिया डामोर, निवासी ग्राम कलमोड़ा, के विरुद्ध कार्रवाई की गई है. पुलिस ने बताया कि खेती वन क्षेत्र की लगभग 1.086 हेक्टेयर भूमि पर की जा रही थी.

दूसरा मामला: अपराध क्रमांक 982/2026 में 5,308 गांजे के पौधे जब्त किए गए. इनका कुल वजन 34 क्विंटल 89 किलो 57 ग्राम तथा अनुमानित कीमत 3 करोड़ 31 लाख 50 हजार 915 रुपए बताई गई है. इस मामले में भमरसिंह पिता मोहरिया डामोर, निवासी ग्राम कलमोड़ा, के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है.

तीसरा मामला: अपराध क्रमांक 983/2026 के तहत 4,290 गांजे के पौधे जब्त किए गए. इनका कुल वजन 16 क्विंटल 94 किलो 500 ग्राम तथा अनुमानित कीमत 1 करोड़ 60 लाख 93 हजार रुपए आंकी गई है. इस मामले में बापु पिता मोहरिया डामोर, निवासी ग्राम कलमोड़ा, के विरुद्ध कार्रवाई की गई है.

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि प्रदेश में मादक पदार्थों की अवैध खेती, खरीद-बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन और इंदौर जोन ग्रामीण के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग और इंदौर रेंज ग्रामीण के पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देशों के पालन में यह कार्रवाई की गई. पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More