कार्रवाई और इस्तीफा: 2 साल बाद सागर में फिर वही कहानी, हटाए जाने के 7 दिन बाद IPS अनुराग सुजानिया ने छोड़ी नौकरी; इसी राह चले थे अभिषेक तिवारी
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब कांड से 37 लोगों की मौतें हो गई थी. उसके बाद जिले के एसपी को पद से हटा दिया गया है. महज 7 दिन बाद उन्होंने पुलिस सेवा से इस्तीफा भी दे दिया है. इससे पहले 2024 में एक और अधिकारी को हटाया गया था.
IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया है. महज 7 दिन पहले सागर जिले के एसपी पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा डीजीपी को सौंप दिया है. अधिकारी अनुराग सुजानिया ने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत कारणों और नई नौकरी तलाशने का हवाला दिया है. हालांकि, उनका इस्तीफा अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है. आइए जानते हैं कि कौन हैं IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया?
दरअसल, अनुराग सुजानिया मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के IPS अधिकारी हैं. अभी उनके रिटायर्ट होने में करीब 22 साल बाकी थे, लेकिन उन्होंने समय से पहले ही पुलिस सेवा को छोड़ने का फैसला कर लिया है. बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से सागर में जहरीली शराब कांड में 37 लोगों की मौतों के बाद 27 अक्टूबर को उन्हें एसपी पद से हटा दिया गया था. उसके बाद उन्हें पुलिस मुख्यालय में AIG की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
शराबकांड की कर रहे थे निगरानी
मिली जानकारी के मुताबिक, आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया सागर जहरीला शराबकांड की जांच की निगरानी कर रहे थे. इसी बीच एमपी सरकार की तरफ से उनका तबादला कर दिया गया. सूत्रों से यह भी पता चला है कि अनुराग सुजानिया सरकार के इस फैसले से खुश नजर नहीं आ रहे थे. लेकिन उन्होंने अपने इस्तीफे में तबादले के बारे में कोई जिक्र नहीं किया है. उन्होंने सिर्फ व्यक्तिगत कारणों के बारे में ही बताया है.
इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया
पता चला है कि IPS अधिकारी सुजानिया का इस्तीफा का स्वीकार नहीं किया गया है. पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा उनका आवेदन गृह विभाग को भेजेगी. इसके बाद प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण (DoPT) में निर्धारित प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
कौन हैं IPS अधिकारी अनुराग ?
1. अनुराग सुजानिया मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं.
2. उन्होंने M.Tech की डिग्री हासिल की है.
3. UPSC 2013 की परीक्षा में 451वीं रैंक हासिल की.
4. मुख्य परीक्षा में 617 और इंटरव्यू में 176 अंक प्राप्त किए.
5. 2 दिसंबर 2014 को IPS में शामिल हुए, दिसंबर 2017 में सेवा कंफर्म हुई.
6. टीकमगढ़, मंदसौर, मुरैना और सागर में SP रहे.
7. करेरा में SDOP और भोपाल पुलिस मुख्यालय में AIG की जिम्मेदारी संभाली.
8. हालिया तबादले से पहले करीब छह महीने तक सागर के SP रहे.
शराबकांड-सागर से जुड़े संयोग
1. मुरैना में भी जहरीली शराबकांड के बाद हटाए गए थे अनुराग सुजानिया
बता दें कि अधिकारी सुजानिया के करियर में यह दूसरा मौका है. जब जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद उन्हें एसपी पद से हटाया गया है. जनवरी 2021 में उनके मुरैना एसपी रहते जहरीली शराब पीने से 24 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. जांच में अवैध शराब की बिक्री में पुलिस के संरक्षण की बात सामने आई थी. इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री ने सुजानिया और जिला कलेक्टर को पद से हटा दिया था. अब सागर में जहरीली शराब से 37 मौतों के बाद उन्हें एसपी पद से हटाया गया.
2. दो साल पहले सागर के तत्कालीन एसपी अभिषेक तिवारी ने भी छोड़ी थी नौकरी
सुजानिया से पहले सागर जिले के तत्कालीन एसपी अभिषेक तिवारी ने भी पद से हटाए जाने के बाद पुलिस सेवा छोड़ने का फैसला किया था. अगस्त 2024 में शाहपुर में दीवार गिरने से 9 बच्चों की मौत के बाद उन्हें एसपी पद से हटाया गया था. इसके बाद वे दिल्ली में राष्ट्रीय तकनीकी अनुसंधान संगठन में प्रतिनियुक्ति पर चले गए. साथ ही जनवरी 2026 में 42 साल की उम्र में उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है.
बता दें कि अभिषेक तिवारी 2013 बैच के IPS अधिकारी रहे हैं. उन्होंने एलेक्ट्रॉनिक्स में B. Tech किया था. और IIM इंदौर से पढ़ाई भी की थी. बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए उन्हें दो बा राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित भी किया गया था.