इंदौर शूटिंग विवाद पर पुलिस कमिश्नर ने दिया जवाब: झूठे दावों से छवि खराब करने पर होगा एक्शन
इंदौर में वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान हुए विवाद में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह का बयान सामने आया. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.
इंदौर में वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान पुलिस प्रशासन और फिल्म मेकर के बीच उठे विवाद पर इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह का बड़ा बयान सामने आया है. निर्माता कपिल खड़िवाला द्वारा कनाड़िया पुलिस पर अड़चन डालने और वसूली के आरोपों को लेकर पुलिस कमिश्नर ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है. उन्होंने बताया कि संचार नगर स्थित कैफे में देर रात बिना अनुमति और नियमों के विपरीत हो रही शूटिंग पर पुलिस ने केवल समझाइश दी थी. पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया सेल के जरिए पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच की जा रही है अगर किसी पुलिसकर्मी की गलती पाई गई तो उस पर कार्रवाई होगी, लेकिन तथ्यहीन वीडियो डालकर पुलिस की छवि खराब करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
बिना अनुमति की शर्तों का पालन किए हो रही थी शूटिंग
इंदौर में फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान पुलिस पर अड़चन डालने और पैसों की मांग करने के आरोपों के बाद पुलिस कमिश्नरेट का रुख पूरी तरह सख्त हो गया है. मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए टीआई ने बताया कि गत 14 नवंबर की रात कनाड़िया थाना क्षेत्र के संचार नगर स्थित एक कैफे में देर रात तक बिना नियमों और अनुमति की शर्तों का पालन किए वेब सीरीज की शूटिंग की जा रही थी. रात अत्यधिक होने के कारण कनाड़िया पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर केवल नियमों का पालन करने की समझाइश दी थी.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के अनुसार, समझाइश से नाराज होकर निर्माता कपिल खड़िवाला द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पोस्ट शेयर की गई. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि प्रत्येक जोन और क्राइम ब्रांच में स्थापित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से इस पूरे मामले और वीडियो का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है.
भ्रामक जानकारी फैलाकर पुलिस की छवि धूमिल करने की कोशिश
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की त्रुटि सामने आती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, लेकिन यदि बिना तथ्यों के, भ्रामक जानकारी फैलाकर पुलिस की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है, तो संबंधित के खिलाफ वैधानिक प्रावधानों और प्रिवेंटिव ऑर्डर्स के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. कनाड़िया पुलिस ने निर्माता को सभी तथ्यों के साथ थाने में उपस्थित होने का नोटिस भी जारी कर दिया है.
यह भी पढ़ें : 17 साल की नाबालिग 6 महीने की गर्भवती, रायसेन में बाल विवाह के मामले में माता-पिता समेत 5 पर FIR; पति गिरफ्तार