33 से 38...फिर 46 संपत्तियां, इंदौर कॉन्स्टेबल मामले में हर दिन नए खुलासे, 64 करोड़ पार बताई जा रही कीमत
इंदौर के कॉन्स्टेबल के आय से अधिक संपत्ति मामले में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं. लोकायुक्त की कार्रवाई में अब तक 46 अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई है. इनकी बाजार में कीमत 64 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है. आइए जानते हैं कि और क्या-क्या नए खुलासे हुए हैं.
इंदौर में लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान की संपत्तियों को लेकर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. लोकायुक्त की जांच में अब तक आरोपी फिरोज खान, उसके सहयोगियों, परिवार और फर्म के नाम पर 46 अचल संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी मिली है.
जांच में पता चला है कि इन 46 संपत्तियों समेत चल-अचल संपत्तियों पर कुल 18 करोड़ 79 लाख रुपये से अधिक खर्च किया गया है. जबकि खरीदी गई अचल संपत्तियों की बाजार में कीमत 64 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है.
कई ठिकानों पर की गई कार्रवाई
वहीं इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के रंगवासा गांव और लसूड़िया मोरी क्षेत्र में जमीनों की खरीदी से जुड़ी जानकारियां भी सामने आई हैं. फिलहाल लोकायुक्त की तरफ से इन संपत्तियों और संबंधित फर्म के संबंध में आगे की जांच की जा रही है.
दरअसल, लोकायुक्त ने 14 अक्टूबर 2026 को प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के विभिन्न आवासों और अन्य ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की थी. लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और इंदौर लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई थी.
अब तक जांच में क्या - क्या मिला ?
अब 19 अक्टूबर 2026 तक की जांच में आरोपी की पहले से ज्ञात अचल संपत्तियों के अतिरिक्त कई अन्य संपत्तियों के संबंध में जानकारी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है. लोकायुक्त की जांच में इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के ग्राम रंगवासा में कृषि भूमि की खरीदी का मामला भी सामने आया है.
जांच के मुताबिक, साल 2023 और 2024 के दौरान रंगवासा गांव में अलग-अलग तारीखों पर लगभग 0.202 से 0.203 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाली कई कृषि भूमियों की खरीदी से संबंधित जानकारी मिली है. इन जमीनों का गाइडलाइन मूल्य लाखों रुपये में बताया गया है.
11.771 हेक्टेयर जमीन का खुलासा
इसके अलावा, जुलाई 2024 में इंदौर के लसूड़िया मोरी क्षेत्र में रेड कारपेट के पीछे 11.771 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिसका गाइडलाइन मूल्य लगभग 3 करोड़ 85 लाख रुपये बताया गया है.
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, उक्त जमीनों की खरीदी स्पार्कवेव रियलिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर की गई है. लोकायुक्त के मुताबिक, इस फर्म का संचालन आरोपी की पत्नी हिना खान और इंदौर निवासी युवराज पंवार के संयुक्त नाम से होना पाया गया है. फिलहाल लोकायुक्त इस फर्म से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है और संपत्तियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः 21 बैंक खाते, 33 अचल संपत्ति...मां और पत्नी के नाम ट्रेडिंग कंपनी, वर्दी की आड़ लेकर हेड कॉन्स्टेबल के ड्राइवर से करोड़पति बनने की कहानी
लोकायुक्त की अब तक की जांच में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक
1. 46 अचल संपत्तियां आरोपी, उनके सहयोगियों, परिवार और संबंधित फर्म के नाम पर खरीदी
2. 18 करोड़ 79 लाख 79 हजार 531 रुपये समस्त चल-अचल संपत्तियों पर खर्च किया गया.
3. 17 करोड़ 19 लाख 46 हजार 323 रुपये खरीदी गई अचल संपत्तियों का कुल गाइडलाइन मूल्य बताया गया है.
4. 64 करोड़ 1 लाख 11 हजार 768 रुपये इन अचल संपत्तियों की वर्तमान बाजार कीमत आंकी गई है.
ये भी पढ़ेंः लग्जरी होटल...नोटों की बारिश, रोशनी वर्मा के नाम ₹35 लाख प्रति बीघा जमीन का एग्रीमेंट, इंदौर के कॉन्स्टेबल की संपत्ति मामले में नया मोड़
लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान ने बताया कि प्रधान आरक्षक चालक है, उसके यहां 14 अक्टूबर को जांच की गई. जहां पर करीब 33 अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ था. उसे बाद कई लोगों ने सूचना दी थी कि तो यह संख्या 38 हो गई. आज फिर 8 संपत्तियों का खुलासा किया गया है. जो कि कुल 46 अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है. इन सभी में खुद और उसके परिजन शामिल हैं. इन सभी संपत्तियों की गाइडलाइन कीमत कुल 17 करोड़ 19 लाख रुपए बताई है. जबकि इनकी बाजार में कीमत लगभग 64 करोड़ रुपए बताई जा रही है. इसके अलावा, उन्होंने कारों, ट्रकों समेत कई अन्य चीजों के बारे में भी जानकारी दी है.