)
शिवपुरी जिले के एक युवक की पत्नी के ग्वालियर चिड़ियाघर से गायब होने का मामला सामने आया है. पति अपनी नई-नवेली दुल्हन को घुमाने के लिए ग्वालियर के जू लाया था. बताया जा रहा है कि पति ने पत्नी को पार्किंग के पास उतारा और बाइक खड़ी करने चला गया. कुछ मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो पत्नी वहां नहीं थी. इसी दौरान उसने देखा कि उसकी पत्नी किसी अज्ञात युवक के साथ बाइक पर बैठकर जा रही है. पूरी घटना चिड़ियाघर के पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है. फुटेज में महिला को बाइक पर जाते हुए साफ देखा जा सकता है. घटना के बाद पीड़ित पति ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
मंगलवार को शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र का रहने वाला एक 21 वर्षीय युवक बाइक पर बैठाकर अपनी 18 वर्षीय पत्नी के साथ घूमने और रिश्तेदारों से मिलने ग्वालियर आया था. पत्नी ने पहले चिड़ियाघर घूमने और उसके बाद रिश्तेदारों से मिलने की इच्छा जताई थी. यही वजह है कि युवक पत्नी के साथ चिड़ियाघर आया था. गेट के पास पत्नी को खड़ा करके बाइक पार्किंग में लगाने गया था, तभी पत्नी संदिग्ध परिस्थियों में गायब हो गई. युवक ने आस पास पूछताछ की तो पता चला कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक के साथ बाइक पर बैठकर चली गई है.
किसी और से साथ फरार हुई पत्नी
इसके बाद पीड़ित ने अपने चाचा के साथ थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी. मामला महिला के संदिग्ध परिस्थियों में गायब होने का था, तो पड़ाव थाना पुलिस हरकत में आ गई. मौका मुआयना करने के बाद आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तो एक तस्वीर में युवक की पत्नी किसी अन्य युवक के साथ बाइक पर बैठकर जाते हुए नजर आ रही है. इसके बाद पुलिस ने पीड़ित को सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरें दिखाईं. जिसे देखकर पीड़ित अपनी पत्नी को पहचान गया.
युवक की पहचान करने में जुटी पुलिस
साथ ही उसका दावा है कि उसकी पत्नी को बाइक पर बैठाकर ले जाने वाला अरमान खान है, जो उसका प्रेमी है. हालांकि अज्ञात युवक की अधिकृत तौर पर पहचान नहीं हो पाने के चलते पुलिस ने पीड़ित की फरियाद पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है. जिसमें पीड़ित युवक की पत्नी किसी अन्य युवक की बाइक पर बैठकर जाते हुए नजर आ रही है. फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान के हर संभव प्रयास शुरू कर दिए हैं.
(करतार सिंह राजपूत की रिपोर्ट)