SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'देश में कोई आदिवासी नहीं...', BJP विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने पार्टी से मांगा जवाब

गुना से बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने आदिवासियों को लेकर दिए बयान पर सियासत तेज हो गई है. वहीं कांग्रेस ने इस बयान पर सवाल उठाए हैं. साथ ही बीजेपी से इस पर आधिकारिक रुख स्पष्ट करने को कहा है.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 16, 2026, 13:01 IST | Updated: Nov 16, 2026, 13:05 IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

मध्य प्रदेश की गुना विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. उनके आदिवासियों को लेकर दिए बयान पर एक बार फिर से प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गया है. विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है. कांग्रेस ने कहा कि, 'क्या यह बीजेपी का आधिकारिक बयान है?'

दरअसल, रविवार के दिन बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया था. उसी दौरान बीजेपी विधाक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि, 'देश में कोई आदिवासी नहीं है.' उन्होंने कहा कि, 'भौगोलिक परिवार के आधार पर पहाड़ों पर रहने वाले गिरिवासी, वनों में रहने वाले वनवासी, गांवों में रहने वाले ग्रामवासी और शहरों में रहने वाले नगरवासी हैं.'

विधायक पन्नालाल ने क्या सवाल किया?

इतना ही नहीं विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक सवाल भी किया था कि, 'यदि तुम आदिवासी हो तो फिर हम क्या हैं, क्या हम बाहर से आए हैं?' इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि, 'मूल समाज में आदिवासी, पुरवासी, जनजाति, अनुसूचित जाति, अगड़े और पिछड़े जैसे भेद नहीं थे.' उन्होंने कहा कि, 'कुछ ताकतें समाज को बांटकर लोगों को आपस में उलझाए रखना चाहती हैं.'

'आदिवासी को मुख्यमंत्री नहीं बनाते हैं'

वहीं उन्होंने यह भी कहा कि, 'कुछ बड़े नेता मंचों से बाबा साहब डॉ. अंबेडकर का नाम लेते हैं, लेकिन किसी भी आदिवासी को मुख्यमंत्री नहीं बनाते हैं. उन्होंने कहा कि, 'ऐसी राजनीति में नेता के बेटे या भाई को ही कुर्सी मिलती है. आगे कहा कि, 'सभी परिवारवाद और जातिगत राजनीति के इसी चक्रव्यूह में फंसे हुए हैं.'

'BJP में आदिवासियों को लेकर मनमुटाव'

विधायक के 'देश में कोई भी आदिवासी नहीं है' वाले बयान पर कांग्रेस ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया है. कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने कहा कि, 'एक तरफ बीजेपी के नेता कहते हैं देश में कोई भी आदिवासी नहीं है. दूसरी तरफ प्रोग्राम करते हैं.' उन्होंने कहा कि, 'बीजेपी में आदिवासियों को लेकर मनमुटाव है.' वहीं उन्होंने यह भी कहा कि, 'कांग्रेस आदिवासियों के विकास के लिए काम करती है.'

नेता विपक्ष उमंग सिंघार ने उठाए सवाल

विधानसभा के नेता विपक्ष उमंग सिंघार ने भी विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान पर सवाल खड़ा किया है. उन्होंने सवाल करते हुए पूछा कि, 'क्या यह बीजेपी पार्टी का आधिकारिक बयान है?' वहीं उमंग सिंघार ने यह भी कहा कि, 'एक तरफ बीजेपी सरकार बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मना रही है. दूसरी तरफ मुख्यमंत्री निवास के पास आदिवासी हॉस्टलों हालत खराब पड़ी है.' उन्होंने सरकार से पूछा कि, 'सरकार बताए कि हॉस्टल का शिलान्यास कब होगा?'

कांग्रेस के आरोपों पर BJP का पलटवार

भाजपा प्रवक्ता हितेश वाजपेयी ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि, 'भाजपा सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए काम किया है.' उन्होंने कहा कि, 'आदिवासी क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं और अब 22 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी है, जिनमें जनजातीय इलाके भी शामिल होंगे.' हितेश वाजपेयी ने दावा किया कि, 'सरकार के प्रयासों से हर साल सैकड़ों आदिवासी बच्चे इंजीनियर और डॉक्टर बन रहे हैं.'

उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'उनके बच्चे विदेश में पढ़ते हैं.' उन्होंने जीतू पटवारी के बच्चों की पढ़ाई का भी जिक्र किया. वहीं, उमंग सिंघार को लेकर उन्होंने कहा कि, 'वे करोड़ों रुपये की कार लेकर घूमते हैं.' वाजपेयी ने तंज कसते हुए कहा कि, 'ऐसे आदिवासी नेता नहीं चाहिए.'

(इनपुटः ZEE MP-CG असाइनमेंट डेस्क )

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES