पुलिया से गिरी कार, बिखरे 54 लाख कैश और जेवरात; घायल निकला GST अधिकारी, संपत्ति को लेकर खड़े हुए बड़े सवाल
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में एटलन एक्सप्रेस-वे पर पुलिया से नीचे गिरी कार से 54 लाख रुपये की नकदी और लाखों की ज्वेलरी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है.
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एटलन एक्सप्रेस-वे पर हुए एक सड़क हादसे ने पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है. जावरा के पास अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिरी कार से दुर्घटना के बाद करीब 54 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं. इसके बाद जांच में सामने आया कि हादसे में घायल कार सवार गुजरात के वापी में पोस्टेड जीएसटी अधिकारी प्रवीण मीणा हैं, जो अपने परिवार के साथ सफर कर रहे थे.
जीएसटी अधिकारी की कार से इतनी बड़ी रकम और बेहिसाब संपत्ति मिलने के बाद सवाल उठने लगा है कि आखिर वो लाखों की ज्वेलरी और कैश लेकर क्यों यात्रा कर रहे थे. अब पुलिस और जांच एजेंसियां दुर्घटना से अलग संपत्ति के स्रोतों और इस संदिग्ध नगदी को लेकर विस्तृत जांच में जुट गई हैं, एक जीएसटी अधिकारी के साथ 54 लाख नकदी और लाखों अन्य ज्वेलरी मिलना कई सवाल खड़े करता है.
जांच के बाद होगा नकदी-ज्वेलरी लौटाने पर फैसला
पुलिस ने पूरी नकदी और ज्वेलरी की वीडियोग्राफी कर उन्हें अपने कब्जे में लिया है. पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान और जांच के बाद नकदी-ज्वेलरी लौटाने पर फैसला होगा. सवाल है कि आखिर इतनी बड़ी रकम और ज्वेलरी लेकर परिवार सफर क्यों कर रहा था? जबकि, यह एक बड़ा जोखिम भी है.
जीएसटी अधिकारी के साथ पत्नी और 2 बेटे घायल
कार में सवार पति-पत्नी और दो बच्चे घायल हुए हैं. पुलिस ने बताया कि यल प्रवीण मीणा (40) गुजरात के वापी में जीएसटी विभाग के अधिकारी हैं. इसके साथ उनकी पत्नी संतोष (37) और दो बेटे आदित्य (10) और अथर्व (8) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. शुरुआत में सभी को जावरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद वहां से रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.
राजस्थान के गंगानगर जा रहा था परिवार
पुलिस ने बताया कि गुजरात के वापी में जीएसटी विभाग में तैनात प्रवीण मीणा मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर के रहने वाले हैं और दिवाली की छुट्टी पर परिवार के साथ कार से सूरत से गंगानगर जा रहे थे. इसी दौरान गुरुवार शाम करीब 5 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर जावरा इंडस्ट्रियल एरिया में नीमन-नागदी के बीच कार का एक्सीडेंट हो गया. हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पतला पहुंचाया और कार की तलाशी ली. इसके बाद कार में 54.50 लाख रुपए नकद और आभूषण मिले. दो बैगों में 500 के नोट की 92 गड्डियां और 200 रुपए की 10 गड्डियां मिली है. (इनपुट- चंद्रशेखर सोलंकी)