App

बैतूल जिला अस्पताल में फर्जी डॉक्टर का भंडाफोड़: मोबाइल पर QR कोड भेजकर वसूलता था मोटी रकम, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बैतूल जिला अस्पताल में प्रसव और सीजर ऑपरेशन के नाम पर मरीजों के परिजनों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक फर्जी डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को डॉक्टर बताकर लोगों को बेहतर इलाज का झांसा देता था.

बैतूल जिला अस्पताल में फर्जी डॉक्टर का भंडाफोड़: मोबाइल पर QR कोड भेजकर वसूलता था मोटी रकम, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Image Credit: बैतूल जिला अस्पताल में फर्जी डॉक्टर का भंडाफोड़

मध्य प्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कोतवाली पुलिस ने एक शातिर व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. यह व्यक्ति डॉक्टर बनकर मरीजों के परिजनों को ठगता था. आरोपी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती महिलाओं के परिजनों को फोन करता था और उन्हें बेहतर इलाज या सिजेरियन ऑपरेशन कराने का झांसा देता था. इसके बाद वह उनके मोबाइल फोन पर एक QR कोड भेजता था और उन्हें बेवकूफ बनाकर UPI के जरिए हजारों रुपये ट्रांसफर करवा लेता था.

मोबाइल पर QR कोड भेजकर लेता था पैसे

19 अक्टूबर को मंडई खुर्द के रहने वाले विजय नागले की पत्नी को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस दौरान एक शख्स ने फोन किया और खुद को डॉक्टर बताकर 5,000 रुपये की मांग की. उसने दावा किया कि इससे सिजेरियन ऑपरेशन बेहतर तरीके से हो सकेगा. आरोपी ने एक QR कोड भेजा, जिसके जरिए परिवार ने 5,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए. इसी तरह अस्पताल में भर्ती एक अन्य महिला के परिवार से भी 5,000 रुपये मांगे गए, जिसमें से 3,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए. इसके अलावा 14 अक्टूबर को कविता पिपरदे के परिवार से भी  सिजेरियन डिलीवरी के नाम पर 6,000 रुपये की मांग की गई और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए 3,000 रुपये ले लिए गए.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

इस घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया और एक विशेष टीम का गठन किया. तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन रिकॉर्ड के जांच के आधार पर आरोपी की पहचान जितेंद्र खाकरे के रूप में हुई, जो आठनेर थाना क्षेत्र के खापा गांव का रहने वाला है. 27 अक्टूबर को पुलिस टीम ने आरोपी को घेरकर गिरफ्तार कर लिया.

इंदौर और भोपाल से भी सामने आए मामले

पुलिस जांच में इंदौर और भोपाल में भी धोखाधड़ी के ऐसे ही मामले सामने आए हैं. भोपाल में आरोपी ने कथित तौर पर हमीदिया अस्पताल के डॉक्टर का रूप धरा और प्रसव के दौरान बेहतर इलाज का वादा करके UPI के जरिए पैसे वसूले. इंदौर में सर्जरी और इलाज के नाम पर इसी तरह ऑनलाइन पैसे ऐंठने के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इन अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है.

रूपेश कुमार की रिपोर्ट
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More