App

एमपी में नशे पर प्रहारः 13 करोड़ का नशा जब्त, 1600 आरोपी जेल में बंद, डिप्टी सीएम ने CM योगी से क्यों की बात?

प्रदेश में नशे पर चल रही कार्रवाई को लेकर डिप्टी सीएम ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार छोटा हो या बड़ा, किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा. सबसे खास बात यह है कि डिप्टी सीएम ने सीएम योगी से भी बात की है.

एमपी में नशे पर प्रहारः 13 करोड़ का नशा जब्त, 1600 आरोपी जेल में बंद, डिप्टी सीएम ने CM योगी से क्यों की बात?
Image Credit: ZEE NEWS

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने साफ कहा है कि नशे के कारोबार में शामिल छोटे हों या बड़े, किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि सभी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा.

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बताया कि पूरे विन्ध्य में अब तक करीब 13 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं, जबकि नशा तस्करी से जुड़े मामलों में 1600 आरोपी जेल में बंद हैं. इसके अलावा करीब 10 करोड़ रुपये कीमत के वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल नशे की तस्करी में किया जाता था.

नशा के खिलाफ रणनीति
वहीं उन्होंने आगे कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मध्य प्रदेश को और पूरे विन्ध्य को नशामुक्त बनाने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की गई है. खास तौर पर रीवा और विंध्य क्षेत्र में नशीली कफ सिरप, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रणनीति तैयार की गई है.

सीएम योगी से भी बात
साथ ही, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने नशीली कफ सिरप की तस्करी पर कहा, पहले उत्तर प्रदेश की सीमा के रास्ते मध्य प्रदेश में नशीली कफ सिरप आने की समस्या सामने आती थी. इस पर अधिकारियों से चर्चा की गई. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में नशीली कफ सिरप को एनडीपीएस कानून के दायरे में लाने के बाद जिस तरह कार्रवाई की जा रही है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए गए हैं.

कामयाब नहीं होने देंगे
डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से जुड़े छोटे-बड़े किसी भी नेटवर्क को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा. नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा. उन्हें पकड़कर जेल भेजा जाएगा. इसके साथ ही नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को सुधारने और उन्हें मुख्यधारा में वापस लाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं.

गृहमंत्री ने क्या कहा था?
इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह ने भी नशे पर ऐलान किया था. उन्होंने 3 अक्टूबर को राजधानी भोपाल के दशहरा मैदान में एक कार्यक्रम के दौरान संकल्प लिया था कि 31 दिसंबर 2029 तक प्रदेश को नशामुक्त बनाना है. गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम मोहन यादव और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लक्ष्य को हासिल करने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने की बात कही थी. उन्होंने प्रदेश की माताओं से भी अपील की थी, कि वे अपने बच्चों को नशे की लत लगने से पहले सतर्क रहें. उन्होंने भरोसा भी दिलाया था कि 31 दिसंबर 2029 के बाद प्रदेश में बच्चों के लिए नशे की कोई जगह नहीं होगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More