चोर ने पुलिस को बताया नाम, जमानत पर बाहर आते ही दी तालिबानी सजा, दमोह हाईवे पर बरसाईं ताबड़तोड़ लाठियां
दमोह जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें सरेआम स्टेट हाईवे पर चोर ने चोर को ही तालिबानी सजा दी है. फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच कर रही है.
मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बदमाश और चोर ने अपने ही साथी चोर को तालिबानी सजा दी. उसके हौसले तो देखिए, उसने बाकायदा इस घटना का वीडियो बनवाया और खुद ही उसे वायरल भी कर दिया. मामला दमोह के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना कस्बे का बताया जा रहा है.
दरअसल, यहां दमोह-कटनी हाईवे पर एक शख्स दूसरे शख्स को बेरहमी से लाठी से पीटता दिखाई दे रहा है. यह नजारा देखकर कोई भी कांप जाए. इतना ही नहीं, वहां कोई अन्य व्यक्ति इस पूरी घटना का वीडियो भी शूट कर रहा है. पीटने वाला शख्स गंदी-गंदी गालियां देते हुए पिट रहे व्यक्ति से माफीनामा बुलवा रहा है.
इलाके में फैल गई सनसनी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जब मामले की पड़ताल की गई तो पता चला कि पीटने और पीटने वाले दोनों ही शातिर चोर हैं. दरअसल, कुछ दिन पहले चोरी के एक मामले में पुलिस ने छोटेलाल नाम के चोर को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान छोटेलाल ने अपने साथ साहब लाल नाम के चोर के शामिल होने की बात बताई थी.
साहब लाल की तलाश जारी
इसके बाद पुलिस ने छोटेलाल को जेल भेज दिया, जबकि साहब लाल की तलाश जारी रखी. इस बीच कोर्ट से जमानत मिलने के बाद छोटेलाल जेल से बाहर आ गया. साहब लाल पुलिस को तो नहीं मिला, लेकिन उसने जमानत पर रिहा हुए छोटेलाल को ढूंढ निकाला. इसके बाद उसने पुलिस को अपना नाम बताने की सजा कुछ इस अंदाज में दी, जिसे तालिबानी सजा कहा जा सकता है.
सरेआम लाठी से पीटता रहा
साहब लाल स्टेट हाईवे पर सरेआम छोटेलाल को लाठी से पीटता रहा. रास्ते से गुजर रहे लोग दहशत के चलते रुकने की हिम्मत तक नहीं जुटा सके और वह लगातार उसे पीटता रहा. वायरल वीडियो सामने आने के बाद जब मामले की जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि पीड़ित छोटेलाल जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः सीएम जनसुनवाई में युवक का हंगामाः मकान की रजिस्ट्री अटकी तो ईंट से फोड़ने लगा सिर, UPSC के लिए भी किया था कर्ज
पुलिस को सुनाई आपबीती
पीड़ित छोटेलाल ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने एक बार फिर साहब लाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया है. सीएसपी एच. आर. पांडे ने बताया कि साहब लाल एक शातिर बदमाश है. इस घटना को अंजाम देने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
(रिपोर्टः महेंद्र दुबे, दमोह)