दमोह में रिश्ते शर्मसार: पहले मौसेरा भाई... फिर जीजा ने नाबालिग को बनाया हवस का शिकार, गर्भवती होने पर खुला राज
दमोह जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ दो अलग-अलग रिश्तेदारों ने हवस का शिकार बनाया. पहले मौसेरा भाई, दूसरा जीजा ने अकेले पाकर दुष्कर्म किया. पीड़िता दोनों की धमकियां झेलती रही. फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मध्य प्रदेश के दमोह जिले से रिश्तों को तार-तार करने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी के दिल को झकझोर कर रख दिया है. मामले में मौसेरा भाई और जीजा ने अलग-अलग नाबालिग को अपना हवस का शिकार बनाया है. इन दोनों की करतूत तब खुली, जब सरकारी अस्पताल में लाई गई नाबालिग के गर्भवती की रिपोर्ट सामने आई.
दरअसल, हिंडोरिया के सरकारी अस्पताल में पेट दर्द की शिकायत के बाद एक नाबालिग लड़की को उसके परिजन लेकर गए. जहां पर डॉक्टरों ने बारीकी से जांच की तो पता चला कि लड़की के पेट में 4 महीने का गर्भ पल रहा है. यह जानकर सभी के होश उड़ गए. परिजन तो हैरत में पड़ गए कि लड़की गर्भवती कैसे हुई?
पीड़िता ने परिजनों को सुनाई आपबीती
जब तड़पती नाबालिग ने मुंह खोला. वहां मौजूद सभी लोगों में सनसनी फैल गई. इस दौरान लड़की ने परिजनों को आपबीती सुनाई. उसकी बातों में धमकी की लंबी कहानी और दहशत का साया था. पीड़ित नाबालिग की आपबीती सुनकर परिजन उसे साथ में लेकर थाने पहुंचे. जहां पर उसने जो भी बताया उसे सुनकर पुलिस वाले भी हैरान रह गए.
मौसेरे भाई ने बनाया हवस का शिकार
पीड़िता के मुताबिक, पहले उसके मौसेरे भाई ने हवस का शिकार बनाया, बीते जून महीने में नाबालिग अपनी मौसी के घर गई थी. उसके मौसेरे भाई ने उसके साथ जबरदस्ती की और लड़की को डराया धमकाया. इसी महीने में कई दफा उसके साथ दुष्कर्म किया. लड़की धमकी के बीच खामोश रही और सब सहन करती रही.
जीजा ने भी अकेले पाकर किया दुष्कर्म
इधर, एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने जीजा के घर गई थी. वहां पर भी नाबालिग के ऊपर उसके जीजा की नियत बिगड़ गई. पीड़िता ने बताया उसके जीजा ने भी अकेले पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. जीजा ने उसे उसकी बहन और परिवार को जान से मारने की धमकी दी. उसने मुंह बंद करने को कहा.
दो - दो जगहों की झेलती रही धमकियां
पीड़िता तो पहले से ही डरी सहमी थी. उसका जीजा भी धमकाने लगा. नाबालिग दो-दो करीबी रिश्तेदारों की धमकियों को झेलती रही. अंदर ही अंदर घुटकी रही और तकलीफ भी सहन करती रही. वह किसी को हकीकत के बारे में भी नहीं बता पा रही थी. फिर जब समय आया तो कृत्य अश्लील ही नहीं बल्कि अमानवीय रहा.
दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
जिले के देहात थाना में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों मौसेरे भाई और उसके जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. दमोह एसपी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम बनाई और दोनो पुलिस की गिरफ्त में आ गए. थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन दोनों को जेल में भेज दिया. वहीं पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसका इलाज कराया जा रहा है.
(रिपोर्टः महेंद्र दुबे, दमोह)