App

शहडोल को CM मोहन यादव की 357 करोड़ की सौगात, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 नवंबर को शहडोल जिले के ब्यौहारी में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव सप्ताह अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी की और उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया.

शहडोल को CM मोहन यादव की 357 करोड़ की सौगात, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण
Image Credit: सीएम मोहन यादव ने आदिवासी समाज को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है.

राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव सप्ताह के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 नवंबर को शहडोल के ब्यौहारी पहुंचकर आदिवासी समाज को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है. भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया और रिमोट का बटन दबाकर जिले में 357.71 करोड़ रुपये की लागत वाले 82 निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि-पूजन किया. इस दौरान सीएम मोहन यादव ने मंच से पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम में सम्मिलित जनजातीय समाज के प्रतिभागियों और जनता का अभिनंदन किया.

जनजातीय समाज की पारंपरिक रीति-रिवाजों से पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री ने मंच से उपस्थित जनसमुदाय पर पुष्प वर्षा कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया. इस दौरान उन्होंने न केवल शिक्षा, बिजली और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के संकल्प को दोहराया, बल्कि शहडोल क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए अगले महीने 4,000 करोड़ रुपये की नई औद्योगिक इकाई का भूमि-पूजन करने और जनजातीय अंचलों से नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे का भी प्रमुखता से उल्लेख किया.

भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ी लड़ाई...

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देश-धर्म के लिए स्वयं को बलिदान कर दिया. धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी और विजय श्री हासिल की. अपना देश, अपना राज का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के महानायक थे. आदिवासी जननायक वीर बूदु भगत और मदारा महतो ने 1831 और 1832 में अद्वितीय लड़ाई लड़ी थी. उन्हें भी जनजातीय सप्ताह के कार्यक्रम में हम स्मरण कर रहे हैं. राज्य सरकार ने वीरांगना रानी दुर्गावती का स्मरण कर जबलपुर से इस सप्ताह का शुभारंभ किया था. इसके बाद धार में लगभग 1400 करोड़ की लागत से निर्मित माइकों उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी.

शहडोल को CM मोहन यादव की 357 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ की लागत के 82 विकास कार्यों की सौगात दी, जिसमें 10 कार्यों का लोकार्पण भी शामिल है. जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय, स्नानगृह, सीसी रोड, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय कक्ष एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जयसिंह नगर को 291 करोड़ की लागत से बिजली की सुविधा भी मिलेगी. शहडोल सहित सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए हमारी सरकार संकल्पित है. जनकल्याणकारी कार्यों के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा.

अगले महीने 4000 करोड़ रुपये की नई औद्योगिक इकाई का भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शहडोल में अगले महीने 4000 करोड़ रुपए लागत की नई औद्योगिक इकाई का भूमि-पूजन किया जाएगा. बच्चों को सांदीपनि विद्यालयों की सौगात मिल रही है. पीएम जनमन, नल से जल, उज्जवला गैस कनेक्शन, पीएम आवास जैसी अनेक सौगातें जनजातीय क्षेत्रों को मिल रही है. सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकारों ने वर्ष 2002-03 से लेकर अब तक कुल 60 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया है. एक समय ऐसा था, जब प्रदेशवासियों को रात को भी बिजली नहीं मिलती थी. हमारी में मध्य प्रदेश बिजली सरप्लस राज्य बना है.

नक्सलवाद का हुआ खात्मा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में जनजातीय समुदाय में 43 जातियां शामिल हैं. प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवाएं दौड़ेंगी. वन अधिकार पट्टे मालिकों को भी नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ मिलेगा. मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के माध्यम से अब तक ग्रामीण आबादी की 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है. हमारा लक्ष्य 50 लाख रजिस्ट्रियां करने का है. प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने देश में सबसे पहले नक्सलियों का खात्मा कर लाल सलाम को आखिरी सलाम किया है. एक समय ऐसा था, जब लोग शहडोल, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी आने से डरते थे. हमारी सरकार ने नक्सलवाद की बीमारी को जड़ से खत्म किया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हर घर दुग्ध उत्पादन बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार पशुपालन को प्रोत्साहन दे रही है, साथ ही सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को बेहतर कीमतें दिलवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More