App

भीलवाड़ा में सिटी और मिनी बसों की भी होगी जांच, सुरक्षा उपकरण नहीं मिले तो कटेगा चालान

भीलवाड़ा में अब सिटी और मिनी बसों की भी सुरक्षा जांच होगी. निरीक्षण में कई बसों में अग्निशमन यंत्र और सेफ्टी बॉक्स नहीं मिले. प्रशासन ने संचालकों को एक दिन की मोहलत दी है. इसके बाद कमी मिलने पर चालान काटा जाएगा.

भीलवाड़ा में सिटी और मिनी बसों की भी होगी जांच, सुरक्षा उपकरण नहीं मिले तो कटेगा चालान
Image Credit: Bhilwara News

भीलवाड़ा में बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. अब स्लीपर और लग्जरी बसों के साथ सिटी बसों और मिनी बसों की भी जांच की जाएगी. राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में बसों के अग्निशमन यंत्र, सेफ्टी बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी. निरीक्षण के दौरान कई बसों में सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने पर संचालकों को एक दिन की मोहलत दी गई है. इसके बाद कमी मिलने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी.

निजी और मुख्य बस स्टैंड पर चला जांच अभियान

भीलवाड़ा के निजी बस स्टैंड और मुख्य बस स्टैंड पर बसों की सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए अभियान चलाया गया. प्राधिकरण सचिव रश्मि आर्य के साथ परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने बसों का निरीक्षण किया. इस दौरान पांच से सात बसों की जांच की गई. इनमें कई बसों में अग्निशमन यंत्र और सेफ्टी बॉक्स नहीं मिले. अधिकारियों ने बस संचालकों को तत्काल जरूरी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए.

सिटी बसों और मिनी बसों को भी अभियान में किया शामिल

दरअसल, जुलाई-अगस्त में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर स्लीपर और लग्जरी बसों की जांच की गई थी. देश के अलग-अलग हिस्सों में बसों में आग लगने की घटनाओं के बाद सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया गया था. अब इस अभियान का दायरा बढ़ाते हुए सिटी बसों और मिनी बसों को भी शामिल किया गया है.

एक दिन की मोहलत, कल से कटेंगे चालान

अधिकारियों ने बस संचालकों को एक दिन का समय दिया है. निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक बस में अग्निशमन यंत्र, सेफ्टी बॉक्स और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था होनी चाहिए. इसके साथ ही फिटनेस सर्टिफिकेट, पीयूसी और अन्य जरूरी दस्तावेज भी पूरे होने चाहिए. चेतावनी दी गई है कि कल से जांच के दौरान इन व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर चालान काटे जाएंगे. अभियान में DTO की टीम, ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों के कर्मचारी शामिल रहेंगे.

यात्रियों की सुरक्षा है अभियान का उद्देश्य

प्रशासन के अनुसार, इस अभियान का मकसद राजस्व वसूली नहीं, बल्कि यात्रियों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. आमजन से भी अपील की गई है कि वे ऐसी बसों में सफर करने से बचें, जिनमें अग्निशमन यंत्र, सेफ्टी बॉक्स और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More