नेहरू से राहुल गांधी तक… सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस के किस मुद्दे पर उठाए सवाल, क्यों कही ये बात?
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने सीएम राहुल गांधी पर भी पलटवार करते हुए उनके बयान पर गद्दारी करार दिया है.
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर दौरे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग को लेकर दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए सीएम यादव ने इसे देश के साथ ‘गद्दारी’ करार दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि जब इसी चुनाव आयोग के तहत केरल में कांग्रेस को जीत मिली, तब पार्टी ने कोई शिकायत क्यों नहीं की?
सीएम मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी के पास चुनाव आयोग को लेकर बयानबाजी करने के अलावा, कोई मुद्दा नहीं है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन का जिक्र करते हुए कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास पर भी निशाना साधा.
पहले देश में करीब 600 रियासतें
आगे उन्होंने कहा कि आजादी से पहले देश में करीब 600 रियासतें थी. आजादी के बाद राजाओं और महाराजाओं ने अपने अधिकार छोड़ दिए, लेकिन बाद में एक ही परिवार ने सत्ता पर अपना अधिकार समझना शुरू कर दिया. उन्होंने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी का जिक्र
करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
केरल चुनाव में जीत पर बोले CM
वहीं सीएम मोहन यादव ने केरल में कांग्रेस की जीत का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पार्टी इसी चुनाव आयोग के तहत चुनाव जीतती है, तब उसको लेकर आयोग पर सवाल नहीं उठाते. उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने भी एसआईआर को लेकर अपनी राय रखी है.
सभी को बात रखने का अधिकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी को भी अराजकता फैलाने का अधिकार नहीं है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि बीजेपी और एनडीए को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और असम समेत कई राज्यों में जनता का समर्थन मिल रहा है.