छिंदवाड़ा 16 एकड़ जमीन विवाद: गोंडवाना पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष गिरफ्तार, नकली लोकायुक्त बनकर धमकाने का आरोप
छिंदवाड़ा में आदिवासी परिवार की 16 एकड़ जमीन के सौदे से जुड़े मामले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष देवरावेन भलावी गिरफ्तार हो गए हैं. आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है?
छिंदवाड़ा में आदिवासी की 16 एकड़ जमीन की खरीदी-बिक्री के मामले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष देवरावेन भलावी उर्फ देवीराम को कुंडीपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. देवरावेन भरावी पर जमीन के सौदे को लेकर रुपए मांगने नकली लोकायुक्त अधिकारी बनकर दबाव बनाने और कार्यवाही का डर दिखाने के आरोप है.
मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 9 महीने पुराने इस मामले में फरियादी पक्ष की याचिका पर न्यायालय ने पहले ही चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच के आदेश दिए थे. कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है. पुलिस उन्हें दोपहर 3 बजे न्यायालय में पेश किया है और जेल भेज दिया है.
जमीन से जुड़ा है ये मामला
दरअसल, यह पूरा मामला माल्हनवाड़ा में एक आदिवासी परिवार की 16 एकड़ जमीन की खरीदी-बिक्री से जुड़ा बताया जा रहा है. फरियादी अल्फाज शाह उर्फ गोलू का दावा है कि उन्होंने कलेक्टर के आदेश से यह जमीन खरीदी थी. इसके बाद जमीन के सौदे को लेकर विवाद शुरू हो गया.
देवरावेन भलावी पर आरोप
फरियादी अल्फाज शाह और समीर खान ने आरोप लगाया था कि देवरावेन भलावी सहित अन्य लोगों ने जमीन के मामले में रुपए मांगे और उन पर दबाव बनाया. उनका कहना है कि कुछ लोगों ने नकली लोकायुक्त अधिकारी बनकर कार्यवाही का डर दिखाया. साथ ही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के माध्यम से धरना-प्रदर्शन करने की धमकी भी दी गई .
अधिवक्ता ने क्या बताया ?
मामले में कार्रवाई नहीं होने पर अल्फाज शाह उर्फ गोलू निवासी माल्हनवाड़ा और समीर खान ने न्यायालय में याचिका लगाई थी. इस पर अधिवक्ता रफीक अंसारी ने बताया कि सुनवाई के बाद न्यायालय ने देवरावेन भलावी सहित चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए थे.
ये भी पढ़ेंः कटनी जमीन रजिस्ट्री केस: CSP नेहा पच्चीसिया की FIR रद्द कराने की याचिका खारिज, 11 पॉइंट में समझें पूरा मामला
किन - किन धाराओं में केस
इस मामले में आजाद कुरैशी निवासी बिजौरी, मोहिद खान निवासी गुलाबरा और मुबीन शाह निवासी माल्हनवाड़ा के नाम भी शामिल हैं. न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 318(2), 319(2), 351(3) और 61 के तहत मामला दर्ज कर जांच रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए थे.
पूरे मामले की जांच चल रही
देवरावेन भलावी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रहे हैं. वे अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं. फिलहाल कुंडीपुरा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.
(रिपोर्टः अंकित वाइकर, छिंदवाड़ा)