SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छतरपुर में पत्नी की बेरहमी से हत्या, CCTV में कैद खौफनाक वारदात...पति ने दोस्त संग चाकू से किए 20 वार

मध्य प्रदेश के छतरपुर में पति ने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. करीब 2 मिनट तक चली वारदात CCTV में कैद हो गई. पुलिस ने आरोपी पति और उसके दोस्त को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से गिरफ्तार किया है.

Written By Manish Kushawah
Published: Oct 02, 2026, 11:07 PM IST | Updated: Oct 02, 2026, 11:09 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

मध्य प्रदेश के छतरपुर में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. सिविल लाइन थाना क्षेत्र की अमलतास कॉलोनी के पास पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया. आरोपी ने महिला की छाती पर चढ़कर सिर और गर्दन पर करीब 15-20 वार किए. इसके बाद 5-7 बार लातें मारीं और जमीन पर पटककर घसीटा. गला रेतने की पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 27 वर्षीय ज्योति चौरसिया के रूप में हुई है. वह मूल रूप से महाराजपुर की रहने वाली थी और करीब एक महीने पहले ही अमलतास कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आई थी. ज्योति पास के एक होटल में वेटर का काम करती थी. घटना के बाद आरोपी पति लखन जोशी और उसका दोस्त सोनू कुशवाहा उत्तर प्रदेश भाग गए थे. पुलिस ने दोनों को महोबा जिले के नानोरा गांव से गिरफ्तार कर लिया.

दुकान से लौटते ही हुआ हमला
छतरपुर में सामने आए CCTV फुटेज में ज्योति दुकान से सामान लेकर अपने घर की तरफ जाती दिखाई दे रही है. कुछ दूर पहुंचते ही बाइक सवार दो युवक उसके पास आते हैं. बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरता है. ज्योति पर चाकू से हमला शुरू कर देता है. वह लगातार चाकू से वार करता रहता है. हमले के बाद ज्योति जमीन पर गिर जाती है. लहूलुहान हालत में बचाओ-बचाओ चिल्लाती है. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकलते हैं.

करीब दो मिनट तक चलता रहा हमला
CCTV फुटेज में दूसरा युवक बाइक पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है. इस दौरान एक-दो गाड़ियां भी वहां आकर रुकती हैं, लेकिन कोई भी हमलावर को रोकने के लिए आगे नहीं आता. आरोपी महिला पर लगातार चाकू से वार करता रहता है. ज्योति को जमीन पर पटककर लातें भी मारी गईं. करीब 2 मिनट तक हमला चलता रहा. इसके बाद ज्योति किसी तरह वहां से कुछ दूर जाने की कोशिश करती है, लेकिन गिर जाती है और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई.

घर से सिर्फ 100 मीटर दूर मिली
वारदात वाली जगह से करीब 100 मीटर दूर ज्योति के किराए के घर में उसके दो मासूम बच्चे बंद मिले. घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों बच्चे घर के अंदर थे. पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी. घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद छतरपुर पुलिस ने मामले की जांच तेज की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.

छह साल पहले हुई थी लव मैरिज
परिजनों ने बताया कि ज्योति अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी. उसने करीब 6 साल पहले महाराजपुर के खटीक मोहल्ला निवासी लखन जोशी से भागकर प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए. फिलहाल ज्योति अपने पति से अलग रह रही थी. दोनों के बीच विवाद चल रहा था. परिजनों का कहना है कि ज्योति पहले भी पति के खिलाफ शिकायत कर चुकी थी. उसके पिता हुकुम सिंह चौरसिया के पास करीब 40 से 50 एकड़ कृषि भूमि है.

जमीन को लेकर होता था विवाद
परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही ज्योति और लखन के बीच जमीन को लेकर आए दिन विवाद होता था. इसी वजह से दोनों के रिश्ते में लगातार तनाव बना हुआ था. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में हत्या की वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, लखन हाल ही में जेल से छूटकर आया था. हत्या के बाद वह अपने दोस्त सोनू कुशवाहा के साथ उत्तर प्रदेश भाग गया था, लेकिन पुलिस ने दोनों को महोबा जिले के नानोरा गांव से पकड़ लिया.

FSL टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
ASP आदित्य पटले के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर मकान को सील कर दिया था. FSL की टीम भी मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट समेत दूसरे वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की. जांच के दौरान पति का नाम सामने आया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया. मामले में उसके दोस्त सोनू कुशवाहा को भी गिरफ्तार किया गया है.

कॉलोनी में पुलिस गश्त बढ़ाई गई
ASP आदित्य पटले ने बताया कि अमलतास कॉलोनी नई बसाहट है और यहां घर एक-दूसरे से कुछ दूरी पर बने हुए हैं. इलाके में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग होती है. बीट प्रभारी और थाने के नंबर भी स्थानीय लोगों के साथ साझा किए गए हैं. पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से अपने-अपने घर और आसपास CCTV कैमरे लगवाने की अपील की है. छतरपुर में हुई इस वारदात के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES