40 लाख कर्ज, कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोली... भोपाल में एक परिवार के 5 लोगों की मौत से सनसनी
भोपाल में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत मामले में पुलिस जांच कर रही है. लेकिन पड़ोसियों ने क्या कुछ कहा है, आइए जानते हैं.
भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से सनसनी फैल गई है. सूखी सेवनिया के चोपड़ा कलां रेलवे ट्रैक पर 35 वर्षीय नरेंद्र साहू की लाश मिलने के बाद जब पुलिस उसके घर पहुंची तो अंदर 4 और शव मिले. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इन सभी की गला रेतकर हत्या की गई थी. इस खौफनाक वारदात को घर के मुखिया नरेंद्र साहू ने अंजाम दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक, पहले नरेंद्र ने इन्हें माजा कोल्ड्रिंक में नींद की गोली दी. उसके बाद इनका गला रेतकर और हथौड़े से वार कर मौत के घाट उतार दिया. मृतकों में नरेंद्र की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटा खुश साहू (6) शामिल हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में शक हुआ कि नरेंद्र ने पहले परिवार की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली.
क्या करता था नरेंद्र ?
जांच में यह भी पता चला है कि नरेंद्र पहले टैक्सी और रेस्टोरेंट का काम करता था. व्यापार में भारी नुकसान के चलते उस पर लगभग 40 लाख रुपए का कर्ज हो गया था. एक साल पहले कर्च के चलते उसे खेजड़ी स्थित अपने मकान को बेचना पड़ा था. जिसके कारण वह पिछले एक साल से किराए के मकान में रह रहा था. फिलहाल, वह का कुक का काम कर रहा था, लेकिन पिछले 20 दिन से काम पर भी नहीं जा रहा था.
पड़ोसियों ने क्या कहा?
नरेंद्र के पड़ोंसियों से जब बात की गई तो उन्होने सब कुछ सही बताया. उन्होंने कहा कि पूरे परिवार में कल तक सब कुछ ठीक नजर आ रहा था. बच्चे भी बाहर खेलते रहते थे. उन्होंने यह भी बताया कि 1 साल पहले ही किराए के मकान में रहने के लिए नरेंद्र साहू अपने परिवार के साथ आया था.
ये भी पढ़ेंः VIDEO: डॉक्टर के क्लिनिक में बैठ फोन चला रहा था शख्स, अचानक हाथ में फटा; मची अफरा-तफरी
पुलिस ने क्या कहा है?
पूरे मामले पर पुलिस ने बताया कि कर्ज के दबाव में नरेंद्र ने देर रात यह कदम उठाया है. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मामला भी दर्ज कर लिया है. इसके अलावा, पुलिस ने मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच की जा रही है.
(रिपोर्टः अनिल नागर, भोपाल)